Connect with us

कोरबा

SECL दीपका एवं गेवरा क्षेत्र के भू-विस्थापितों के शोषण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी, भारतीय जनता मजदूर संघ ने सौंपी 14 सूत्रीय मांगों की सूची

Published

on

कोरबा/दीपका-गेवरा। भारतीय जनता मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने एस.ई.सी.एल. (SECL) दीपका एवं गेवरा कोयला उत्खनन क्षेत्र द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार के प्रभावित भू-विस्थापितों के हक न्याय और सम्मानजनक पुनर्वास को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संघ के प्रदेश संयुक्त महामंत्री (समाजसेवी) मनीराम भारती ने एस.ई.सी.एल. प्रबंधन जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तानाशाही पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक दीपका/गेवरा क्षेत्र को कड़ी चेतावनी भरा ज्ञापन सौंपा है ।

संघ ने आरोप लगाया है कि एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास प्रक्रिया में भारी अपारदर्शिता और अनियमितता बरती जा रही है। ड्रोन कैमरा जी.पी.एस. सर्वे और नियम विरुद्ध कट-ऑफ डेट का बहाना बनाकर भू-विस्थापितों के मुआवजे में 40% से 100% तक की भारी कटौती की जा रही है] जो ग्रामीणों के अधिकारों पर सीधा डाका है ।

प्रमुख मांगें एवं उठाये गए ज्वलंत मुद्दे

  1. 100% सोलेशियम एवं पारदर्शी सर्वे:- मकानों की नापी एवं सर्वे में नया-पुराना का ढोंग बंद किया जाए। सर्वे के समय मौजूद सभी संरचनाओं को वैध मानते हुए, बिना किसी कटौती के 100% सोलेशियम क्षतिपूर्ति के साथ मुआवजा दिया जाए ।
  2. 4 गुना बढ़ा हुआ मुआवजा व लंबित ब्याज:- 2013 के कानून के तहत वर्तमान बाजार दर से 4 गुना मुआवजा दिया जाए, साथ ही वर्ष 2004 2010 और 2025 में अधिग्रहित भूमियों पर पिछले 15 से 22 वर्षों का 12% से 18% की दर से लंबित बैंक ब्याज का भुगतान तुरंत किया जाए ।
  3. संशोधित मुआवजा दरें (रायपुर मार्गदर्शिका 2025):-
    टीन शेड:- रू.2,800/- प्रति
    वर्गफीट बिल्डिंग:- रू.4,600/- प्रति वर्गफीट
    गोदाम: रू.6,200/- प्रति वर्गफीट
    दुकान/स्कूल भवन:- रू.7,200/- प्रति वर्गफीट
    भूमि का मुआवजा:- रू.32 लाख प्रति एकड़ की दर से 4 गुना भुगतान किया जाए ।
  4. कोयला उत्पादन का 5% लाभांश:- खदानों से जितना भी कोयला उत्पादन होगा, उसका 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष विस्थापित परिवारों को रॉयल्टी/लाभांश के रूप में प्रदान किया जाए ।
  5. सम्मानजनक पुनर्वास एवं रोजगार:-
    0.01 डिसमिल भूमि पर म.प्र. पुनर्वास नीति 1991 के तहत स्थायी नौकरी दी जाए ।
    जो परिवार बसाहट में नहीं जाना चाहते उन्हें रू.15 लाख एकमुश्त एवं रू.3 लाख मलबा धुलाई भत्ता दिया जाए ।
    भूमिहीन विस्थापित परिवारों को ठेका कंपनियों में अनिवार्य रूप से रोजगार मिले ।
  6. गुंडागर्दी एवं भय के माहौल पर रोक:- पुलिस बल सी.आर.पी.एफ. और प्राइवेट कलिंगा कंपनी के बाउंसरों/गुंडों के दम पर ग्रामीणों को डराना-धमकाना तुरंत बंद किया जाए ।
  7. संवैधानिक संस्थाओं के पत्रों का सम्मान:- महामहिम राष्ट्रपति सचिवालय (15.06.2026), महामहिम राज्यपाल (10.04.2026) एवं बिलासपुर आयुक्त (30.04.2026) द्वारा कोरबा कलेक्टर व प्रबंधन से जवाब मांगा गया था, जिसे दबाया जा रहा है, शासन-प्रशासन इस पर अविलंब स्थिति स्पष्ट करे ।

आंदोलन व खदान बंदी की चेतावनी

भारतीय जनता मजदूर संघ ने प्रबंधन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भू-विस्थापितों की समस्याओं का सम्मानपूर्वक निराकरण नहीं किया गया, तो संघ प्रभावित ग्रामीणों के साथ मिलकर एस.ई.सी.एल. दीपका एवं गेवरा खदानों का चक्काजाम कर अनिश्चितकालीन खदान बंदी आंदोलन करेगा। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या आर्थिक नुकसान की सम्पूर्ण जिम्मेदारी एस.ई.सी.एल. प्रबंधन दीपका/गेवरा क्षेत्र की होगी।

Continue Reading

कोरबा

995.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा 31 अगस्त 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 995.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 879.1, कोरबा 1337.9 मिलीमीटर, भैंसमा, 1106.2, करतला 1097.6, बरपाली 876.8, कटघोरा 971.2, दीपका 1075.4, दर्री 1081.9, पाली 972.3, हरदीबाजार 743.8, पोंड़ी-उपरोड़ा 971, और पसान तहसील में 830.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 4.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को किया निलंबित

Published

on

कोरबा, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका, तहसील दीपका में पदस्थ राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर द्वारा यह कार्रवाई अवकाश आवेदन अस्वीकृत होने के बावजूद 21 जुलाई 2026 से 4 अगस्त 2026 तक बिना सक्षम अनुमति के कर्तव्य से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने तथा उक्त अवधि में बिना सक्षम अनुमति के विदेश यात्रा किए जाने के मामले में की गई है।
इस संबंध में नीलकांत यादव को कार्यालयीन पत्र के माध्यम से 11 अगस्त 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। आदेश में उनके कृत्य को पदीय कर्तव्यों के प्रति प्रमाद एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं नियम-7 के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा, जिला कोरबा निर्धारित किया गया है।
साथ ही, नीलकांत यादव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-14 के तहत छह माह के भीतर विभागीय जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका का प्रभार किसी अन्य राजस्व निरीक्षक/पटवारी को सौंपकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Continue Reading

कोरबा

पशुधन विकास विभाग द्वारा 52 पशुओं को लगाए गए रेडियम बेल्ट

Published

on

कोरबा, 31 अगस्त 2026। पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा पशुओं की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नगर पंचायत छुरी, विकासखंड कटघोरा में विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा इस संबंध में निर्देश दिए गए थे।
अभियान के दौरान मुख्य मार्ग पर विचरण करने वाले 52 पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए गए। रेडियम बेल्ट के माध्यम से रात्रि के समय सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही आसानी से दिखाई देंगे, जिससे पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में सहायता मिलेगी।
पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुपालकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में सड़कों पर न छोड़ें तथा पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें।
पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा पशु एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत इस प्रकार के जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677