Connect with us

कोरबा

बच्चों की सुरक्षा, उज्जवल भविष्य और जागरूकता का संदेश-कोरबा में सुरक्षित बचपन की पहल

Published

on

कोरबा 27 नवंबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के संबंध में अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान “सुरक्षित बचपन अभियान” के प्रथम चरण का आयोजन दिनांक 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। उक्त के परिपालन में आयोजित शिविर में सुश्री सीमा प्रताप चन्द्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.) कोरबा के द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, हायर सेकेण्डरी स्कूल(सी.एस.ई.बी.)कोरबा में सम्मिलित होकर उनके द्वारा बच्चों को जागरूक करते हुए कहा गया कि बच्चों को न केवल अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहना चाहिए, बल्कि किसी परिचित व्यक्ति, पड़ोसी अथवा रिश्तेदार पर भी आँख बंद करके विश्वास नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति उन्हें किसी प्रकार का लालच देकर, बहला-फुसलाकर अथवा किसी अन्य प्रलोभन के माध्यम से अपने साथ चलने के लिए कहता है, तो वे उसके साथ न जाएँ। बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए तथा किसी भी असहज या संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए, बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जागरूकता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। इसी कड़ी में उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता द्वारा बच्चों को डाँटना उनके प्रति चिंता, स्नेह एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आर्शिवाद स्वरूप है। बच्चों को माता-पिता की बातों को सकारात्मक रूप से समझना चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में निराश होकर गलत कदम के बारे में नहीं सोचना चाहिए। जीवन अनमोल है और जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना धैर्य एवं साहस के साथ करना चाहिए। उन्होने बताया कि 16-17 वर्ष की आयु जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस उम्र में प्रेम-प्रसंग जैसे रिश्तों के चलते घर से अन्यत्र किसी के साथ चले जाना कई बार अनजाने में कानूनी समस्याओं एवं आपराधिक प्रकरणों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह उम्र प्रेम-प्रसंग में पड़कर अपने भविष्य को प्रभावित करने की नहीं, बल्कि शिक्षा प्राप्त करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने एवं अपने सुनहरे भविष्य के निर्माण की है। बच्चों को भावनाओं में बहकर कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो।
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ने बच्चों को शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि कोरबा जिले में बच्चों से संबंधित या पॉक्सो अधिनियम संबंधित एक भी मामला सामने न आए तथा किसी भी परिवार को किसी प्रकार के हृदय विदारक घटना का सामना न करना पड़े।

Continue Reading

कोरबा

परसाभाठा के रहवासी सड़क चौड़ीकरण के विरोधी नहीं, लेकिन घर-दुकान उजाड़ना स्वीकार नहीं , जयसिंह अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन

Published

on

बालकोनगर। परसाभाठा मुख्य मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय रहवासियों एवं व्यवसायियों ने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए वार्ड पार्षद बद्रीकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवारों के स्त्री-पुरुष पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुँच कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे सड़क के विकास अथवा यातायात व्यवस्था में सुधार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों से बसे उनके मकानों एवं आजीविका का आधार बनी दुकानों को तोड़कर उन्हें बेघर और बेरोजगार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।


ज्ञापन सौंपने पहुंचे नागरिकों ने बताया कि परसाभाठा मुख्य मार्ग के दोनों ओर अनेक परिवार पिछले 50-60 वर्षों से निवासरत हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे छोटे व्यवसायियों की है, जिनकी आजीविका वर्षों से इन्हीं दुकानों पर निर्भर है। ऐसे में प्रस्तावित फोरलेन निर्माण के कारण उनके सामने आवास और रोजगार दोनों छिन जाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में परसाभाठा मुख्य मार्ग की चौड़ाई लगभग 15 मीटर है। बजरंग चौक से रिस्दी रोड स्थित टाटा मोटर्स तक के मार्ग का समुचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत, यातायात प्रबंधन एवं उपलब्ध सड़क का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करके भी यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुगम बनाया जा सकता है। इसके लिए वर्षों से बसे परिवारों के मकानों एवं दुकानों को तोड़ना कोई अनिवार्य अथवा एकमात्र विकल्प नहीं हो सकता।
नागरिकों ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के तहत मकानों एवं दुकानों को प्रभावित कर मुआवजा देने की बात समस्या का समाधान नहीं है। उनका स्पष्ट कहना है कि उन्हें अपने पुश्तैनी आवास और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए व्यवसायों के बदले मुआवजा नहीं, बल्कि अपने घरों और दुकानों को सुरक्षित रखने का अधिकार चाहिए। कोई भी आर्थिक मुआवजा उनके वर्षों पुराने सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन की भरपाई नहीं कर सकता।
ज्ञापन में बालको प्रबंधन द्वारा वर्ष 2012-13 में बंद किए गए परसाभाठा से अमर सिंह होटल तक के पुराने सार्वजनिक मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों का मानना है कि उक्त मार्ग को पुनः आम जनता के लिए खोलने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि वर्तमान मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जा सके।
जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय नागरिकों ने आग्रह किया कि वे इस जनहित के मुद्दे को शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं और प्रभावित परिवारों के आवास एवं रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने में पहल करें।
इस पर स्थानीय नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री जयसिंह अग्रवाल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आशवसत किया कि उनके हितों की रक्षा के लिए वे उनके साथ खड़े हैं।
नागरिकों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ अथवा विस्थापन की कार्रवाई करने के बजाय पहले स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जाए और सड़क की वर्तमान चौड़ाई एवं उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्थाओं का तकनीकी परीक्षण कराया जाए।
स्थानीय रहवासियों का दो टूक संदेश है कि उन्हें विकास चाहिए, लेकिन अपने घर और रोजगार की कीमत पर नहीं। सड़क बेहतर बनाइए, यातायात सुगम कीजिए, लेकिन वर्षों से बसे परिवारों को उजाड़कर विकास की परिभाषा तय मत कीजिए।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में आज, 26 नवंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास द्वारा संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने दोहराया तथा संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में तथा संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677