जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कोरबा अनुविभाग स्तरीय वृहद पंजीकरण शिविर का किया शुभारंभ
सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को साकार कर रही सरकार – डॉ. पवन सिंह
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा – महापौर
केंद्र सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाखों लोगों का जीवन हुआ बेहतर – दिनेश नाग
शिविर में पीएम आवास, जॉब कार्ड एवं कृषि सामग्री का वितरण कर हितग्राहियों को किया लाभान्वित
आमजनों से शिविर का लाभ उठाने का किया गया आग्रह
कोरबा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के अंतर्गत कोरबा अनुविभाग स्तरीय तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह के मुख्य आतिथ्य में निगम के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभाकक्ष में हुआ। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बीजमोती कंवर, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा भारत माता की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वल कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन गांव-गांव और लोगों के बीच पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहा है। सुशासन तिहार जैसे आयोजनों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को साकार करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण शिविर में पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पिछड़े एवं जरूरतमंद वर्गों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कोरबा नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर प्रदेश एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राठिया ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करें, ताकि प्रधानमंत्री की जनहितकारी सोच और विकास की अवधारणा जन-जन तक पहुंच सके।
सीईओ श्री नाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में संचालित हितग्राहीमूलक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिले में लाखों लोगों के पक्के मकान का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही बताया कि पात्रता के अनुसार सभी योग्य हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से आमजनों को लाभान्वित किया गया। पीएम आवास ग्रामीण अंतर्गत कोरबा व करतला ब्लॉक के हितग्राहियों को आवास की सांकेतिक चाबी व प्रमाण पत्र दिया गया। जिसमें कुरुडीह की श्रीमती शांति बाई, श्रीमती आशा बाई, चाकामार के राम कुमार, लखन लाल यादव, कथरीमाल के श्रीमती अनिता राजवाड़े, श्रीमती मंजू कंवर, अमृत लाल कंवर शामिल है। पंचायत विभाग अंतर्गत जवाहर, अमित कुमार को जॉब कार्ड प्रदान किया गया। कृषि विभाग अंतर्गत खरमोरा के किसान पाल सिंह कंवर, जगमोहन सिंह कंवर और कोमल सिंह को अरहर बीज वितरित किया गया।
शिविर में कृषि, खाद्य, आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदन, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जलजीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विशेष काउंटर लगाए गए है। जहां नए पंजीयन के साथ ही ग्रामीणों की समस्या का त्वरित निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की गई। शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विभागों के अन्तर्गत योजनाओं से जुड़ने हेतु कुल 49 आवेदन प्राप्त हुए। जिसका पात्रता अनुसार निराकरण किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, दिलाई नशामुक्ति शपथ शिविर में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों अधिकारी कर्मचारियों एवं आमजनो को नशा से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गईं।
BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ने कहा-विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत
नवा रायपुर में देशभर से आए कैंसर विशेषज्ञों का किया स्वागत, चिकित्सा क्षेत्र में शोध और विशेषज्ञ सेवाओं को बढ़ावा देने पर दिया जोर
रायपुर, 20 सितम्बर 2026। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी आज नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित चतुर्थ वार्षिक BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में शामिल हुए। कॉन्क्लेव की थीम “Restoring Balance to Cancer Care” पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कैंसर केयर, स्वास्थ्य सेवाओं की भविष्य की चुनौतियों और देश की युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष है, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह युवा आबादी भारत की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इस युवा शक्ति का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आने वाले 10-20 वर्षों में भारत की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव होगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौती होगी कि देश आर्थिक रूप से विकसित होने से पहले अस्वस्थ न हो जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन किसी भी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। इसलिए स्वास्थ्य क्षेत्र में समय रहते तैयारी, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं और शोध को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।
स्वस्थ आबादी विकसित भारत की आधारशिला
श्री चौधरी ने कहा कि आर्थिक विकास की गति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक विकास यात्रा की रीढ़ है, लेकिन इस आबादी को स्वस्थ रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के साथ-साथ जागरूकता, समय पर जांच, शुरुआती पहचान और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर निरंतर काम किया जाना चाहिए।
वित्त मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के शुरुआती वर्षों में पूरे प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। उन्होंने बताया कि लगभग 25-26 वर्ष पहले राज्य पीएमटी में करीब 50वीं रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल सीट प्राप्त करना कठिन होता था, क्योंकि पूरे राज्य में रायपुर में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। उन्होंने कहा कि उस स्थिति से आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार किया है और आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।
नवा रायपुर में देशभर से आए विशेषज्ञों का स्वागत
श्री चौधरी ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों को धन्यवाद दिया तथा देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों का नवा रायपुर में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी है और यह एक ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित की जा रही है। नवा रायपुर के नियोजित विकास, हरित क्षेत्र और मनोरंजन सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने देशभर से आए चिकित्सकों से कॉन्क्लेव के साथ-साथ शहर को भी देखने और समझने का आग्रह किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि नवा रायपुर के विकास में स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान और आधुनिक संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन प्रदेश में चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं तथा कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रशिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं कल्पना सिंह ने शिक्षकों को सिखाए प्रभावी कक्षा प्रबंधन के गुण
कोरबा, 20 सितंबर 2026। खरहरकुड़ा, मडवारानी स्थित नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), भुवनेश्वर के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 19 और 20 सितंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य विषय ‘प्रभावी कक्षा प्रबंधन’ (Classroom Management) रहा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं डीपीएस की प्राचार्या श्रीमती कल्पना सिंह ने मुख्य स्रोत व्यक्ति (Resource Persons) के रूप में शिरकत की। दोनों विशेषज्ञों ने अपने व्यावहारिक अनुभवों और गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण और कक्षा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया।
सौरभ कुमार जैन ने विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए बताया कि कक्षा प्रबंधन केवल अनुशासन बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अनुकूल और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझते हुए विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों, समय प्रबंधन और संसाधनों के सही उपयोग के गुर सिखाए।
वहीं, श्रीमती कल्पना सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कक्षा में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन पीएमजेएफ़ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल तथा प्राचार्या शोमा सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस तरह के आयोजनों को शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और आए हुए स्रोत व्यक्तियों व प्रतिभागी शिक्षकों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न interactive गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कक्षा प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
कोरबा,20 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता एवं अमानक निर्माण पाए जाने पर उप अभियंता रामकुमार पोर्ते को 18 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है।
कलेक्टर द्वारा 06 सितंबर 2026 को किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सलोरा ‘क’ में निर्माणाधीन पीडीएस दुकान-सह-गोदाम तथा ग्राम पंचायत जेंजरा में आंगनबाड़ी भवन एवं प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्यों में निर्धारित प्राक्कलन, मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं पाया गया। इस संबंध में जारी कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब को असंतोषप्रद पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
विभागीय जांच के लिए श्रीमती यामिनी देवांगन, कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा को जांचकर्ता अधिकारी तथा बाबूलाल यादव, अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत पाली को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन अवधि में श्री पोर्ते का मुख्यालय ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।