Connect with us

कोरबा

सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्धता, किसानों को मिल रही समय पर सुविधा

Published

on

कृषक हेमचरण यादव ने सराही आदान सामग्री वितरण की सुगम व्यवस्था

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में खरीफ सीजन के दौरान किसानों के लिए खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण, नियमित आपूर्ति तथा समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा यह व्यवस्था बनाई गई है कि किसानों को आवश्यक कृषि आदान सामग्री समय पर उपलब्ध हो, ताकि खेती के कार्य बिना किसी रुकावट के निर्धारित समय पर पूरे किए जा सकें। जिले की सभी सहकारी समितियों में खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण किया गया है तथा किसानों को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से आदान सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में कोरबा जिले के ग्राम करमंदी निवासी कृषक हेमचरण यादव ने भी खरीफ सीजन के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लगभग डेढ़ एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करने वाले श्री यादव ने बताया कि उन्होंने भैंसमा स्थित सहकारी समिति से खेती के लिए आवश्यक उर्वरक प्राप्त किए। समिति में पहुंचने पर उन्हें बिना किसी परेशानी के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक आदान सामग्री उपलब्ध करा दी गई।

श्री यादव ने बताया कि उन्हें समिति से यूरिया एवं एनपीके उर्वरक आसानी से प्राप्त हो गए। उन्होंने कहा कि समिति में खाद एवं बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को आवश्यक सामग्री के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ रहा है। समय पर आदान सामग्री मिलने से खरीफ खेती की तैयारियां भी समय पर पूरी हो रही हैं और किसान पूरे उत्साह के साथ बुवाई कार्य में जुटे हैं।
उन्होंने समिति में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों की आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा गया है। समय पर खाद-बीज की उपलब्धता से खेती को नई गति मिली है और किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान हितैषी पहल से खेती करना पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हुआ है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा-चांपा हाईवे पर दो हादसे:बाइक-टक्कर में युवक की मौत, भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत 6 लोग घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि यदि कार गश्ती वाहन से नहीं टकराती, तो हादसा और भी भीषण हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हो गया।

युवक की मौत के बाद मारपीट

धनेश्वर की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

गैरेज में बाइक रिपेयरिंग के दौरान पल्सर में लगी आग:शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सड़क पर लाकर बुझाई गई

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक मालिक और मिस्त्री समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।

गनीमत रही कि आग गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक नहीं पहुंची। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसके बाद मालिक किसी तरह धक्का देकर बाइक को गैरेज तक लाया था। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बाइक में फैल गई।

आग को गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक फैलने से रोकने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि रिपेयरिंग के दौरान किक मारने पर निकली चिंगारी से आग लग गई। हालांकि, आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक में अचानक आग लगने से मिस्त्री भी इसकी चपेट में आ सकता था। हालांकि, समय रहते जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाल दिया गया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को नुकसान होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

विशेष लोक अदालत 21 नवंबर 2026 हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोरबा श्रीमती नीता यादव द्वारा ली गई बैठक

Published

on

कोरबा 25 अक्टूबर 2026। 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा श्रीमती नीता यादव की अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय कटघोरा और करतला के न्यायाधीशगण की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। आगामी विशेष लोक अदालत 21 नवंबर 2026 व नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर 2026 में राजीनामा योग्य अधिक से अधिक प्ररकणों को चिन्हाकिंत किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है तथा प्रकरणों में पक्षकारों को सूचित कर प्री-सिटिंग के माध्यम से प्रकरणों का समझौते के आधार पर निराकरण किये जाने पर जोर दिया गया है तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भी विशेष लोक अदालत व नेशनल लोक अदालत का प्रचार प्रसार किये जाने हेतु निर्देश दिया गया है तथा न्यायाधीशगण को विशेष लोक अदालत एवं नेशनल लोक अदालत की तैयारी हेतु न्यायालयीन प्रक्रियाओं में त्वरित गति से कार्यवाही सम्पूर्ण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा सु़श्री मयुरा गुप्ता ने बताया कि न्यायालयों में लंबित मामलों के आधार पर संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजने सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी किये जाना सुनिश्चित किया जा रहा है तथा संबंधित विभागो को भी पत्राचार किया जा चुका है। कु0 डिम्पल सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा बताया गया है कि स्पेशल लोक अदालत के सफल आयोजन व क्रियान्वयन हेतु बैंक व फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों व अधिवक्तागणों के साथ पुनः बैठक आयोजित की जावेगी। जिससे अधिक से अधिक चेक बाउंस के प्रकरणों का निराकरण किया जाना सुनिश्चित किया जा सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677