विकसित भारत के संकल्प को लेकर कोरबा भाजपा ने हजारों की संख्या में निकाली सेवा ज्योति मशाल यात्रा
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में भव्य सेवा ज्योति यात्रा, हजारों कार्यकर्ताओं ने मशाल थामकर दिया सेवा, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का संदेश
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कोरबा में विकसित भारत संकल्प सभा एवं भव्य सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच एवं हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मशाल और मन में विकसित भारत का संकल्प लिए कार्यकर्ताओं ने शहर में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश बुलंद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे घंटाघर मैदान में हुई। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेवा ज्योति यात्रा के प्रज्वलन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके पश्चात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सामूहिक रूप से प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सुना।
इसके बाद घंटाघर मैदान से सुभाष चौक तक भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशालों की रोशनी, राष्ट्रभक्ति के नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से पूरा मार्ग गूंज उठा। हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता वाली इस यात्रा ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान को जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया।
मोदी के विजन से अंतिम व्यक्ति तक पहुंची विकास की रोशनी : लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भारत ने वैश्विक पटल पर जिस मजबूती और प्रभावशाली पहचान के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, वह प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प देश के सामने रखा है, उसे पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन देश के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यही प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।
2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं निर्णायक भूमिका : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप दिया है। घंटाघर स्थित अंबेडकर मैदान में जिलेभर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पंच-सरपंच एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को लेकर देश के युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया है। हमारे दादा-दादी और नाना-नानी ने अपने जीवन में जिन कठिन परिस्थितियों और संघर्षों का सामना किया, आने वाली पीढ़ियों को उन परिस्थितियों से न गुजरना पड़े, इसके लिए आज की युवा शक्ति को विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना होगा।
गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है। भारत ने पिछले वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अब हमारा दायित्व है कि विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से साकार करें। उन्होंने कहा कि आज कोरबा के हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे जनप्रतिनिधि, तभी साकार होगा विकसित भारत : कृष्णकांत चन्द्रा
भाजपा जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का विचार था कि यदि गरीब का बच्चा विधायक बन सकता है, तो विधायक को भी गरीबों के बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। जब जनप्रतिनिधि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे, तभी देश सही मायने में आगे बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि इसी सोच और विचारधारा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन का नया मॉडल देश के सामने प्रस्तुत किया है। इसी मॉडल के आधार पर भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। आज भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग एवं जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा मंचस्थ रहे, जिला महामंत्री संजय शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, लक्की नंदा, रूक्मणी नायर, रेणुका राठिया, सतीश झा, अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अजय दुबे, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, मनोज राठौर, डॉ. विजय राठौर, कुलसिंह कंवर, प्रिती स्वर्णकार, वैभव शर्मा, राजेश लहरे, विकास अग्रवाल एवं रामनारायण सराफ सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा ज्योति यात्रा बनी विकसित भारत के संकल्प की साक्षी
घंटाघर से सुभाष चौक तक निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा ने कोरबा में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान की प्रभावी तस्वीर प्रस्तुत की। मशालों की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने सेवा, संकल्प, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यात्रा ने यह संदेश भी दिया कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक भागीदारी का संकल्प है।
कोरबा। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने सकारात्मक पहल की है। कोरबा पॉवर लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत आसपास के 15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इनमें 9 प्राथमिक, 4 माध्यमिक तथा 2 हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। अदाणी फाउंडेशन की ओर से बेंगचुल, दर्रानहठा, पथाडी, खोदडेल, न्यू पहंदा, ओल्ड पहंदा, रिसदिहापारा, सरगबुंदिया और धंधानी गांवों के विद्यालयों को विभिन्न प्रकार की सामग्री दी गई। इसमें सफेद एवं हरे रंग के दोहरे बोर्ड, बोर्ड मार्कर, चॉक, कक्षा घड़ियां और प्रार्थना सभा सहित विद्यालयीन आयोजनों के लिए ध्वनि यंत्र शामिल हैं। विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ेदान भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को बैग, ज्यामिति बॉक्स और कॉपियों का एक-एक सेट स्कूल किट के रूप में दिया गया। इस तरह कुल 172 विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरित की गई।
खेल और मनोरंजक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उनमें खेल भावना विकसित करने के लिए सभी 15 विद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री प्रदान की गई। हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट बैट और गेंद, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, कैरम बोर्ड तथा शतरंज के सेट दिए गए। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप विशेष खेल सामग्री दी गई। इसमें नरम फुटबॉल, रस्सी कूद, हुला हूप, सॉफ्ट कोन, छोटे कैरम बोर्ड, लूडो, रिंग टॉस और मिनी क्रिकेट सेट शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए सांप-सीढ़ी, शतरंज, स्मृति कार्ड, चित्र कार्ड और विभिन्न प्रकार की पहेलियां भी उपलब्ध कराई गईं।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
दीपावली के अवसर पर मिले इस सहयोग की विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि नई सामग्री से कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले किए गए सहयोगात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए फाउंडेशन और उसकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल शासकीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने, खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कोरबा। अकवान तूफान के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला जनवरी तक के लिए टाल दिया गया है। पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज एक आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में रखा गया। चक्रवाती अकवान तूफान के कारण दो दिनों की बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण दर्री बराज का गेट खोला गया।
दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड, इंदिरा नगर के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है , नदी घाट पर कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुन्नी मेला आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए पुन्नी मेला को 24 नवंबर के स्थान पर जनवरी माह में मकर संक्रान्ति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया है। कोरबा में पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के द्वारा भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा था लेकिन चक्रवर्ती तूफान ने आयोजन की तैयारियां पर पानी फेर दिया है। आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित आयोजन समिति के सदस्यों भव्य तैयारी के साथ मकर संक्रान्ति के अवसर पर पुन्नी मेला आयोजित करने की जानकारी दिया है।
बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।
अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम
बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।
रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।
इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।