ढाका/नई दिल्ली,एजेंसी। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं को इस समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस समारोह में भारत की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी रहेंगे।
PM मोदी 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं, इसलिए वे ढाका नहीं जा रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह परंपरा से अलग इस बार राष्ट्रपति भवन की जगह ढाका के नेशनल पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में होगा।
तारिक रहमान ने जीत के बाद शनिवार को पहली बार मीडिया से बात की।
SAARC सदस्य देशों को न्योता देने की तैयारी में बांग्लादेश
बांग्लादेश ज्यादातर SAARC सदस्य देशों के नेताओं को आमंत्रित करने की योजना बना रहा है। SAARC पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पहल पर शुरू हुआ था। जिया, तारिक के पिता थे। इसके अलावा चीन, मलेशिया, सऊदी अरब और तुर्किये जैसे मित्र देशों के प्रमुखों को भी बुलाने की तैयारी है।
तारिक रहमान ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार की विदेश नीति बांग्लादेश के लोगों के हितों की रक्षा पर केंद्रित होगी और यह किसी एक देश पर आधारित नहीं होगी।
रहमान बोले- SAARC को फिर एक्टिव करने की कोशिश करेंगे
बांग्लादेश आम चुनाव में जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को पहली बार मीडिया से बात की।
उन्होंने कहा कि SAARC की शुरुआत बांग्लादेश ने की थी, इसलिए वे इसे फिर से शुरू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद वे दूसरे देशों से बात करेंगे और संगठन को दोबारा एक्टिव करने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने साफ कहा कि देश में कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी। शांति और सुरक्षा बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून सभी पर बराबर लागू होगा।
तारिक रहमान ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि रास्ते और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के हित में सभी को साथ रहना होगा। राष्ट्रीय एकता ही देश की ताकत है और बंटवारा कमजोरी।
तारिक ने कहा कि आज से देश में सच्चे अर्थों में आजादी और अधिकार बहाल हुए हैं। उन्होंने बांग्लादेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने सभी मुश्किलों को पार कर देश में लोकतंत्र की राह बनाई है।
चुनाव परिणाम के बाद तारिक रहमान ने शुक्रवार को मस्जिद में नमाज अदा की और अपने माता-पिता को श्रद्धांजलि दी।
रहमान बोले- बांग्लादेश का हित सबसे ऊपर
तारिक रहमान ने भारत-बांग्लादेश रिश्तों से जुड़े सवाल पर कहा कि हम बांग्लादेश के हितों को सबसे ऊपर रखेंगे। रहमान ने यह भी कहा कि चीन बांग्लादेश का विकास में सहयोगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बांग्लादेश और चीन मिलकर काम करते रहेंगे। उनका कहना था कि दूसरे देशों की तरह चीन भी बांग्लादेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जब उनसे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस लाने के बारे में पूछा गया, तो रहमान ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
पीएम मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई दी थी
इससे पहले शुक्रवार को पीएम मोदी और रहमान के बीच पहली फोन बातचीत हुई। मोदी ने तारिक रहमान को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम करने को उत्सुक हैं।
BNP ने एक्स पर एक पोस्ट में मोदी के बधाई संदेश के लिए धन्यवाद दिया। पार्टी ने कहा, ‘हम भारत के साथ रचनात्मक तरीके से जुड़ने को तैयार हैं। हमारा रिश्ता आपसी सम्मान, एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि की साझा प्रतिबद्धता से आगे बढ़ेगा।’
16 फरवरी को भारत की यात्रा पर आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों कल यानी 16 फरवरी से भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने मैक्रों के दौरे का पूरा शेड्यूल जारी किया है जिसमें वो 16 फरवरी को देर रात दिल्ली पहुंच रहे हैं और 17 फरवरी को उनका मुंबई में कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में मैक्रों के साथ होंगे, जहां राजभवन के दरबार हाल में MoU पर हस्ताक्षर होंगे और प्रेस बयान जारी किया जाएगा। मैक्रों का दौरा 19 फरवरी तक रहने वाला है और वो शाम को पेरिस रवाना होंगे।
इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि अंतरारष्ट्रीय दौरे की व्यस्तता के चलते पीएम मोदी शायद ही तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में जा पाएं, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे हैं तारिक रहमान
तारिक रहमान पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं। उन्होंने 1988 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) जॉइन की। 2001 के चुनाव में संगठनात्मक काम से उन्हें पहचान मिली, लेकिन 2006 के बाद उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और 2007 में उन्हें गिरफ्तार किया गया।
2008 में इलाज के लिए वे लंदन चले गए और करीब 17 साल तक देश से बाहर रहे। इस दौरान वे पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष और बाद में कार्यकारी अध्यक्ष बने। उन पर कई मामले दर्ज हुए, लेकिन बाद में अदालतों ने उन्हें बरी कर दिया।
पिछले साल वे बांग्लादेश लौटे और मां के निधन के बाद पार्टी की कमान संभाली। हालिया चुनाव में BNP की जीत के बाद तारिक रहमान अब देश के प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार बन गए हैं।
पटना औरंमहापर्व छठ के तीसरे दिन बिहार के 10 हजार से ज्यादा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूरज को पहला अर्घ्य दिया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के घाट पर पहुंचे। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने घर पर पूजा की।
पटना के मिर्जापुर गांव में घाट की सजावट करने गए चार युवक पुनपुन नदी में डूब गए। एक को रेस्क्यू टीम ने बचा लिया है। 3 अभी भी लापता है। इनकी तलाश जारी है।
छठ पूजा के लिए करीब 50 लाख लोग दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई जैसे महानगरों समेत दुनिया के कई देशों से बिहार लौटकर आए हैं। इनमें करीब 40 लाख लोग ट्रेन, 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और निजी वाहन से लौटकर बिहार आए हैं।
औरंगाबाद के देव सूर्य मंदिर में करीब 12 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य की आराधना हुई।
बांका में संध्या अर्घ्य के बाद वाराणसी की तरह गंगा आरती हुई।
शिक्षा मंत्री ने सरकारी आवास पर की पूजा
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रविवार की शाम अपने परिवार के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस साल उनकी पत्नी पटना से ही छठ व्रत कर रही हैं। शिक्षा मंत्री के सरकारी आवास परिसर में छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां बने कृत्रिम तालाब को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सोमवार की सुबह इसी तालाब में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
अमृतसर, एजेंसी। अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग करने की प्लानिंग के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो शॉर्पशूटर्स को अरेस्ट किया है। इनमें जालंधर का रहने वाला विकास ठाकुर और तरनतारन का निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, विकास दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने आया था। वहीं, दीपक 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों शूटर्स को अलग-अलग काम सौंपे गए थे
अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी
दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस मामले में उसके साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दीपक को मुंबई में ज्यादा समय तक रुकने के लिए कहा गया था। उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी।
पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है।
दिल्ली के कारोबारी पर फायरिंग करनी थी
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के मुताबिक, विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां उसे एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए उसके ऊपर फायरिंग करनी थी।
इस हमले में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने वारदात से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई कर दीपक को भी पकड़ लिया।
अमिताभ पर आरोप लगे थे- दंगों में भीड़ को उकसाया था
कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था।
शिकायतकर्ताओं का दावा था कि अमिताभ ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर ‘खून का बदला खून’ और ‘खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए’ जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।
2014 में अमेरिकी कोर्ट का समन आया
अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस ने लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में अमिताभ के इस कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था, जिसका बच्चन ने कानूनी रूप से खंडन किया।
इसके अलावा, भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों में अमिताभ बच्चन को कभी आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत पाया गया।
अमिताभ बच्चन का बंगला उड़ाने की धमकी, दो ईमेल आए
अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल 6 नवंबर को मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ई-मेल आया था। इसमें भी बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी।
‘दिलजीत ने अमिताभ के पैर छुए, इसलिए उसे भी मारेंगे’
23 अक्टूबर को किए ईमेल में 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी जिक्र है। इसमें कहा गया था- ‘दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उस पर हमला किया जाएगा। 27 नवंबर को दिलजीत को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले में मारना है।’
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें बीएमसी मुख्यालय पहुंचीं। मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय सहित विभिन्न चैंबर्स की भी तलाशी ली।
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी
मुंबई में 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई। टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नई दिल्ली/गढ़चिरौली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया। 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित थे। हर साल हजारों लोगों और आदिवासियों की जान जाती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। नक्सली गरीब परिवारों के बच्चों और बेटियों को उठा ले जाते थे। हमने नक्सलवाद-माओवाद को खत्म किया। इससे अब आदिवासी महिलाओं और परिवारों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पीएम रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। पीएम ने तीन हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही मिजोरम में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का उद्घाटन भी किया।
मोदी दिल्ली में बिरसा मुंडा की जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए, खरताल बजाई
पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिल्ली में बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आदिवासी कलाकारों ने डांस की प्रस्तुति दी। पीएम ने कलाकारों के साथ खरताल भी बजाई।
सरकार ने 2021 में बिरसा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया था। पीएम मोदी 2023 में बिरसा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी, झारखंड) गए थे। वे उलिहातू का दौरा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं।
मोदी बोले- पहले लोग छत्तीसगढ़ जाने से डरते थे
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग वहां जाने से डरते थे, लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने सुरक्षा बलों के साथ इसी इलाके में दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व आदिवासी समाज की एक बेटी के हाथ में है।
PM मोदी बोले- 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए
मोदी ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। देश इस समय दो बड़ी उपलब्धियों की चर्चा कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछड़े और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट रखा। मुद्रा योजना से बिना गारंटी के कर्ज देकर लोगों के लिए रोजगार और कमाई के अवसर बढ़ाए गए।
मोदी ने कहा- आजादी की लड़ाई में आदिवासी वीरों-वीरांगनाओं ने बलिदान दिया
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई में आदिवासी समाज ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और कई वीरों-वीरांगनाओं ने बलिदान दिया। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका ‘उलगुलान’ आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा है।
मोदी बोले- देश आज आदिवासी नायक-नायिकाओं को गर्व से याद कर रहा है
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के गौरव और भगवान बिरसा मुंडा की भावनाओं से जुड़ा पर्व है। आज देश अपने आदिवासी नायक-नायिकाओं को गर्व के साथ याद कर रहा है। गढ़चिरौली में हो रहे बड़े आयोजन का जिक्र करते हुए उन्होंने राघव जी भागरे और भागोजी नाइक जैसे वीरों को नमन किया।