नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर एशियन गेम्स मेंस हॉकी के फाइनल में जगह बना ली है। अभिषेक ने मैच के आखिरी मिनट में गोल कर भारत को जीत दिलाई।
गोल्ड मेडल के लिए 3 अक्टूबर को भारत का सामना कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
मैच के बाद हाथ मिलाते भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी। एशियन गेम्स के प्रोटोकॉल के तहत मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों का हाथ मिलना जरूरी।
23 मिनट में ही 3-0 से आगे हो गया था भारत
भारत ने मैच के 23वें मिनट तक 3-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद पाकिस्तान ने अगले 26 मिनट में तीन गोल कर मैच 3-3 से बराकर कर दिया। 59 मिनट तक मैच बराबरी पर था। फाइनल हूटर बजने से करीब 50 सेकेंड पहले अभिषेक ने फील्ड गोल कर भारत को जीत दिला दी।
भारत मेडल टैली में 8वें स्थान पर
जापान के नागोया में चल रहे गेम्स के 12वें दिन भारत मेडल टैली में 8वें स्थान पर है। उसके पास 64 मेडल हो गए हैं। इनमें 10 गोल्ड, 22 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
नीतेश को ग्रीको रोमन रेसलिंग में सिल्वर, जापानी पहलवान से हारे
भारत के नीतेश सिवाच ने पुरुषों के 97 किग्रा ग्रीको-रोमन वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। उन्हें जापान के यूरी नाकाजातो ने फाइनल में 4-0 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया।
नाकाजातो ने मुकाबले में 4-0 की बढ़त बनाई। नीतेश ने पिन से बचाव किया, लेकिन जापानी पहलवान ने उन्हें वापसी का मौका नहीं दिया। नाकाजातो ने मैच की रफ्तार अपने नियंत्रण में रखी और गोल्ड जीता।
इसी के साथ ग्रीको-रोमन रेसलिंग में एशियन गेम्स गोल्ड के लिए भारत का इंतजार जारी रहा।
भारत ने सेपकटकरा में मेडल पक्का किया
भारत ने एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्वाड्रेंट सेपकटकरा इवेंट में मेडल पक्का कर लिया है। भारत ने आखिरी ग्रुप मैच में म्यांमार को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम इंडिया ने ग्रुप के तीनों मैच जीते और अजेय रहते हुए ग्रुप में टॉप किया।
इस जीत के साथ भारत का एशियन गेम्स में सेपकटकरा के मेंस क्वाड्रेंट इवेंट में पदक तय हो गया है। भारत अब सेमीफाइनल में खेलेगा।
भारत एशियन गेम्स क्रिकेट के फाइनल में पहुंचा
भारत ने एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169/7 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 45 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। श्रीलंका की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 45 रन पर सिमट गई।
अब फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगी।
अनिश भानवाला 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में 7वें स्थान पर बाहर
एशियन गेम्स 2026 के मेंस 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल में भारत के अनिश भानवाला 7वें स्थान पर रहे। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत का शूटिंग अभियान खत्म हो गया।
अनिश ने एक और सीरीज में 5 में से 4 हिट किए। उनके कुल 15 शॉट में 11 हिट रहे। इस स्कोर के साथ वे उस समय तीसरे स्थान के लिए बराबरी पर थे।
हालांकि, टाई होने पर क्वालिफिकेशन का स्कोर देखा गया। क्वालिफिकेशन में अनिश का स्कोर कम होने के कारण वे टाई-ब्रेकर में पीछे रह गए और 7वें स्थान पर रहे।
कयाकिंग: सिखा चौहान 7वें स्थान पर रहीं
भारत की सिखा चौहान महिलाओं के कयाकिंग इवेंट में 7वें स्थान पर रहीं। उन्होंने 14:03:00 मिनट की टाइमिंग के साथ 193.31 अंक हासिल किए। मेजबान जापान पहले, चीन दूसरे और कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा।
गणेश मणि रत्नम ने ब्रॉन्ज जीता, तीरंदाजी में चौथा मेडल आया
भारत के गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने पुरुषों के कंपाउंड इंडिविजुअल के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में वियतनाम के कोंग डुक डांग को 149-144 से हराया। यह एशियन गेम्स में उनका दूसरा मेडल है।
एशियाड के इस एडिशन में तीरंदाजों ने भारत को चौथा मेडल दिलाया है। एक दिन पहले 3 गोल्ड आए थे। हालांकि, पिछले एशियन गेम्स के 5 गोल्ड से कम है।
ब्रॉन्ज मेडल मैच में निशाना लगाते गणेश।
टेनिस: सुमित नागल क्वार्टर फाइनल में हारे, भारत को 40 साल में पहली बार मेडल नहीं
भारत के सुमित नागल पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में चीन के वू यिबिंग से 4-6, 4-6 से हार गए। इस हार के साथ एशियन गेम्स में भारत का टेनिस अभियान बिना मेडल के खत्म हो गया।
एशियन गेम्स में करीब 40 साल बाद ऐसा हुआ है, जब भारत टेनिस में कोई मेडल नहीं जीत सका। इससे पहले कुछ भारतीय सिंगल्स खिलाड़ियों की एंट्री को लेकर हुआ विवाद भी चर्चा में रहा था।
जूडो: इनुंगनबी क्वार्टर फाइनल हारीं, डिफॉल्ट जीत से ब्रॉन्ज मुकाबले में पहुंचीं
भारत की इनुंगनबी टाखेल्लंबम को महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उत्तर कोरिया की मुन सोंग-हुई ने हरा दिया। मुन ने करीब डेढ़ मिनट बाद वाजा-आरी स्कोर किया। इसके करीब 3 मिनट बाद उन्होंने दूसरा वाजा-आरी हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इसके बाद इनुंगनबी को रेपेचेज में चीन की जिंग तांग से खेलना था, लेकिन तांग मुकाबले के लिए नहीं आईं। ऐसे में इनुंगनबी को फुसेन-गाची के तहत जीत मिली और वे ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में पहुंच गईं। ब्रॉन्ज मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से होगा।
शूटिंग: अनिश भनवाला 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के फाइनल में
भारत के अनिश भनवाला ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के फाइनल में जगह बना ली है। वे क्वालिफिकेशन में 576 अंक के साथ 9वें स्थान पर रहे थे। उनकी आखिरी सीरीज में 94 अंक आए।
दक्षिण कोरिया के तीन निशानेबाज टॉप-8 में रहे, लेकिन एक देश से अधिकतम दो निशानेबाज ही फाइनल में जगह बना सकते हैं। इसी वजह से अनिश को फाइनल में खेलने का मौका मिला। भारत की शूटिंग का यह आखिरी इवेंट है। फाइनल दोपहर 12 बजे होगा।
कुश्ती: नीतेश फाइनल में पहुंचे, भारत का पहला मेडल पक्का
भारत के नीतेश सिवाच ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने हांगझोउ एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मंगोलिया के गंखुयाग गनबातार को 9-0 से हराया। इस जीत के साथ नीतेश ने फाइनल में जगह बना ली। इसी के साथ भारत का 2026 एशियन गेम्स में कुश्ती का पहला मेडल पक्का हो गया। नीतेश ने इसी साल एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। फाइनल में उनका सामना ईरान के मेहदी बालिहामजेहदेह या जापान के यूरी नाकाजातो से होगा। फाइनल आज बाद में खेला जाएगा।
कुश्ती: मानसी सेमीफाइनल में हारीं, अब ब्रॉन्ज के लिए खेलेंगी
भारत की मानसी अहलावत महिला 62 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जापान की दो बार की वर्ल्ड चैंपियन नोनोका ओजाकी से 0-6 से हार गईं।
ओजाकी ने शुरुआत में टेकडाउन से 2 अंक लिए और फिर एक और टेकडाउन से बढ़त 4-0 कर दी। उन्होंने दूसरे पीरियड में भी मानसी को अंक नहीं दिया। बाद में एक और टेकडाउन से स्कोर 6-0 कर दिया। मानसी अब रेपेचेज में खेलेंगी। यहां जीतने पर वे ब्रॉन्ज के लिए मैच करेंगी।
स्क्वॉश: अनाहत सिंह हारीं, तन्वी ने भारत की वापसी कराई
तन्वी खन्ना ने स्क्वॉश महिला टीम इवेंट के सेमीफाइनल में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भारत की वापसी कराई। उन्होंने वर्ल्ड नंबर-33 ली का यी को 3-1 से हराया। उनकी जीत से भारत ने 1-1 की बराबरी हासिल की।
तन्वी ने पहला गेम 4-11 से गंवाने के बाद वापसी की। उन्होंने अगले तीन गेम 13-11, 11-9, 13-11 से जीते। इससे पहले चान सिन युक ने अनाहत सिंह को में 3-2 से हराया। स्कोर 11-9, 11-8, 6-11, 11-13, 10-12 रहा।
अब निर्णायक मुकाबला अनुभवी जोशना चिनप्पा खेलेंगी। इस मैच के नतीजे से भारत और हॉन्ग कॉन्ग में सेमीफाइनल का विजेता तय होगा।
कुश्ती: नीतेश ने क्वार्टर फाइनल जीता, सेमीफाइनल पहुंचे
भारत के नीतेश ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में तुर्कमेनिस्तान के अमानबर्दी अगामम्मेदोव को 7-1 से हराया। नितेश ने पहले पीरियड में ही 7-0 की बढ़त बना ली थी।
सेमीफाइनल में नितेश का सामना मंगोलिया के गंखुयाग गनबातार या दक्षिण कोरिया के ली मिन-हो से होगा। गंखुयाग हांगझोउ एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं।
जूडो: यामिनी मौर्य क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
भारतीय की जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य ने महिला 57 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टरफाइनल में कतर की फतेना बु-काहूस को इप्पोन से हराया।
इस जीत के साथ उन्होंने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। अब यामिनी का सामना मंगोलिया की अरियुंजाया तेरबिश से होगा। मुकाबला अगले एक घंटे में होगा।
माउंट माउंगानुई, एजेंसी। भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-1 से जीत ली। इसके साथ भारत ने न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने के मामले में पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया।
इस सीरीज में भारत ने दो और बड़े रिकॉर्ड बनाए। न्यूजीलैंड का अपने घर में लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का सिलसिला तोड़ा और 7 साल बाद उसे घरेलू सीरीज में हराया। वहीं, गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ने पहली बार विदेशी जमीन पर वनडे सीरीज जीती।
न्यूजीलैंड में भारत 17 वनडे जीते
भारत ने न्यूजीलैंड में अब तक 17 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान के नाम 15 जीत हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया 31 जीत के साथ सबसे आगे है।
न्यूजीलैंड में 7 साल बाद सीरीज जीता भारत
भारत ने न्यूजीलैंड में आखिरी बार 2019 में वनडे सीरीज जीती थी। तब टीम ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद 2020 में भारत को 3-0 और 2022 में 1-0 से हार मिली।
गंभीर की कोचिंग में पहली विदेशी वनडे सीरीज जीती
गौतम गंभीर को 9 जुलाई 2024 को भारत का हेड कोच बनाया गया था। उनकी कोचिंग में भारत ने पहली बार विदेश में वनडे सीरीज जीती है। न्यूजीलैंड दौरे से पहले गंभीर की कोचिंग में भारत ने तीन विदेशी द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली थीं। तीनों में टीम को हार मिली थी।
श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान पहला वनडे जीता। पिछले मैच में उनकी वनडे कप्तानी का डेब्यू हुआ था। इस मैच में भारत को उसके वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार मिली थी। टीम इंडिया 244 रन से हार गई थी।
सचिन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके कोहली और रोहित
न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 22 मैचों में 821 रन बनाए हैं।
विराट कोहली 18 मैचों में 682 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वे सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने से 139 रन दूर रह गए। रोहित शर्मा 19 मैचों में 467 रन ही बना सके।
कोहली के नाम भारत के लिए सबसे ज्यादा 20 वनडे डक
विराट कोहली वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने के मामले में सचिन तेंदुलकर के साथ पहले नंबर पर हैं। दोनों के नाम 20-20 डक हैं।
नंबर-11 पर अर्शदीप के 2 छक्के, वेंकटेश प्रसाद और शमी की बराबरी
अर्शदीप सिंह ने भारत की पारी के आखिरी ओवरों में 4 गेंदों पर 14 रन बनाए। उन्होंने 2 छक्के लगाए। इसके साथ ही वनडे में भारत के नंबर-11 बल्लेबाज के तौर पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची में वह संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए। इस रिकॉर्ड में उन्होंने वेंकटेश प्रसाद और मोहम्मद शमी की बराबरी की।
भारत के मिडिल ऑर्डर का विदेश में औसत 24.64
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद भारत के नंबर 4 से 7 के बल्लेबाजों का प्रदर्शन घरेलू और विदेशी मैचों में अलग रहा है। घरेलू मैचों में इस क्रम के बल्लेबाजों का औसत 47.75 है, जबकि विदेश में यह घटकर 24.64 रह गया।
कोहली ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का कैच छोड़ा
न्यूजीलैंड की पारी के 19वें ओवर में विराट कोहली ने दूसरी स्लिप में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का कैच छोड़ दिया। अर्शदीप सिंह की गेंद पर फॉक्सक्रॉफ्ट के बल्ले का बाहरी किनारा लगा। गेंद कोहली के पास गई, लेकिन वे दोनों हाथों से कैच नहीं पकड़ सके।
कोहली ने सेकेंड स्लिप में कैच छोड़ा।
यश ठाकुर की जगह कोहली ने बाउंड्री पर फील्डिंग की
बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे यश ठाकुर की जगह विराट कोहली खुद वहां पहुंच गए। इसके बाद दर्शकों का ध्यान कोहली पर चला गया। वे बाउंड्री पर जिस तरफ भी फील्डिंग करने जाते, स्टैंड में मौजूद दर्शक भी उनके पीछे-पीछे उसी ओर पहुंचने लगते। यह कोहली और रोहित का न्यूजीलैंड में आखिरी मैच हो सकता है।
कोहली के पीछे खड़े भारतीय फैंस।
डेब्यू मैच में यश ठाकुर को पहला वनडे विकेट
यश ठाकुर ने इस मैच से वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्हें अक्षर पटेल ने डेब्यू कैप दी। यश ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड कर अपना पहला वनडे विकेट लिया। उन्होंने 10 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
यश ठाकुर को अक्षर पटेल ने डेब्यू कैप दी।
अक्षर ने टिकनर को स्टंप कराया
49वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर पटेल ने ब्लेयर टिकनर को स्टंप करा दिया। ईशान किशन ने विकेट के पीछे तेजी से बेल्स हटाईं। न्यूजीलैंड 187 रन पर ऑलआउट हो गया और भारत ने 22 रन से मैच जीत लिया।
अक्षर विकेट लेने के बड़ा कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ सेलिब्रेट करते हुए।
चंडीगढ़, एजेंसी। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मॉडल गर्लफ्रेंड समरीन कौर से सगाई कर ली है। अर्शदीप समरीन को घुटने पर बैठकर प्रपोज करते दिखे। समरीन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें शेयर कीं, जो वायरल हो रही हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि जिंदगी ने उन्हें एक-दूसरे का साथ दिया है और अब वे पूरी जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं। समरीन ने बुधवार दोपहर करीब 4:22 बजे ये तस्वीरें शेयर कीं। क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने भी दोनों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘बधाई हो, भगवान आप दोनों को हमेशा खुश रखे।’
अर्शदीप सिंह और समरीन की सगाई की तस्वीरें…
अर्शदीप सिंह घुटनों पर बैठकर समरीन कौर को सगाई की अंगूठी पहनाते हुए।
रिंग पहनाने के बाद अर्शदीप और समरीन ने एक-दूसरे को गले लगाया।
सगाई की रिंग दिखातीं समरीन कौर और खुशी जाहिर करते अर्शदीप सिंह।
अर्शदीप सिंह के साथ रिंग दिखातीं समरीन कौर।
ये रिंग अर्शदीप सिंह ने समरीन कौर को पहनाई।
अर्शदीप-समरीन की लव स्टोरी के बारे में जानिए…
अप्रैल में स्नैपचैट की फोटो से शुरू हुई चर्चा: अप्रैल 2026 में अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक लड़की का हाथ पकड़े फोटो शेयर की। चेहरा नहीं दिखा, लेकिन फैंस ने हाथ पर बने टैटू और नेल आर्ट को नोटिस कर लिया। इसकी तुलना समरीन की तस्वीरों से की गई और यहीं से दोनों के रिश्ते की चर्चा शुरू हुई।
IPL में अर्शदीप को चीयर करती दिखीं: IPL 2026 के दौरान समरीन कई बार पंजाब किंग्स के मैच देखने पहुंचीं। उन्हें न्यू चंडीगढ़ और मुंबई के स्टेडियम में वीआईपी स्टैंड से अर्शदीप को चीयर करते देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गईं।
धर्मशाला और एयरपोर्ट पर साथ हुए स्पॉट: मई महीने में IPL के दौरान दोनों का धर्मशाला की सड़कों पर हाथों में हाथ डालकर घूमने का वीडियो वायरल हुआ। इस दौरान भी फैंस ने उनसे इसके बारे में पूछा लेकिन दोनों ने कोई जवाब नहीं दिया था। इसी दौरान उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया।
गुरुद्वारे पहुंचे, फिर उड़ी ब्रेकअप की अफवाह: जून में दोनों पंजाब के एक गुरुद्वारे में साथ मत्था टेकने पहुंचे। इसके कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने की चर्चा चली और ब्रेकअप की अफवाहें उड़ीं। हालांकि इसकी कभी पुष्टि नहीं हुई।
‘My Person’ लिखकर रिश्ता किया ऑफिशियल: इसके बाद अर्शदीप ने समरीन के साथ दो तस्वीरें शेयर करते हुए ‘My Person’ लिखा। इसके साथ ही पिछले तीन महीने से चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया। अब दोनों ने सगाई कर ली।
अर्शदीप सिंह ने यह फोटो समरीन कौर के साथ दिवाली (8 नवंबर) के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी।
IPL 2027 से पहले हार्दिक-अर्शदीप का ट्रेड अर्शदीप सिंह हाल ही में हुए ट्रेड की वजह से सुर्खियों में हैं। IPL 2027 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा ट्रेड हुआ। जिसमें पंजाब ने अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई को दिया है। उनकी जगह पर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स से जुड़े हैं। IPL की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हार्दिक की फीस ₹16.35 करोड़ से बढ़कर ₹18 करोड़ हो गई है। अर्शदीप ₹18 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही मुंबई से जुड़े हैं।
अर्शदीप सिंह की मंगेतर की तस्वीरें…
समरीन के इंस्टाग्राम पर करीब 44 लाख फॉलोअर्स हैं।- फाइल फोटो
समरीन सोशल मीडिया पर फैशन, ट्रैवल, फिटनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ा कंटेंट शेयर करती रहती हैं।- फाइल फोटो
मॉडलिंग के बाद समरीन कौर ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा।- फाइल फोटो
वेलिंगटन, एजेंसी। बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम से 4 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
वेलिंगटन में बारिश के कारण मुकाबला 47 ओवर का कर दिया गया था। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। भारत के लिए गुरनूर बरार ने 30 रन देकर 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
135 रन का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन बनाए थे, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इस समय DLS के तहत भारत का पार स्कोर 109 रन था। टीम इससे 4 रन आगे थी और इसी आधार पर जीत मिली। श्रेयस अय्यर ने 30, केएल राहुल ने नाबाद 26 और रोहित शर्मा ने 23 रन बनाए।
भारत ने 4 रन से जीता मुकाबला
वेलिंगटन में बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला रद्द हो गया। भारत ने DLS मेथड से 4 रन से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन पर ऑलआउट हो गई थी। बारिश के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बारिश की वजह से भारत ने 26 ओवर की बल्लेबाजी की और मैच जीत लिया।