Connect with us

कोरबा

जंगल-पहाड़ के गांवों तक पहुंची शिक्षा की नई रोशनी

Published

on

युक्तियुक्तकरण से दूरस्थ विद्यालयों में नियमित शिक्षक, आदिवासी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर
कोरबा 13 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस हमें आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, साहस और ज्ञान-संस्कृति का स्मरण कराता है। यह दिन उस संकल्प को भी दोहराने का अवसर है कि विकास की हर धारा दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय बस्तियों तक पहुंचे। शिक्षा इस दिशा में सबसे मजबूत आधार हैकृक्योंकि विद्यालय में नियमित पढ़ाई, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से बच्चों के लिए अपने सपनों को साकार करने के रास्ते खुलते हैं।
कोरबा छत्तीसगढ़ का आदिवासी बहुल और अनुसूचित जिला है। यहां के स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 73 से 75 प्रतिशत विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति परिवारों से आते हैं। इनमें बड़ी संख्या उन बच्चों की है, जो जंगलों और दूरस्थ गांवों में रहते हैं। जिले में 1,739 प्राथमिक और माध्यमिक के साथ हाई स्कूल और हायर सेकंडरी विद्यालय भी संचालित हैं। ऐसे में प्रत्येक स्कूल में नियमित कक्षाएं और पर्याप्त शिक्षक होना बच्चों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में लागू शिक्षक युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के बाद कोरबा जिले में भी वर्षों से शिक्षकविहीन या शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना की गई। अतिशेष शिक्षकों को जरूरत वाले स्कूलों में भेजने से दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को नियमित शिक्षक मिलने लगे हैं। पिछले दो वर्षों में इस व्यवस्था के तहत जिन विद्यालयों में शिक्षक पदस्थ हुए हैं, वहां नियमित कक्षाएं लग रही हैं और पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ है। जिले में लगभग 500 शिक्षकों को शिक्षकविहीन, एकल शिक्षकीय और द्विशिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ किया गया है।

पंडोपारा में बच्चों को मिले नए गुरुजी

शहर से करीब सौ किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे पंडोपारा में पंडो जनजाति के बच्चे पहले नियमित रूप से स्कूल तो जाते थे, लेकिन एकमात्र शिक्षक होने से सभी कक्षाओं पर पर्याप्त ध्यान देना कठिन होता था। अब विद्यालय में दो शिक्षक होने से बच्चों को पढ़ाई का बेहतर अवसर मिल रहा है।
गांव के मंगल सिंह पंडो बताते हैं कि दो शिक्षक होने से अब किसी बच्चे को खाली नहीं बैठना पड़ेगा और सभी कक्षाओं की पढ़ाई हो सकेगी। कक्षा चौथी के जगदेश्वर पंडो, तीसरी के राजेन्द्र और दूसरी के मुकेश को भी खुशी है कि उनके विद्यालय में नए गुरुजी पढ़ाने आ रहे हैं। गांव के बच्चों के लिए यह बदलाव स्कूल में नियमित पढ़ाई के साथ अपने भविष्य के सपनों को आगे बढ़ाने का अवसर है।

सांचरबहार में नियमित शिक्षक से जगी उम्मीद

कोरबा विकासखंड का सुदूरवर्ती ग्राम सांचरबहार, ग्राम पंचायत नकिया का आश्रित गांव है। यहां लंबे समय तक विद्यालय में नियमित शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती रही। पहले आसपास के विद्यालयों से शिक्षक भेजकर काम चलाया जाता था। युक्तियुक्तकरण के बाद यहां सहायक शिक्षक शेखरजीत टंडन की पदस्थापना हुई है। विद्यालय में 11 बच्चे दर्ज हैं।
गांव की मैसो बाई कहती हैं कि अब उनके नाती-नातिन रिया और आशीष नियमित शिक्षक की देखरेख में पढ़ पाएंगे। राजकुमारी बाई के बेटे प्रमेन्द्र के लिए भी स्कूल में नियमित शिक्षक की उपलब्धता राहत लेकर आई है। श्री टंडन के लिए भी सांचरबहार के बच्चों को पढ़ाना उनके भविष्य निर्माण में योगदान देने का अवसर है।

वनांचल के विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक

करतला विकासखंड के वनांचल गांव तिलईडबरा के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में युक्तियुक्तकरण के तहत शिक्षिका श्रीमती संगीता कंवर की पदस्थापना हुई है। उनके आने से विद्यालय में नियमित कक्षाएं शुरू हुई हैं। पढ़ाई के साथ बच्चों को नैतिक मूल्यों की सीख भी मिल रही है और उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ी है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के मांचाडोली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जीवविज्ञान की शिक्षिका श्रीमती राजमणि टोप्पो की पदस्थापना से विद्यार्थियों को विषय की बेहतर समझ मिल रही है। कक्षा 12वीं के छात्र दीक्षांत दास मानिकपुरी बताते हैं कि पहले कोशिका, डीएनए, आरएनए और हार्माेन जैसे विषयों को समझने में कठिनाई होती थी। अब शरीर की बनावट और उसके अंगों के कार्यों के साथ पादप, जंतु और सूक्ष्मजीवों की संरचना को समझना आसान हुआ है। विषय विशेषज्ञ शिक्षिका के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में डॉक्टर और वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा भी बढ़ी है।
ग्राम पचरा के हाई स्कूल में भी अंग्रेजी विषय के शिक्षक की कमी दूर हुई है। छात्राएं विद्या, मानमती और सुहानी यादव बताती हैं कि आसपास के कई गांवों से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। अंग्रेजी के शिक्षक मिलने से अब विषय को समझने में मदद मिल रही है और स्कूल आने का उत्साह बढ़ा है। युक्तियुक्तकरण के तहत यहां गोपाल प्रसाद भारद्वाज पदस्थ हुए हैं। इसी तरह चचिया के हायर सेकंडरी स्कूल में गणित और केरवाद्वारी में भौतिकी विषय के शिक्षक की पदस्थापना से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण विषयों की नियमित पढ़ाई का लाभ मिल रहा है।

शिक्षक के साथ सुविधाओं पर भी ध्यान

जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता के साथ अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास मद से मानदेय पर प्राथमिक ,माध्यमिक और हायर सेकंडरी विद्यालयों में लगभग 500 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। विद्यालयों में भृत्य के रिक्त पदों पर लगभग 300 युवाओं को मानदेय पर रोजगार दिया गया है। विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के योग्य युवाओं को शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अवसर देने की पहल भी की गई है।
जर्जर विद्यालयों की मरम्मत, नए स्कूल भवन, किचन शेड, शौचालय, बाउंड्रीवाल और साइकिल स्टैंड जैसी सुविधाओं के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था और प्रतिभावान बच्चों को नीट, जेईई सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग मिलने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और बढ़ रहा है।
युक्तियुक्तकरण का प्रभाव केवल शिक्षकों की संख्या तक सीमित नहीं है। नियमित शिक्षक के आने से बच्चों को रोज पढ़ने, सवाल पूछने और विषयों को समझने का अवसर मिल रहा है। अभिभावकों में भरोसा बढ़ा है और गांवों में स्कूल को लेकर नई उम्मीद जगी है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दूरस्थ अंचलों के इन विद्यालयों में दिखाई दे रहा बदलाव इस बात का प्रमाण है कि जब शिक्षा गांव तक नियमित रूप से पहुंचती है, तो आदिवासी बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और अपने सपनों की ओर बढ़ने का मजबूत आधार मिलता है।

Continue Reading

कोरबा

धान खरीदी के लिए जिले के 73 केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त

Published

on

15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी, किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरबा, 13 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। खरीदी 15 नवंबर से सहकारी समितियों के माध्यम से होगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा जारी आदेश के अनुसार नोडल अधिकारी खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे और खरीदी अवधि में व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
केंद्रों में बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, सीसीटीवी, बारदाने, हमाल, पेयजल और प्राथमिक उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। खरीदी शुरू होने के बाद केंद्र में उपलब्ध धान और बारदानों का नियमित भौतिक सत्यापन किया जाएगा। किसानों को केंद्र की दैनिक क्षमता के अनुसार अग्रिम टोकन जारी करने और टोकन व्यवस्था की निगरानी करने को भी कहा गया है।
खरीदी पंजीकृत किसानों से की जाएगी और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान लिया जाएगा। खरीदी में 50 प्रतिशत नए तथा 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग, धान की गुणवत्ता की जांच और भुगतान के लिए आवश्यक राशि, बारदाने व परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बायोमेट्रिक प्रक्रिया में किसान को कठिनाई होने पर नामांकित परिजन के माध्यम से खरीदी की जा सकेगी।
कटघोरा विकासखंड के अखरापाली केंद्र में श्रीमती हेमपुष्पा कुर्रे, मुढाली में मुकेश लहरे, कटघोरा में निशांक कलेश, छुरीकला में अविनाश पटेल, सुमेधा में गजेन्द्र कटकवार, जवाली में कु. मिनाक्षी ठाकुर, दुरपा में डी.पी. लहरे, भिलाईबाजार में रामलाल रविन्द्र और रंजना में श्रीमती अमृता श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
करतला विकासखंड के उमरेली केंद्र में इन्द्रजीत भारद्वाज, कनकी में श्रीमती निशा टोप्पो, करतला में अजरा परवीन, केरवाबारी में महेन्द्र सिंह यादव, कोथारी में अनिल कुमार शाण्डेय, चिकनीपाली में कामता प्रसाद साहू, तुमान में हेमंत पटेल, नवापारा में गजेन्द्र सिंह कंवर, पठियापाली में फिरत राम पात्रे, पुरेना में राजकुमार ताड़िया, फरसवानी में धरमलाल भारती, बरपाली में संजय कुमार सोनवानी, बेहरचुवा में बेदराम राठिया, मदवानी में हेतराम कश्यप, रामपुर में आर.के. टण्डन, लबेद में संजू कुमार पटले, सुखरीकला में हरी सिंह कंवर, कराईनारा में रजनीश सिंह और सोहागपुर में नरेन्द्र कुमार देवांगन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बेहरचुवा के नोडल अधिकारी बेदराम राठिया का पदनाम कृषि विकास अधिकारी तथा मदवानी के हेतराम कश्यप का पदनाम उद्यान निरीक्षक है।
कोरबा विकासखंड के कुदमाल केंद्र में आर.के. बघेल, कुदमुरा में मेम सिंह कंवर, कोरकोमा में श्रीमती साक्षी वर्मा, चचिया में झुगुल सिंह मरकाम, तिलकेजा में श्रीमती कृष्णा कंवर, बरपाली (कोरबा) में मोहम्मद सज्जाद, भैंसमा में चन्द्रशेखर चन्द्रा, चिर्रा में मिथलेश कंवर, लेमरू में अघनी कुमार कुर्रे, श्यांग में भूपेंद्र मैत्री, दादरखुर्द में संजय पटेल और सोनपुरी में श्रीमती सुजाता गंुगेल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। चिर्रा के नोडल अधिकारी मिथलेश कंवर का पदनाम उद्यान निरीक्षक है।

पाली विकासखंड के उतरदा केंद्र में सुमित कुमार लहरे, चोढ़ा में हेमंत दुबे, कोरबी (पाली) में राजेश कुमार खुसरो, चौतमा में टिकेश्वर सिंह तंवर, डोंडकी में रघुनंदन कंवर, ढोलपुर में राजेन्द्र कुमार साहू, निरधी में श्रीमती राजकुमारी सूर्यवंशी, नोनबिर्रा में सुशील कुमार पाटले, परसदा में स्वप्निल सिंह चंदेल, नुनेरा में महेश कुमार कोर्राम, पाली में सुरेश कुमार पैगंबर, चनवारीनवापारा (करनवापारा) में सरयू सिंह पोर्ते, पोड़ी में बी.एल. पैकरा, बकसाही में नवीन कुमार जायसवाल, बोडा में एल.एन. पैकरा, पोटापानी में बोधराम पैकरा, लाफा में एच.सी. सेंद्रे, सपलवा में नवीन जायसवाल और हरदीबाजार में मनमोहन सिंह पैकरा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के कुल्हरिया केंद्र में नमस्कार नवरंग, कोरबी (पोड़ीउपरोड़ा) में जितेन्द्र कुमार पुहूुप, जटगा में एस.आर. देवांगन, तुमान में अशोक जायसवाल, तानाखार में योगेन्द्र फुलेश्वर, नवापारा (सि.) में रामबिलास राम दिवाकर, परला में पी.के. नेटी, पसान में राकेश कुमार यादव, लैंगा में कु. एस.एम. कुजूर, पिपरिया में रविन्द्र सिंह, पोड़ीउपरोड़ा में कु. सावित्री कंवर, बिंझरा में सुधीर विद्यराज, मोरगा में अंगद सोनी और सिरमिना में मनीष डिक्सेना को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नवापारा (सि.) के रामबिलास राम दिवाकर और परला के पी.के. नेटी का पदनाम कृषि विकास अधिकारी है।
विशेष पदनाम वाले अधिकारियों को छोड़कर सूची में उल्लेखित नोडल अधिकारियों का पदनाम ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी है। धान खरीदी के दौरान किसानों को कोई असुविधा होने पर राज्यस्तरीय टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर सूचना दी जा सकती है। खरीदी सामान्यतः सोमवार से शुक्रवार तक होगी। शनिवार या रविवार को खरीदी होने की स्थिति में संबंधित समिति को नियंत्रण कक्ष अथवा टोल-फ्री नंबर पर सूचित करना होगा।

Continue Reading

कोरबा

धान खरीदी गतिविधियों हेतु जिला स्तरीय जांच कमेटी एवं उड़नदस्ता टीम का गठन

Published

on

कोरबा 13नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत धान खरीदी अवधि के दौरान धान खरीदी से संबंधित समस्त कार्यों की मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण हेतु जिला स्तरीय जांच कमेटी एवं उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जांच कमेटी एवं उड़नदस्ता टीम में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्रीमती मिंज, जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निग बजरंग कसेर, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर, जिला क्षेत्र कोरबा सुशील कुमार जोशी और मंडी सचिव कृषि उपज मंडी कटघोरा नारायण पटेल शामिल हैं।

Continue Reading

कोरबा

धान खरीदी गतिविधियों की मॉनिटरिंग हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त

Published

on

कोरबा 13नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत धान खरीदी अवधि के दौरान धान खरीदी से संबंधित कार्यों की मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण हेतु अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारियों के रूप में नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार अनुविभाग कोरबा हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोरबा सरोज महिलांगे, अनुविभाग कटघोरा हेतु विपिन दुबे (आईएएस), अनुविभाग पोड़ी-उपरोड़ा हेतु मनोज कुमार बंजारे तथा अनुविभाग पाली हेतु रोहित कुमार सिंह को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677