Connect with us

कोरबा

कोरबा में स्कॉर्पियो दादर नाले में बही, दो युवक बचे:युवा कांग्रेस नेता नशे में था, पुलिस ने वाहन जब्त कर केस दर्ज किया

Published

on

कोरबा। कोरबा में शराब के नशे में युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव ने उफनते दादर नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश की। इस दौरान तेज बहाव में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बहने लगी और आधी पानी में डूब गई।

वाहन में अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अल्कोहल मीटर परीक्षण में दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई।

कोरबा में उफनते दादर नाले में बही थी स्कॉर्पियो।

कोरबा में उफनते दादर नाले में बही थी स्कॉर्पियो।

स्थानीय लोगों ने नाला पार करने से किया था मना

घटना शनिवार शाम की है। भारी बारिश के बाद दादर नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार करने से मना किया था। इसके बावजूद दोनों ने वाहन से नाला पार करने का प्रयास किया।

बीच नाले में पहुंचते ही तेज बहाव में बही स्कॉर्पियो

स्कॉर्पियो जैसे ही नाले के बीच पहुंची, पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। वाहन अनियंत्रित होकर बहने लगा और देखते ही देखते आधा पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया।

वाहन में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोग थे

स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे। इनमें युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके साथ चंद्र कुमार कश्यप भी मौजूद थे।

पुलिस ने अल्कोहल मीटर से किया परीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

बीएनएस और एमवी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों से उफनते नाले और नदी पार नहीं करने की अपील कर रही है। उन्होंने बताया कि चंद्र कुमार कश्यप और अंकित श्रीवास्तव ने बहते पानी में स्कॉर्पियो पार करने का प्रयास किया था।

मामले में BNS की धारा 283 और MV Act की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। शराब पीकर वाहन चलाने पर MV Act की धारा 185 के तहत भी मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नाले-नालियों को पार करने का जोखिम न लें। तेज बहाव में वाहन कुछ ही सेकंड में नियंत्रण से बाहर हो सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।

Continue Reading

कोरबा

बिलासपुर में कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने लगाई फांसी:सुसाइड नोट में लिखा- 7-8 महीने से डिप्रेशन में हूं,मम्मी-पापा मुझे माफ करना, लॉज में मिली लाश

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर में कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी लाश पुरानी बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज के कमरे में फंदे पर लटकती मिली। मृतक की पहचान कोरबा के दीपका निवासी प्रदीप जायसवाल (25) के रूप में हुई है।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन में था और काफी तनाव में था। साथ ही मम्मी-पापा से माफी मांगी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक दीपका निवासी प्रदीप की दादी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी देखरेख के लिए वह कोरबा से बिलासपुर आया था। रविवार को उसका छोटा भाई भी बिलासपुर पहुंचा।

तीन-चार दिन से अस्पताल में होने के कारण उसने भाई प्रदीप को घर जाने के लिए ऑटो में बैठाया, लेकिन वह घर जाने के बजाए पुराना बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज पहुंच गया। वहां कमरा बुक कराने के बाद वह रात में वहीं रुका।

सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला, परिजनों ने शुरू की तलाश

सोमवार सुबह लॉज के कमरे का दरवाजा बंद मिला। इधर, प्रदीप के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान उसके ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से परिजनों को उसके शारदा लॉज में होने की जानकारी मिली। वे तत्काल लॉज पहुंचे और कमरे की जानकारी ली।

पुलिस की मौजूदगी में खोला लॉज का कमरा

परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर प्रदीप फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-पापा मुझे माफ करना

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से मिले सुसाइड नोट मिला, जिसमें प्रदीप ने लिखा है कि वह पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन और काफी तनाव में था। इसलिए फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहा हूं। मम्मी-पापा मुझे माफ करना।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय के 03 कर्मियों के सेवानिवृत्त पर भावभीनी विदाई दी गयी

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। आज दिनाँक 31.08.2026 को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर से सेवानिवृत्त हुए 03 कर्मियों को मुख्यालय बिलासपुर स्थित सीएमडी कक्ष में उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पहार से सम्मानित कर समस्त भुगतान का चेक प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गयी।

मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कान्फ्रेन्स हाल में मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के मुख्य आतिथ्य, विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में विवेक सिंह चंदेल, लाइब्रेरियन, मानव संसाधन विभाग, आलोक कुमार जायसवाल, सहायक अभियंता, ईएनटी विभाग तथा जसपर कार्ल, वरिष्ठ डीईओ , सामग्री प्रबंधन विभाग को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गयी।

इस अवसर पर शीर्ष प्रबंधन ने अपने-अपने उद्बोधन में कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान एवं कार्यकौशल से ही कम्पनी सफलता के मुकाम पर पहुँची है। सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। अंत में उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के सपरिवार उज्ज्वल भविष्य की ईश्वर से कामना की।

सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने कम्पनी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यहाँ के कर्मचारियों में कार्य के प्रति बहुत ही निष्ठा है। यहाँ के अधिकारी-कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर साथ में कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय पढ़ते हुए सफलतापूर्वक उद्घोषणा का दायित्व प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने निभाया।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में “कॉलोनी स्पोर्ट्स-2026” का सफल समापन, अंतिम दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। आज दिनाँक 30 अगस्त 2026 राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्याय में 24 अगस्त से 30 अगस्त, 2026 तक आयोजित “कॉलोनी स्पोर्ट्स-2026” का आज सफल समापन हुआ। सप्ताहभर चले इस खेल महोत्सव में SECL मुख्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट परिचय दिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया तथा पूरे आयोजन में उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना रहा।

इस खेल महोत्सव का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपसी सहयोग, सौहार्द एवं टीम भावना को सुदृढ़ करना था। पूरे सप्ताह आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित की।

आयोजन के अंतर्गत वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, स्केटिंग, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएँ वसंत विहार एवं इंदिरा विहार टाउनशिप स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को साकार किया।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस आज प्रातः साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को एसईसीएल डीएवी स्कूल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बी. सी. सेठी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण), SECL तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, SECL, बिलासपुर के प्राचार्य के. पार्थीपन विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण तथा दैनिक जीवन में खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “फिट इंडिया” एवं “खेलो इंडिया” की भावना को सशक्त संदेश दिया।

SECL प्रबंधन का मानना है कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से “कॉलोनी स्पोर्ट्स-2026” का आयोजन किया गया, ताकि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को खेल गतिविधियों से जोड़ते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

सप्ताहभर चले इस खेल महोत्सव का सफल आयोजन प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण सहयोग एवं SECL प्रबंधन के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677