Connect with us

कोरबा

बाल विवाह की रोकथाम में सहयोग हेतु अपील

Published

on

कोरबा। आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर्व आ रहा है। इस पर्व पर बडे पैमाने पर कतिपय क्षेत्रों में बाल विवाह की घटनाऐं देखने में आती है। इन घटनाओं की समय पर रोकथाम हेतु शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप रोक लगाया जाता है। बाल विवाह एक सामाजिक कुप्रथा के साथ ही साथ कानूनन अपराध है। 18 वर्ष के पूर्व लड़की तथा 21 वर्ष के पूर्व लड़के का विवाह करना बाल विवाह की श्रेणी में आता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बहुतायत से जनजाति व विशेष पिछडी जनजाति पण्डों, बिरहोर, पहाड़ी कोरवा आदि निवास करते है। इन जनजातियों में शिक्षा का स्तर बहुत कम है। शिक्षा के अभाव में बाल विवाह के दुष्परिणाम यथा कुपोषण, कम वजन के शिशु पैदा होने, महिलाओं में एनिमिया आदि की शिकार होने की संभावना होती है। बच्चों के देखरेख एवं संरक्षण हेतु प्रत्येक ग्रामों में ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति गठित है, जिसके सरपंच अध्यक्ष तथा ग्राम सचिव (सदस्य सचिव), आंगनबाडी कार्यकर्ता, मितानिन व अन्य गणमान्य नागरिक, जन प्रतिनिधि आदि सदस्य है। उक्त समिति के सदस्यों व गणमान्य नागरिकों द्वारा रामनवमी तथा अक्षय तृतीया या अन्य अवसरों पर होने वाले बाल विवाह को प्रभावी तरीके से समय पर रोकथाम व बच्चों के देखरेख एवं संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सकता है। साथ ही जिले में बाल विवाह कराये जाने की सूचना प्राप्त हो तो उसकी सूचना अविलंब बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी, पर्यवेक्षक महिला बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, 112 आपातकालीन नम्बर अथवा चाइल्ड हेल्प लाईन नम्बर 1098 पर सूचना दी जा सकती है।  
महिला एवं बाल विकास विभाग सभी गणमान्य नागरिकों, समाज प्रमुखों, धार्मिक व वैवाहिक अनुष्ठान को संपन्न कराने वाले धार्मिक सेवा प्रदाता टेंट हाउस, डीजे बैंडबाजा, प्रिंटिंग प्रेस संचालकों तथा जन प्रतिनिधियों से अपील करता है कि बिना आयु प्रमाण पत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में सेवाएं प्रदान न करें। बाल विवाह पर प्रभावी रोक के लिए सभी अपना सहयोग प्रदान करें, जिससे जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त किया जा सके और जिलें में बच्चां के देखरख एवं संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।

Continue Reading

कोरबा

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एडवांस्ड डायग्नोस्टिक सेंटर में 18 अप्रैल को, न्यूरो-साइकेट्रिक व त्वचा रोग विशेषज्ञ देंगे सेवाएं

Published

on

कोरबा। शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित एडवांस्ड डायग्नोस्टिक सेंटर में शनिवार 18 अप्रैल को एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें अहमदाबाद की प्रख्यात न्यूरो-साइकेट्रिक विशेषज्ञ डॉ. रजनी वर्मा एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ एवं कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. जय बावने अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

शिविर में मानसिक एवं तंत्रिका संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। डॉ. रजनी वर्मा ने बताया कि चिंता, डर, घबराहट, नशे की लत, डिप्रेशन, मिर्गी, तनाव, अनिद्रा (नींद की कमी) तथा बच्चों में व्यवहार संबंधी विकार जैसे मामलों का विशेषज्ञ परामर्श इस कैंप में निशुल्क दिया जाएगा।
वहीं त्वचा एवं कॉस्मेटिक समस्याओं के लिए भी यह शिविर उपयोगी रहेगा। डॉ. जय बावने द्वारा रेडियोफ्रिक्वेंसी/इलेक्ट्रोकॉटरी, केमिकल पीलिंग, फोटोथेरेपी, माइक्रोडर्माब्रेशन (स्किन पॉलिशिंग), लेजर द्वारा अनचाहे बाल हटाना, प्री-ब्राइडल स्किन ट्रीटमेंट (शादी से पूर्व मुंहासों के दाग हटाना, हाइड्रेशन बढ़ाना और तुरंत निखार लाना), झाइयों का उपचार, चेहरे के काले दाग-धब्बे, टैटू हटाना, सफेद दाग (विटिलिगो) तथा आंखों के आसपास कालापन जैसी समस्याओं पर विस्तृत जानकारी एवं परामर्श दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में आने वाले सभी मरीजों की गोपनीयता (प्राइवेसी) का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लोग बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
यह शिविर निहारिका स्थित एडवांस्ड डायग्नोस्टिक सेंटर, नगर निगम जोन कार्यालय के पास आयोजित होगा। मरीजों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 7879165185 भी जारी किया गया है। गौरतलब है कि न्यू कोरबा हॉस्पिटल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और “बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर जीवन” का उद्देश्य साकार हो सके।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने किया प्रसाद वितरण, महापौर ने सराहा धार्मिक आयोजन

Published

on

कोरबा। शहर के राम सागर पारा क्षेत्र में केसरवानी परिवार द्वारा आयोजित नव दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। इस धार्मिक आयोजन में कथा वाचक पंडित श्रीकांत दुबे द्वारा भक्तों को कथा का रसपान कराया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ द्वारा श्रद्धालुओं के बीच हलवा प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में कोरबा नगर पालिका निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं पार्षद ईश्वर पटेल, युगल केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत साईं सेवा महिला समिति द्वारा किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ जैसे धार्मिक आयोजनों से मोहल्ले का वातावरण सकारात्मक और आध्यात्मिक बनता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रत्येक मोहल्ले में होने चाहिए, जिससे समाज में सद्भाव और संस्कारों का प्रसार हो। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें भी कथा श्रवण का अवसर प्राप्त हुआ, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला अध्यक्ष विपेंद्र कुमार साहू, जिला सचिव जय कुमार नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, राय सिंह, अनिल गिरी, राजकुमार पटेल, तपेश्वर राठौर एवं रामायण सिंह सहित गौ सेवा समिति व अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा को मिली महिला थाना की सौगात

Published

on

निरीक्षक भावना सिंह बनी प्रथम थानेदार
कोरबा। आज कोरबा जिले के लिए शासन ने बड़ी सौगात दी है। कोरबा को महिला थाना की सौगात दी गई है। केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व सभापति अशोक चावलानी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम कमिशनर आशुतोष पाण्डेय, एसपी सिद्धार्थ तिवारी के आतिथ्य में सिविल लाईन थाना परिसर में महिला थाना आमजनता के लिए लोकार्पित किया गया।

महिला निरीक्षक भावना सिंह को अतिथियों ने नई थाना प्रभारी के रूप में शपथ दिलाई और अतिथियों ने उन्हें कुर्सी पर बिठाया। महिला थाना लोकार्पित होने के बाद अतिथियों ने पुलिस परिवार के उन होनहार बच्चों का सम्मान किया, जो सीबीएसई 10वीं एवं 12वीं बोर्ड में अच्छे अंक लाकर पुलिस परिवार, स्कूल एवं जिले का नाम रोशन किया। साथ ही गरमी के दिनों में आगजनी से बचाव एवं सायबर ठगी से सावधान रहने जागरूकता पाम्पलेट का विमोचन किया।

महिला थाना होने के बाद महिलाओं को मिलेगी राहत-लखन

पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि अब पीड़ित महिलाएं सीधे महिला थाना में आकर अपनी समस्याएं बताएंगी और थाना में पूरा महिला स्टाफ होने से वे झिझकेंगी नहीं और खुलकर अपनी पीड़ा बता पाएंगी। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ सरकार महिला अपराध रोकने हर तरह के कदम उठा रही है और भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है और अपराध में कमी आई है।

महिलाओं के लिए अतिरिक्त सौगात है महिला थाना-सिद्धार्थ तिवारी

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन महिला सुरक्षा के प्रति संजीदा है। सभी थाना-चौकियों में महिला अपराध सहित सभी अपराधों पर त्वरित कार्यवाही करती है। महिला थाना कोरबा जिले के लिए अतिरिक्त सौगात है और इसमें पीड़ित महिलाएं खुलकर बयान दे सकती हैं। महिला थाना में पर्याप्त महिला बल तैनात किया गया है। महिलाओं को यहां काफी राहत मिलेगी। शासन ने कोरबा के लिए यह बड़ी सौगात दी है।

भावना सिंह बनी पहली महिला थाना प्रभारी

निरीक्षक भावना सिंह कोरबा का पहला महिला थाना की प्रभारी बनाईं गई हैं। मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन सहित सभी अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए अपेक्षा की है कि वे महिला अपराध से संबंधित सभी मामलों के त्वरित कार्यवाही में पूर्ण निष्ठा के साथ कर्त्तव्य निर्वहन करेंगी।

वाटर कूलर की घोषणा

साधना न्युज की कोरबा जिला हेड श्रीमती रेणु जायसवाल ने नव लोकार्पित महिला थाना परिसर में पेयजल की समस्या से मंत्री लखनलाल देवांगन को अवगत कराया। उन्होंने त्वरित महिला थाना भवन में आरओ सहित वाटर कूलर की घोषणा की और कहा कि दो-तीन दिन में थाना में वाटर कूलर लग जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पप्पू जैन, प्रफूल्ल तिवारी, मण्डल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, कमला किंडो, विष्णु यादव, विवेक मारकण्डे, श्रीमती नायक, श्रीमती मोदी, श्रीमती दुबे, आकाश श्रीवास्तव, भाजपा मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, राम त्रिपाठी, आर के तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677