Connect with us

कोरबा

राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत एसईसीएल मुख्यालय में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन

Published

on

हास्य, व्यंग्य, गीत एवं ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से सजी साहित्यिक संध्या, कवियों ने बांधा समां

बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत 25 सितंबर 2026 को एसईसीएल मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के मार्गदर्शन में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं से हास्य, व्यंग्य, गीत एवं ओज की अनूठी छटा बिखेरी।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी) – संचालन रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी) – योजना एवं परियोजना (अतिरिक्त प्रभार) नृपेन्द्र नाथ श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती इप्सिता दास एवं श्रीमती विनिता जैन सहित एसईसीएल संचालन समिति, एसईसीएल कल्याण मंडल, एसईसीएल सुरक्षा समिति, सीएमओएआई, सिस्टा, ओबीसी प्रतिनिधियों, विभिन्न श्रम संघों के प्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कवियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित यह कवि सम्मेलन हिंदी भाषा एवं साहित्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को दिशा देने और सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करते हैं।

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। प्रसिद्ध कवयित्री एवं गीतकार डॉ. सरिता शर्मा ने अपनी भावपूर्ण गीत प्रस्तुतियों से जीवन, रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को स्वर दिया। हास्य कवि एवं लोक गायक श्री जगवीर राठी ने अपनी लोक शैली और हास्यपूर्ण अंदाज से सभागार में हंसी की फुहार बिखेरी। वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य कवि सुदीप भोला ने अपनी चुटीली व्यंग्य रचनाओं के माध्यम से सामाजिक परिस्थितियों पर सहज कटाक्ष किए।

ओज एवं वीर रस के प्रसिद्ध कवि अशोक चारण ने अपनी जोशीली कविताओं से वातावरण में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। युवा कवि एवं गीतकार स्वयं श्रीवास्तव ने अपनी संवेदनशील गीतात्मक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर किया। हास्य-व्यंग्य के लोकप्रिय कवि शंभू शिखर ने अपनी मंचीय शैली और हास्यपूर्ण प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। शृंगार एवं प्रेम रस की कवयित्री डॉ. तिष्या श्री ने अपनी मधुर कविताओं से साहित्यिक माधुर्य घोला, वहीं युवा हास्य कवि एवं व्यंग्यकार हीरामणि वैष्णव ने अपनी विशिष्ट हास्य शैली से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

कवियों की विविध प्रस्तुतियों में हास्य, व्यंग्य, गीत, शृंगार और वीर रस के विभिन्न रंग देखने को मिले। कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा और उपस्थित श्रोताओं ने कवियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

Continue Reading

कोरबा

इंडियन पब्लिक स्कूल चैतमा में स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी पहल

Published

on

विद्यार्थियों एवं स्टाफ के दांतों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित देखभाल के लिए किया गया जागरूक

कोरबा/चैतमा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में इंडियन पब्लिक स्कूल चैतमा द्वारा सराहनीय पहल करते हुए विद्यालय परिसर में विशेष दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ के दांतों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया।
शिविर में मैक्स डेंटल केयर के दंत चिकित्सक डॉ. राहुल मिश्रा एवं डॉ. शिखा एक्का ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ के दांतों की जांच की तथा दांतों की स्वच्छता, नियमित ब्रश करने की सही विधि, खान-पान में सावधानी और दांतों से संबंधित समस्याओं से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वस्थ दांतों के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से दंत परीक्षण कराने की सलाह भी दी गई।

विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को प्राचार्य संतोष देवनाथ एवं एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्र की निगरानी में व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के साथ स्वस्थ दांत भी विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य का महत्वपूर्ण आधार हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में हेडमास्टर जयराम सर सहित शिक्षिकाओं सुषमा कैवर्त, अंजलि महंत, कीर्ति भारिया एवं अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सक्रिय सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इंडियन पब्लिक स्कूल चैतमा द्वारा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास को भी प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए ऐसे उपयोगी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Continue Reading

कोरबा

हाथियों के झुंड ने रौंदी फसल, दंतैल ने तोड़ा मकान:केंदई-एतमानगर-जटगा से पसान पहुंचे 30 हाथी, मोहनपुर और बनिया में अलग-अलग झुंड

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों की सक्रियता बढ़ गई है। केंदई, एतमानगर और जटगा रेंज में घूम रहे करीब 30 हाथियों का झुंड अब पसान क्षेत्र के लैंगी, मोहनपुर और बनिया पहुंच गया है। हाथी अलग-अलग झुंडों में बंटकर पांच से ज्यादा स्थानों पर घूम रहे हैं।

बीती रात हाथियों ने कई ग्रामीण इलाकों में खेतों में लगी धान की फसल रौंद दी। अब हाथी दिन में भी फसल खा रहे हैं और रात के समय गांवों के आसपास पहुंच रहे हैं। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है और ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।

झुंड से अलग दंतैल ने कच्चा मकान तोड़ा

झुंड से अलग हुए एक दंतैल हाथी ने मोहनपुर और पोड़ीकला के बीच जंगल में थुहानाला के पास रात में ग्रामीण के कच्चे मकान को कई जगह से तोड़ दिया। घटना के समय मकान मालिक परदेशी अपने परिवार के साथ एक ही कमरे में डरे हुए दुबके रहे।

हाथी के हमले से मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात रही कि घटना में किसी की जनहानि नहीं हुई।

अकेले घूम रहे दंतैल से ज्यादा खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का बड़ा झुंड आमतौर पर गांव के ज्यादा करीब नहीं आता। सबसे ज्यादा खतरा झुंड से अलग होकर घूमने वाले दंतैल हाथियों से बना हुआ है। पसान रेंज में सक्रिय हाथियों के दल में दो अकेले हाथी भी शामिल हैं, जो झुंड से अलग घूम रहे हैं। इनके लगातार स्थान बदलने के कारण वन विभाग के सामने इनकी निगरानी चुनौती बनी हुई है।

गांवों में मुनादी, जंगल नहीं जाने की सलाह

हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। हाथियों की मौजूदगी वाले गांवों में टीम की ओर से मुनादी कराई जा रही है।

ग्रामीणों को जंगल और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा रात में अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रख रही है।

करतला रेंज में भी 9 हाथी पहुंचे

इधर, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 9 हाथी बेहरसुआं क्षेत्र में पहुंच गए हैं। ये हाथी पहले लबेद के आसपास घूम रहे थे।

वहीं, चिकनीपाली के पहाड़ पर 9 हाथियों का एक और दल अभी भी मौजूद है। इस तरह जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों की लगातार मौजूदगी बनी हुई है, जिससे वन विभाग को निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना पड़ रहा है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के घर में घुसा सांप,महिला को डसने का शक:कॉमन वुल्फ स्नेक का रेस्क्यू, सर्प मित्र ने बताया- यह जहरीला नहीं

Published

on

कोरबा। कोरबा के मानिकपुर इलाके में आधी रात एक घर में सांप घुसने से हड़कंप मच गया। रात करीब 3:30 बजे बिस्तर पर सांप देखकर घर की महिला चीखने लगी। परिजनों को आशंका हुई कि सांप ने महिला को डस लिया है। इसके बाद मोहल्ले में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सिपाही हितेश राव ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी ने पहले महिला को अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद वे खुद मौके पर पहुंचे और सावधानी से सांप को पकड़ लिया।

करैत जैसा दिखता है, लेकिन जहरीला नहीं

रेस्क्यू के बाद सांप की पहचान कॉमन वुल्फ स्नेक के रूप में हुई। रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी के मुताबिक, यह सांप जहरीला नहीं होता। उन्होंने बताया कि इसका रंग-रूप करैत जैसा दिखाई देता है, इसलिए कई बार लोग इसे जहरीला समझ लेते हैं।

सांप को लेकर अस्पताल पहुंचे रेस्क्यूअर

सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद जितेंद्र सारथी सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर से मिलकर स्पष्ट किया कि पकड़ा गया सांप जहरीला नहीं था। यह जानकारी मिलने के बाद महिला और उसके परिवार ने राहत की सांस ली।

डॉक्टरों ने भी महिला की हालत ठीक बताई। घटना के बाद समय पर सूचना देने और रेस्क्यू टीम तक बात पहुंचाने में सिपाही हितेश राव की भूमिका की भी सराहना की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677