Connect with us

छत्तीसगढ़

बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार:पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की बीमारी के लिए भगवान को मानता था जिम्मेदार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान था। इन परिस्थितियों के लिए वह भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में 10 नवंबर को मूर्ति तोड़ दी थी।

धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान छोटू निर्मलकर (28), निवासी ग्राम नरियरा, के रूप में हुई।

पूर्व पत्नी की मृत्यु और बीमारी से था परेशान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले बजरंगबली का भक्त था। लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर वह इन परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था।

इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।

Continue Reading

खेल

“स्व पुरुषोत्तम भाई चावड़ा स्मृति” द्वितीय छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता – मुकाबले अंतिम चरण में 

Published

on

रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की छत्तीसगढ़ वेटरन्स टेबल टेनिस समिति द्वारा  दिनांक  22 नवंबर, 2026 को सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, बुढ़ापारा, रायपुर में चल रही “स्व. श्री पुरुषोत्तम भाई चावड़ा स्मृति” द्वितीय छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026″ में पुरुष एकल (आयु वर्ग 40), पुरुष एकल (आयु वर्ग 50), पुरुष एकल (आयु वर्ग 60), पुरुष एकल (आयु वर्ग 65), पुरुष एकल (आयु वर्ग 70) एवं महिला एकल (आयु वर्ग 40), महिला एकल (आयु वर्ग 60) के अंतिम दौर के सुपर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं ।                    

उक्त प्रतियोगिता के सम्बन्ध में छत्तीसगढ़ वेटरन्स टेबल टेनिस समिति के सचिव प्रेमराज जाचक ने जानकारी की प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम रायपुर के सभापति  सूर्यकांत राठौड़ जी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने किया तथा विशेष अतिथि समाज सेवी अनिल चावड़ा थे। मंच पर छत्तीसगढ़ शासन के सेवानिवृत्त सचिव एवं खेल विभूति पुरस्कार अवार्डी डा. भरत अग्रवाल जी, छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की तकनीकि समिति के चेयरमेन अरविंद कुमार शर्मा  एवं मुख्य निर्णायक प्रदीप जोशी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में सभी वर्गों के सुपर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें अभी तक खेले गए मैचों के अंतिम परिणाम निम्नानुसार है:-

पुरुष एकल (आयु वर्ग 40):-रजनीश ओबेराय (दुर्ग), शैलेश डागा (रायपुर), चिरंजीत राय (रायपुर महानगर), ए. संतोष (दुर्ग), दीपक वर्मा (रायपुर) तथा निखिल बानी (रायपुर) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें रजनीश ओबेराय (दुर्ग), ए. संतोष (दुर्ग), निखिल बानी (रायपुर) अपने मैच जीतकर आगे चल रहे हैं | पुरुष एकल (आयु वर्ग 50):-  बी. रविकांत (बिलासपुर), राजशेखर शर्मा (रायपुर महानगर), राकेश यादव (रायपुर महानगर), निखिल मुकद्दम (रायपुर), राजेश अग्रवाल (रायपुर) मोहम्मद जावेद (रायपुर महानगर) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमे राजेश अग्रवाल (रायपुर), राजशेखर शर्मा (रायपुर महानगर), राकेश यादव (रायपुर महानगर) अपने मैच जीतकर आगे चल रहे हैं|  पुरुष एकल (आयु वर्ग 60):-अरविन्द कुमार शर्मा (रायपुर महानगर), गिरिराज बागड़ी (रायपुर), हनी अरोरा (बिलासपुर),सुशांत बोरवंकर (रायपुर), मून मजूमदार (बिलासपुर), पराग दोषी (धमतरी) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें सुशांत बोरवनकर (रायपुर), गिरिराज बागड़ी (रायपुर), हनी अरोरा (बिलासपुर) अपने मैच जीतकर आगे चल रहे हैं|     पुरुष एकल (आयु वर्ग 65):- पी.एन. मजुमदार (कोरिया), के. रविशंकर (बिलासपुर), अरुण बावरिया (रायपुर), हरीश पाण्डेय (रायपुर), अजित बेनर्जी (रायपुर), डॉ शिरीष यदु (रायपुर) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें के. रविशंकर (बिलासपुर), पी.एन. मजुमदार (कोरिया), हरीश पाण्डेय (रायपुर) अपने मैच जीतकर आगे चल रहे हैं|
पुरुष एकल (आयु वर्ग 70):-   

राम सावले (दुर्ग), के.बी. सिंह (रायपुर), टी.के. डे (बिलासपुर),  एस. पेंढारकर(दुर्ग), भरत अग्रवाल (रायपुर), प्रकाश सिंह (धमतरी) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें  एस. पेंढारकर(दुर्ग), के.बी. सिंह (रायपुर), भरत अग्रवाल (रायपुर) अपने मैच जीतकर आगे चल रहे  हैं|  महिला एकल (आयु वर्ग 40):- प्रमिला देवांगन (रायपुर महानगर), डा. स्वाति बांठिया (रायपुर), मोनिका दीवान (बिलासपुर), निखत परवीन अंसारी (रायपुर) के मध्य मुकाबले खेले जा रहे हैं| महिला एकल (आयु वर्ग 60):- रेणुका सुब्बा (रायपुर), प्रमिला ठाकुर (रायपुर महानगर), सुश्री ईरा पंत (रायपुर)  के मध्य अंतिम मुकाबले खेले जा रहे हैं |प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतर्राष्ट्रीय अंपायर  प्रदीप जोशी एवं सहायक मुख्य निर्णायक अंतर्राष्ट्रीयअंपायर अभिनव शर्मा, राष्ट्रीय अंपायर कु. प्रिया चावड़ाहैं |उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सचिव सार्थक शुक्ला ने दी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रामायण पाठ में भजन गाने जा रहे 3 की मौत:तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही गांव के रहने वाले थे

Published

on

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर रविवार को हुआ। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतकों में ये शामिल

  1. हरिशंकर चौहान (40)
  2. मोहरदास बैरागी (55)
  3. शेतकुमार पटेल (62)

रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ग्राम दर्री के हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे वहां गायन प्रस्तुति देने वाले थे।

बस ने बाइक को मारी टक्कर

इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बस ड्राइवर की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक

एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से दर्री और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनके परिवारों की खुशियां छीन लीं।

Continue Reading

कोरबा

घने कोहरे की चादर में लिपटा कोरबा,चिमनियां तक हुईं ओझल:लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम, कुछ मीटर दूर तक देखना हुआ मुश्किल

Published

on

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पूरा शहर सफेद घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। चारों तरफ धुंध छाई रही। स्थिति यह थी कि औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां भी कोहरे में ओझल हो गईं। शहर का नजारा ऐसा लग रहा था, मानो कोरबा नहीं, कश्मीर हो।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को तीसरे दिन भी आसमान में बदली छाई रही। सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह 8 बजे के बाद भी कोहरा छाया रहा। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा।

मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया मौसम का लुत्फ

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बदले मौसम का जमकर आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कोरबा में लंबे समय बाद इतना घना कोहरा देखने को मिला है।

ठंडी हवाओं और धुंध के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कई लोगों ने कोहरे से ढके शहर के खूबसूरत नजारे को मोबाइल में कैद किया।

मैदान में गेंद तक नहीं दिखी, अभ्यास प्रभावित

घने कोहरे का असर खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण खेल शुरू करने में देरी हुई। कोहरे के चलते गेंद तक दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हुआ।

सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन

रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने भी सुबह कोहरे का नजारा देखा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका हल्का असर नजर आया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

दो दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677