Connect with us

विदेश

इजराइल में नेतन्याहू-आइजनकोट की सरकार बनाने पर बातचीत शुरू:दावा- दोनों में आधे-आधे कार्यकाल PM रहने पर सहमति, पहले आइजनकोट को मौका मिलेगा

Published

on

तेल अवीव, एजेंसी। इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट के बीच मिलकर सरकार बनाने पर बातचीत शुरू हो गई है।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, दोनों नेता आधे-आधे कार्यकाल तक प्रधानमंत्री रहने पर सहमत हो गए हैं। इसके तहत पहले आइजनकोट प्रधानमंत्री बनेंगे और नेतन्याहू उप प्रधानमंत्री रहेंगे।

हालांकि, आइजनकोट ने नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को 24 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी सच में साथ मिलकर सरकार बनाना चाहती है, तो उसे गंभीरता दिखानी होगी।

दरअसल, अक्टूबर में हुए चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद से इजराइल में राजनीतिक संकट है। नेतन्याहू दोबारा चुनाव कराने के बजाय विपक्ष के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख आइजेनकोट 10 नवंबर को संसद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद ग्रुप फोटो खिंचवाते हुए।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख आइजेनकोट 10 नवंबर को संसद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद ग्रुप फोटो खिंचवाते हुए।

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर दिया प्रस्ताव

नेतन्याहू ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि एक नेता के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वे निजी हितों को अलग रखकर देश के बारे में सोचें। उन्होंने लिखा,

मैं इस बात के लिए तैयार हूं कि गादी आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री बनें और कार्यकाल की शुरुआत में मैं उप प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालूं।

नेतन्याहू इजराइल में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हैं। उनका यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब आइजनकोट उन्हें सत्ता से हटाकर नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

आइजनकोट बोले- लिकुड गंभीरता से बात नहीं कर रही

आइजनकोट ने 27 नवंबर को कहा था कि वे लिकुड के साथ मिलकर सरकार बनाने को तैयार हैं, लेकिन लिकुड इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो हफ्तों में दोनों पार्टियों की टीमें सिर्फ 5 बार मिली हैं। लिकुड ने बैठकें बढ़ाने की मांग भी नहीं मानी।

आइजनकोट ने आरोप लगाया कि लिकुड तीन अहम मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है।

  • पहला: 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले से जुड़ी नाकामियों की जांच के लिए सरकारी जांच आयोग बनाना
  • दूसरा: सरकार से कट्टरपंथी नेताओं को हटाना
  • तीसरा: सभी लोगों के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा जरूरी करने वाला कानून बनाना

6 दिसंबर तक का वक्त, नहीं बनी सरकार तो फिर नेतन्याहू की बारी

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें 6 दिसंबर तक बहुमत जुटाना है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति उन्हें 14 दिन का और समय दे सकते हैं।

आइजनकोट के लिए 7 दिसंबर की तारीख भी अहम है। इस दिन उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। 25 साल के गाल की मौत गाजा में लड़ाई के दौरान हुई थी।

अगर आइजनकोट तय समय में सरकार नहीं बना पाए, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। अगर वे भी बहुमत नहीं जुटा पाए, तो इजराइल में फिर चुनाव हो सकते हैं। वहीं, नेतन्याहू की मुश्किल यह भी है कि उनकी सरकार को समर्थन देने वाली पार्टियों में फूट पड़ने की आशंका है।

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी गादी आइजनकोट को सौंपते हुए।

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी गादी आइजनकोट को सौंपते हुए।

आइजनकोट के पास सरकार बनाने के 3 रास्ते हैं

1. लिकुड के साथ गठबंधन: नेतन्याहू की पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाना। इसमें सबसे बड़ी अड़चन प्रधानमंत्री पद को लेकर है।

2. अति-रूढ़िवादी पार्टियों का समर्थन: इन पार्टियों के साथ समझौता करना। इसके लिए सेना में अनिवार्य सेवा जैसे मुद्दों पर उन्हें अपनी मांगों में बदलाव करना पड़ सकता है। आइजनकोट के खेमे ने चुनाव में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।

3. फिलिस्तीनी पार्टियों के समर्थन से सरकार: आइजनकोट अरब पार्टियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बना सकते हैं। हालांकि, उनके गठबंधन में लिबरमैन समेत कई नेता इसके खिलाफ हैं।

आइजनकोट ने सरकार बनाने के तीनों रास्ते खुले रखे हैं। इससे वे अलग-अलग पार्टियों से बातचीत कर सकते हैं और अपनी शर्तों पर समझौता करने का दबाव बना सकते हैं।

Continue Reading

देश

हसीना बोलीं- आजादी के बिना पाकिस्तानी जूतों तले होता बांग्लादेश:आज रहमान सरकार अत्याचार कर रही, स्वतंत्रता सेनानी को मारकर पेड़ पर लटकाया गया

Published

on

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि अगर बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो देश आज भी पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता। तब किसी के प्रधानमंत्री बनने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा तारिक रहमान सरकार पर अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने मयमनसिंह जिले में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का मुद्दा उठाया। कहा कि हुसैन की हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया था।

शेख हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहीं। इसमें उन्होंने राजनीतिक हिंसा के दौरान मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों की भी बात की।

जेल में बंद लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाएं और इलाज तक नहीं दिया जा रहा। कई लोगों की जेल में मौत हो गई लेकिन उनके परिवारों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई।

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी के ऐलान के बाद से PM रहमान की पार्टी BNP और हसीना की पार्टी अवामी लीग के बीच तनाव बढ़ गया है। दोनों दलों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। हाल के दिनों में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है।

हसीना ने पिता मुजीब उर रहमान को भी याद किया

हसीना ने अपने पिता शेख मुजीब उर रहमान को याद किया। हसीना ने कहा कि उनके पिता ने बांग्लादेश को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष किया। अगर वे जिंदा रहते, तो देश आजादी के 10 साल के भीतर दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो सकता था। हसीना ने कहा कि उनकी हत्या से बांग्लादेश के विकास का सपना अधूरा रह गया।

शेख मुजीब उर रहमान को बांग्लादेश का संस्थापक कहा जाता है। उन्होंने पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश बनाने की लड़ाई का नेतृत्व किया और 1971 में आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री बने। 1975 में सैन्य तख्तापलट के दौरान उनके घर में उनकी और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।

शेख मुजीब उर रहमान 1973 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए।

शेख मुजीब उर रहमान 1973 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए।

शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी की तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।

16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था।

5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।

छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे।

शेख हसीना का यह फुटेज हेलिकॉप्टर में बैठने से पहले का है। छात्र आंदोलन बढ़ने पर वे 5 अगस्त को बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं थीं।

शेख हसीना का यह फुटेज हेलिकॉप्टर में बैठने से पहले का है। छात्र आंदोलन बढ़ने पर वे 5 अगस्त को बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं थीं।

इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आंदोलन पूरे देश में फैल गया। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी।

5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

Continue Reading

देश

AI से 2027 में कोरोना से ज्यादा मौतों का खतरा:यह बेकाबू हो सकता है, अपराधियों के हाथ लग सकते हैं जानलेवा वायरस

Published

on

बर्कले, एजेंसी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI कोरोना से भी बड़ा संकट खड़ा कर सकता है। जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच कर चुके वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने AI के बेकाबू होने की आशंका जताई है।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि AI की मदद से अपराधियों के हाथ जैविक हथियार बनाने की तकनीक लग सकती है। इससे 2027 में लाखों मौतें हो सकती हैं।

WHO के मुताबिक, कोरोना महामारी से दुनिया भर में 71 लाख से ज्यादा मौतें दर्ज हुई थीं। हालांकि, वैज्ञानिकों का अनुमान है कि असल संख्या 2 करोड़ से ज्यादा हो सकती है।

निकोला ने ऑनलाइन बैंकिंग ठप होने की भी आशंका जताई है। उन्होंने लोगों से घर में 14 दिन का राशन-पानी और नकदी रखने को कहा है।

निकोला के मुताबिक, AI पर इंसानों का कंट्रोल कमजोर पड़ रहा है। इस साल AI ने कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

2030 के अंत तक इंसानियत खत्म होने का खतरा

युर्कोविच के मुताबिक, AI के विकास की रफ्तार नहीं रुकी तो 2030 के अंत तक इंसानियत के खत्म होने या AI से कंट्रोल खोने का खतरा 50% है। अगर इससे बच भी गए तो अगले 10 साल में मौजूदा ज्यादातर नौकरियां खत्म हो सकती हैं।

अन्य एक्सपर्ट भी बोले- AI की स्पीड कम करें

योशुआ बेंजियो, एआई के जनक: हम तेजी से ऐसे AI बना रहे हैं, जिन पर कंट्रोल करना नहीं जानते। इससे इंसानियत को खतरा हो सकता है।

जेफ्री हिंटन, नोबेल विजेता: अगले 3 साल में AI इंसानों को खत्म कर सकता है और दुनिया पर कब्जा कर सकता है। इसे काबू में रखने का तरीका खोजना जरूरी है।

AI खुद बना सकता है हथियार और ड्रोन

विशेषज्ञों को डर है कि AI भविष्य में खुद नए हथियार बना सकता है। वह ड्रोन और रोबोट की मदद से जरूरी ठिकानों पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है। AI का इस्तेमाल खतरनाक जैविक हथियार बनाने में भी हो सकता है। AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगर AI अपने फैसले खुद लेने लगा और इंसानों को अपने काम में रुकावट समझने लगा, तो उसे रोकना मुश्किल हो जाएगा।

Continue Reading

विदेश

ईरान की धमकियों से डरे ट्रम्प के 5 मंत्री:अपना घर छोड़ 100 साल पुराने मिलिट्री बेस में पहुंचे, सेना के पहरे में रह रहे

Published

on

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब 5 मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं। इन मंत्रियों ने ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा को इसकी वजह बताया है।

अब ये अधिकारी 100 साल से भी ज्यादा पुराने सैन्य घरों में रह रहे हैं, जहां चारों तरफ सेना की सुरक्षा रहती है। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट शामिल हैं।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी में सैन्य ठिकानों पर अधिकारियों के रहने का यह चलन पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है। इन घरों में आमतौर पर सेना के बड़े अधिकारी और जनरल रहते थे। यहां आने-जाने के लिए सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है और आम लोगों की पहुंच सीमित है।

स्कॉट बेसेंट- ईरान की धमकियों के बाद कोठी छोड़ी

ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने हाल ही में जॉर्जटाउन में अपनी कोठी छोड़ दी और सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए। उन्होंने CNBC न्यूज के एक कार्यक्रम में बताया कि ईरान से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी वजह से उन्हें घर बदलना पड़ा।

बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने और उस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मुहिम में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता उन्हें और ट्रम्प प्रशासन के दूसरे अधिकारियों को धमका रहे हैं, लेकिन वे इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट(दाएं), रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (बीच में) और व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट(दाएं), रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (बीच में) और व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर।

स्टीफन मिलर- घर के बाहर हुआ था प्रदर्शन

व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और उनकी पत्नी केटी पिछले साल अपने चार बच्चों के साथ वर्जीनिया वाला घर छोड़कर फोर्ट मैकनेयर सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए थे।

दरअसल, उनके घर के बाहर एक महिला ने प्रदर्शन किया था। उसने मिलर के घर का पता लिखे पर्चे भी बांटे थे। मिलर परिवार को काफी समय से परेशान किया जा रहा था। कोई उनका पीछा कर रहा था, तो कोई उनके घर का पता और दूसरी निजी जानकारी सार्वजनिक कर रहा था। उन्हें धमकियां भी मिल रही थीं।

मिलर ट्रम्प के सबसे भरोसेमंद और प्रभावशाली सलाहकारों में से एक हैं। वे ईरान के खिलाफ अमेरिकी और इजराइली हमलों का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी और प्रतिबंधों को भी सही ठहराया है।

रुबियो, हेगसेथ और मिलर- एक ही ठिकाने पर रह रहे

विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और स्टीफन मिलर का परिवार फोर्ट मैकनेयर में पड़ोसी हैं। यहां सैन्य अधिकारियों के लिए बने घरों की एक कतार को ‘जनरल्स रो’ कहा जाता है।

हालांकि, इस सैन्य परिसर में इन अधिकारियों की जिंदगी आम रिहायशी कॉलोनी जैसी भी है। रुबियो और उनकी पत्नी ने एक पॉडकास्ट में बताया था कि एक बार उनका गोल्डनडूडल नस्ल का कुत्ता गलती से हेगसेथ के घर में घुस गया था। रुबियो ने यह भी बताया कि हेगसेथ की बिल्ली कई बार उनके घर के बरामदे में बैठी मिलती है।

सैन्य घरों का किराया 4,500 डॉलर से ज्यादा

इन सैन्य घरों में रहने वाले अधिकारियों को मुफ्त में रहने की सुविधा नहीं मिलती। उन्हें हर महीने किराया देना पड़ता है। आमतौर पर यह किराया 4,500 डॉलर (करीब 4 लाख रुपए) से ज्यादा होता है। घर कितना बड़ा है और उसमें कितनी सुविधाएं हैं, इसी आधार पर किराया तय किया जाता है।

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के घर की मरम्मत और दूसरी सुविधाओं पर अमेरिकी सेना 1 लाख 37 हजार 297 डॉलर (करीब 1.2 करोड़ रुपए) खर्च करने की तैयारी कर रही थी। इस खर्च की खबर सामने आने पर सवाल उठे कि एक मंत्री के घर पर सरकारी पैसे से इतनी बड़ी रकम क्यों खर्च की जा रही है।

मंत्री को भी देना पड़ता है घर का किराया

अमेरिका में रक्षा मंत्री को सैन्य ठिकाने पर सरकारी घर में रहने की सुविधा देने की शुरुआत रॉबर्ट गेट्स के कार्यकाल में हुई थी। वे जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा, दोनों राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में रक्षा मंत्री रहे थे।

2007 में रक्षा मंत्री बनने के बाद रॉबर्ट गेट्स वॉशिंगटन में अपना घर नहीं होने के कारण नौसेना के एक सुरक्षित सैन्य परिसर में रहने चले गए थे। यह जगह अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के करीब थी और वहां पहले से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के इंतजाम मौजूद थे।

लेकिन उस समय के नियम के मुताबिक, सैन्य ठिकाने पर रहने वाले किसी नागरिक अधिकारी को घर का बाजार भाव के हिसाब से किराया देना पड़ता था। इस वजह से गेट्स को ज्यादा किराया देना पड़ता था।

इसके बाद 2008 में इस व्यवस्था के नियम बदले गए। नए नियम के मुताबिक, रक्षा मंत्री सैन्य ठिकाने पर बने सरकारी घर में रह सकते हैं। इसके लिए उन्हें सेना के चार सितारा जनरल या एडमिरल को मिलने वाले घर के किराए से सिर्फ 5% ज्यादा भुगतान करना होता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677