कोरबा। ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स के अंतर्गत कोरबा में डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट चार्टर लीनेस रश्मि अग्रवाल, रीजन ऑफिसर लीनेस भगवती अग्रवाल एवं डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर लीनेस शबाना नाज की आधिकारिक यात्रा गरिमामय समारोह के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न लीनेस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों का सदस्यों द्वारा ढोल-ताशों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना के लिए सदस्यों ने कुछ क्षण मौन धारण किया। लीनेस रेखा केंवट ने लीनेस प्रार्थना प्रस्तुत की, जबकि लीनेस सुमन श्रीवास्तव ने स्वागत गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम में मंचस्थ अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान कोरबा क्लब की अध्यक्ष लीनेस सविता पाठक सहित माधुरी सिंह, हरितिमा, रेखा केंवट (दादर गोल्डन) तथा हेमा शर्मा (कुसमुंडा) ने अतिथियों का अभिनंदन किया। डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रश्मि अग्रवाल एवं रीजन ऑफिसर लीनेस भगवती अग्रवाल ने सभी क्लबों के सेवा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने क्लबों के स्क्रैपबुक, एल्बम एवं रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सेवा गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने और सभी सदस्यों के साथ मिलकर समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सभी क्लबों के अध्यक्षों ने मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कोरबा क्लब की संरक्षिका PDP चित्रलेखा चंदेल, PDP उषा अरोरा, रीजन ऑफिसर भगवती अग्रवाल, रीजन एडवाइजर ममता रानी वासन, रीजन सचिव अनीमा प्रसाद, एरिया ऑफिसर गीता श्रीवास, एरिया ऑफिसर लीनेस सुमन श्रीवास्तव सहित चारों क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ममता रानी वासन एवं अनीमा प्रसाद ने किया। आधिकारिक यात्रा के दौरान अतिथियों ने क्लबों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली और भविष्य में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी सदस्यों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।
कोरबा। 13 नवम्बर से नहाय-खाए के साथ पूर्वांचल वासियों का महापर्व सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) प्रारंभ हुआ और 14 नवम्बर को जगह-जगह पूर्वांचल वासियों ने खरना प्रसाद बनाया और वितरित कर पुण्य लाभ लिया। 15 नवम्बर को संध्याकालीन बेला पर पूर्वांचलवासी हसदेव नदी, तालाबों, पोखरियों एवं नहर में बने छठ घाट पहुंचेंगे और डूबते सूरज को अर्ध्य देंगे।
महापौर निवास में सामूहिक खरना प्रसाद का वितरण किया गया
श्रीमती डॉ. मनीषा सिंह ने घर में खरना प्रसाद सपरिवार बनाया और लोगों को आमंत्रित कर खरना प्रसाद का वितरण किया
छठ पूजा का उल्लास: हर घर रंगोली 14 नवम्बर को छठ महापर्व के दूसरे दिन महापौर निवास में सामूहिक खरना प्रसाद का वितरण किया गया, जहां पर हजारों की संख्या में पूर्वांचलवासी, भाजपा नेता, पत्रकारगण, बुद्धिजीवी वर्ग सहित क्षेत्र के लोग पहुंचे और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। पूर्वांचल विकास समिति के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रमा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, ननका उर्फ विजय सिंह राजपूत सहित पूरा परिवार ने उपस्थित अतिथियों को अपने हाथों से खरना प्रसाद का वितरण किया। चंद्रमा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने उपस्थित अतिथियों को छठ महापर्व की शभकामनाएं दीं। चंद्रमा सिंह राजपूत ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठी मैय्या जीवंत देवी हैं और उनकी उपासना से दम्पत्ति को संतान प्राप्ति और व्रतियों को सुख समृद्धि के साथ जीवन को खुशहाल बनाती हैं। उन्होंने कोरबावासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। श्री राजपूत ने सैकड़ों लोगों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर खरना प्रसाद प्राप्ति के लिए आमंत्रित किया था।
कोरबा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आयुर्वेद सदन:पंचकर्म चिकित्सालय की डायरेक्टर पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ, राजपूत क्षत्रीय समाज महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्वांचल विकास समिति की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती डॉ. मनीषा सिंह ने घर में खरना प्रसाद सपरिवार बनाया और लोगों को आमंत्रित कर खरना प्रसाद का वितरण किया। उपस्थित जनों को डॉ. श्रीमती मनीषा सिंह, इंजीनियर कन्हैया सिंह ने छठ पूजा पर सभी को शुभकामनाएं दी।
डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि छठ माता की पूजा, उपासना एवं व्रत करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, बालको सीईओ आर के सिंह, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष अवधेश सिंह, पूर्वांचल सर्वसमाज के सचिव लायन अरविन्द शर्मा ने भी सभी व्रतियों सहित जिलेवासियों को छठ पूजा की बधाई दी है और कोरबा जिले की समृद्धि एवं सुख-शांति के लिए मंगलकामना की है।
बिलासपुर/कोरबा। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम के अंतर्गत ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करना था।
शिविर के दौरान कुल 332 कर्मचारियों की ब्लड शुगर एवं अन्य प्रमुख स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी–परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ ने सक्रिय सहभागिता की। उनकी सहभागिता ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा बीमारियों से बचाव के लिए नियमित जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया।
चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहे। उन्होंने मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों एवं समय पर चिकित्सा परामर्श के महत्व पर जोर दिया।
इस पहल ने जागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।
बालकोनगर, 14 नवंबर 2026। बच्चों के बेहतर बचपन और स्वस्थ भविष्य की नींव प्रारंभिक शिक्षा, उचित पोषण और सकारात्मक परिवेश से तैयार होती है। इसी दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) छत्तीसगढ़ में अपने 111 नंद घरों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा दे रहा है। खेल-आधारित शिक्षा, पोषण जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के जरिए ये केंद्र ग्रामीण समुदाय में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
नंद घरों में बच्चों को रचनात्मक और खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से अक्षर पहचान, अंग्रेजी के सामान्य शब्द और गिनती जैसी बुनियादी शिक्षा दी जाती है। साथ ही, पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता संबंधी जागरूकता के माध्यम से उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित किया जाता है। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूक किया जाता है।
दोंद्रो निवासी निशा यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, “मेरा बेटा भी नंद घर में पढ़ाई करता है। यहां वह बहुत अच्छी तरह नई-नई चीजें सीख रहा है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब वह सुबह खुद उठकर नंद घर जाने के लिए उत्साहित रहता है। यहां उसे दूसरे बच्चों के साथ खेलने, सीखने और घुलने-मिलने का अवसर मिलता है। साथ ही, उसे पौष्टिक भोजन भी दिया जाता है, जिससे उसकी अच्छी आदतों का विकास हो रहा है। मैं सभी माताओं से कहना चाहूंगी कि वे भी अपने बच्चों को नंद घर जरूर भेजें, ताकि उन्हें पढ़ाई, खेल और बेहतर पोषण के साथ आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिल सके।”
शासकीय प्राथमिक पाठशाला में सहायक शिक्षिका ममता चौहान ने नंद घर की सराहना करते हुए कहा, “वेदांता की नंद घर पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। नंद घर के माध्यम से बच्चों में समझने, सीखने और नई चीजों को अपनाने की क्षमता विकसित हो रही है। बच्चे यहां रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के शब्द, वर्णमाला और गिनती जैसी बुनियादी चीजें सीख रहे हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव बच्चों की स्कूल जाने की तैयारी और सीखने के प्रति उनकी रुचि में भी दिखाई देता है। शासन की शिक्षा संबंधी पहल को भी इससे मजबूती मिल रही है। नंद घर बच्चों की शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”
पोषण विशेषज्ञ अंजू यादव ने कहा, “बच्चों का स्वस्थ विकास और महिलाओं का बेहतर स्वास्थ्य एक सशक्त समाज की नींव है। इस दिशा में बालको द्वारा नंद घरों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल बेहद सराहनीय है। नंद घर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामुदायिक सशक्तीकरण के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। टेक-होम राशन (टीएचआर) के पोषण लाभ और उससे घर पर पौष्टिक आहार तैयार करने के तरीके बताना भी उपयोगी पहल है। कुपोषण से लड़ाई में सही जानकारी और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी हैं। बालको की यह पहल माताओं को जागरूक बनाने और परिवारों में बेहतर पोषण आदतें विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह स्वस्थ मातृत्व, सुपोषित बचपन और बेहतर भविष्य की दिशा में सराहनीय प्रयास है।”
बालको के 111 नंद घरों के माध्यम से अब तक 7,000 से अधिक बच्चों और माताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रारंभिक शिक्षा, पौष्टिक आहार और पोषण जागरूकता के जरिए यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा दे रही है। रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने और परिवारों में बेहतर पोषण आदतों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। बालको का यह प्रयास सुपोषित बचपन और शिक्षित पीढ़ी के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।