Connect with us

देश

Gold Price को लेकर HSBC का अनुमान, अभी नहीं थमी गिरावट…और गिरेगा भाव!

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। सोने की कीमतों में पिछले कुछ समय से भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को अच्छी रिकवरी दर्ज की गई। इसके बावजूद निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या सोने की कीमतों में गिरावट का दौर खत्म हो चुका है या आने वाले दिनों में इसमें और बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। इस बीच दिग्गज ग्लोबल बैंक HSBC ने अपनी ताजा रिपोर्ट में सोने की कीमतों को लेकर चेतावनी दी है। बैंक के मुताबिक, अगर वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी जारी रहती है तो सोने का भाव गिरकर 3,400 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।

3,400 डॉलर तक फिसल सकता है सोना

HSBC के अनुसार, फिलहाल यह मानना जल्दबाजी होगी कि सोने ने अपना निचला स्तर छू लिया है। बैंक के विश्लेषक जेम्स स्टील का कहना है कि शेयर बाजारों में भारी बिकवाली जारी रहने पर निवेशक नकदी जुटाने के लिए सोना बेच सकते हैं। इससे गोल्ड की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बनेगा। फिलहाल कॉमेक्स पर सोना करीब 3,650 डॉलर प्रति औंस के आसपास है।

एक हफ्ते में दिखा भारी उतार-चढ़ाव

पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में काफी अस्थिरता रही। 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 3,500 डॉलर प्रति औंस से नीचे पहुंच गया था। इसके बाद कीमतों में सुधार हुआ। 27 नवंबर को अमेरिकी डॉलर की तेजी कमजोर पड़ने और शेयर बाजारों में रिकवरी के चलते सोने में करीब 3 फीसदी की उछाल आई और भाव 3,671 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया।

अमेरिकी फेड की नीतियों से भी दबाव

सोने की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़ी नीतियों का भी असर पड़ रहा है। अमेरिका में महंगाई और मजबूत आर्थिक आंकड़ों के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही डॉलर की मजबूती भी सोने के लिए चुनौती बन रही है।

चांदी और प्लैटिनम पर भी HSBC की नजर

HSBC ने चांदी और प्लैटिनम को लेकर भी चिंता जताई है। अमेरिका की ओर से संभावित नए टैरिफ के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में इन धातुओं की मांग प्रभावित हो सकती है। खासकर अगर मेक्सिको और कनाडा पर अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाते हैं, तो चांदी की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ सकता है।

Continue Reading

देश

शेयर बाजार में होगा बड़ा बदलाव! लिस्टिंग से पहले खरीद सकेंगे कंपनियों के शेयर, SEBI कर रहा विचार

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। सेबी कंपनियों के आईपीओ पेश करने से पहले उनके शेयरों की खरीद-बिक्री के लिए एक अलग एक्सचेंज बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो आईपीओ पेश करने वाली कंपनियों के शेयरों में निवेश और ट्रेडिंग के लिए एक अलग रेगुलेटेड प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो सकता है।

IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग के लिए अलग एक्सचेंज

SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शनिवार को इस प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेगुलेटर ऐसी कंपनियों के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म बनाने की संभावना तलाश रहा है, जो शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं। 

अभी IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग ग्रे मार्केट में होती है

SEBI के प्रस्तावित प्री-IPO एक्सचेंज का एक बड़ा मकसद अनौपचारिक ग्रे मार्केट का विकल्प तैयार करना है। फिलहाल IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की खरीद-बिक्री ग्रे मार्केट में होती है। यह कारोबार स्टॉक एक्सचेंजों के बाहर होता है। IPO से पहले निवेशक ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर खास नजर रखते हैं।

GMP के जरिए निवेशक यह अंदाजा लगाने की कोशिश करते हैं कि किसी IPO को लेकर बाजार में कितना उत्साह है और उसकी लिस्टिंग किस स्तर पर हो सकती है। हालांकि, GMP के आधार पर लिस्टिंग में मुनाफे की गारंटी नहीं होती। ग्रे मार्केट में होने वाले सौदों पर स्टॉक एक्सचेंजों जैसी नियामकीय निगरानी की व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में SEBI का प्रस्तावित प्लेटफॉर्म इस कारोबार को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने का विकल्प दे सकता है।

अनलिस्टेड शेयरों की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी

SEBI का प्रस्तावित एक्सचेंज इस स्थिति को बदल सकता है। इसके जरिए IPO की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग के लिए एक व्यवस्थित और नियामकीय निगरानी वाला प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। इससे अनलिस्टेड शेयरों की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी। निवेशकों को कंपनियों के IPO से पहले ही उनके शेयरों में निवेश का विकल्प मिल सकता है। शेयरों की मांग और सप्लाई के आधार पर कीमत तय करने में मदद मिल सकती है। SEBI की निगरानी में ट्रेडिंग होने से निवेशकों के हितों की सुरक्षा होगी।

Continue Reading

देश

RBI की मौद्रिक नीति से पहले सतर्क रहेगा बॉन्ड बाजार: इक्विरस

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय बॉन्ड बाजार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले सतर्क रह सकता है। मुद्रास्फीति का दबाव बने रहने और मौद्रिक नीति में अधिक सख्ती की आशंका के चलते बॉन्ड प्रतिफल ऊंचे स्तर पर बना रह सकता है। इक्विरस समूह के एक अधिकारी ने यह बात कही। इक्विरस समूह के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख (फिक्स्ड इनकम) विनय पाई ने कहा कि आरबीआई के सतर्क रुख अपनाने के आसार हैं और नीतिगत दर में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी संभावित है। 

हालांकि, उन्होंने कहा कि बॉन्ड बाजार की दिशा तय करने में केंद्रीय बैंक का अग्रिम नीतिगत संकेत अधिक अहम होगा। पाई के मुताबिक, 10 साल का मानक सरकारी बॉन्ड प्रतिफल निकट अवधि में 7.18 प्रतिशत से 7.42 प्रतिशत के दायरे में रह सकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कच्चे तेल की कीमतों से जुड़े जोखिम अपेक्षाकृत सीमित दिख रहे हैं लेकिन पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से ऊर्जा कीमतों और वैश्विक बॉन्ड बाजारों में नयी अस्थिरता पैदा हो सकती है। 

अमेरिका की मौद्रिक नीति से जुड़े घटनाक्रम, वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में उतार-चढ़ाव और आगामी केंद्रीय बजट, विशेष रूप से सरकार की उधारी जरूरतों को लेकर उम्मीदें, घरेलू बॉन्ड बाजार को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक बने रहेंगे। पाई ने कहा कि सकारात्मक पक्ष पर, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) का बढ़ता निवेश, मुद्रा की स्थिरता और घरेलू नकदी की अनुकूल स्थिति बॉन्ड प्रतिफल को कुछ राहत दे सकती है। उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर, बॉन्ड बाजार के सीमित दायरे में रहने की संभावना है, हालांकि प्रतिफल में हल्की बढ़त का रुख रह सकता है। निवेशक मुद्रास्फीति, कच्चे तेल की कीमतों, नकदी की स्थिति और आरबीआई के नीतिगत रुख पर करीबी नजर रखेंगे।”  

Continue Reading

देश

निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ मुंबई सबसे आगे: नाइट फ्रैंक

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक के अनुसार देश के सात प्रमुख शहरों में निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में मुंबई की हिस्सेदारी सबसे अधिक 43 प्रतिशत है। नाइट फ्रैंक इंडिया ने बताया कि इस समय सात प्रमुख शहरों में डेटा सेंटर की कुल 80 निर्माणाधीन परियोजनाएं हैं। ये सात शहर मुंबई, पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई और कोलकाता हैं। 

सलाहकार कंपनी ने कहा कि बन रहे डेटा सेंटर केंद्रों की संरचना बड़े आकार के केंद्रों की ओर स्पष्ट झुकाव का संकेत देती है। इस साल की जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल निर्माणाधीन परियोजनाओं का 55 प्रतिशत हिस्सा 50 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली परियोजनाओं का है, जो भारत के प्रमुख डेटा सेंटर बाजारों में बड़े आकार के बुनियादी ढांचे पर बढ़ते जोर को दर्शाता है। 

नाइट फ्रैंक ने कहा, ”भारत की निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में मुंबई का दबदबा कायम रहा। वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 80 केंद्रों में 34 केंद्र यानी कुल संख्या का 42.5 प्रतिशत अकेले मुंबई में है।” देश की वित्तीय राजधानी मुंबई ने 2025 के 31 केंद्रों की तुलना में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिहाज से हैदराबाद दूसरे स्थान पर है, जहां कुल केंद्रों की संख्या 2025 के 11 से बढ़कर सितंबर तिमाही में 15 हो गई। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677