विकसित भारत-जी राम जी के तहत आगामी पांच वर्षों की ग्राम विकास कार्ययोजना पर चर्चा
जल सुरक्षा, रोजगारमूलक परिसंपत्तियों और स्थानीय जरूरतों को मिलेगी प्राथमिकता
विकास कार्यों, योजनाओं एवं पंचायत की वित्तीय गतिविधियों की ग्रामीणों के समक्ष रखी गई जानकारी
कोरबा,04 अक्टूबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में 02 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता के साथ गांवों के वर्तमान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, पंचायत की वित्तीय गतिविधियों, स्थानीय समस्याओं तथा आगामी विकास प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर गांव के समग्र विकास की दिशा तय करने पर जोर दिया गया। विकसित भारत-जी राम जी के तहत आगामी पांच वर्षों के लिए तैयार की जाने वाली ग्राम विकास कार्ययोजना में गांव की जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को शामिल करने पर विशेष बल दिया गया।
योजनाओं और विकास कार्यों की ग्रामीणों के समक्ष रखी जानकारी
ग्राम सभाओं में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। पात्र हितग्राहियों तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई। पूर्व ग्राम सभा में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन का पालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया।
पंचायत की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए आय-व्यय का अवलोकन एवं अनुमोदन किया गया। पिछले वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों के नाम, स्वीकृत एवं प्राप्त राशि, व्यय राशि तथा कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। इससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों एवं वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पंचायत की आय और संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा
ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायतों में कर अधिरोपण एवं संग्रहण की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने के लिए पंचायत पोर्टल के उपयोग, वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए संपत्ति कर की दर निर्धारित करने तथा कर संग्रहण को प्रभावी बनाने संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
पंचायत की स्थायी संपत्तियों को ग्राम संपदा के रूप में पंजीकृत करने, अभिलेखों की समीक्षा एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित विषयों की जानकारी भी दी गई। पंचायत क्षेत्र में स्थित तालाबों, बाजारों, व्यावसायिक परिसरों एवं दुकानों की नीलामी अथवा पट्टे से जुड़े विषयों पर भी ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत एवं लंबित आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
विकसित ग्राम पंचायत प्लान में स्थानीय जरूरतों को मिलेगी प्राथमिकता
विकसित भारत-जी राम जी के तहत रोजगारमूलक अधोसंरचना एवं परिसंपत्तियों के निर्माण को ग्राम विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ने पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए संचालित ‘मोर गांव, मोर पानी’ महाअभियान तथा ‘नवा तरिया आय के जरिया’ जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
ग्राम विकास कार्ययोजना में जल सुरक्षा को महत्वपूर्ण प्राथमिकता के रूप में शामिल करने तथा गांव में उपलब्ध जल संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर उपयोग के लिए स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही रोजगार के स्थानीय अवसर बढ़ाने वाली परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर भी ग्रामीणों से सुझाव लिए गए।
स्वच्छता के लिए लिया सामूहिक संकल्प
गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने तथा ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों ने अपने गांव को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक स्वच्छता संकल्प लिया।
विशेष ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंच, मेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक गोपाल मोदी का जताया आभार कोरबा। नीब करौरी बाबा की बायोपिक और साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट फिल्म हनुमान अंश का जादू अब सभी वर्ग पर चल रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों ने परिवार सहित चित्रा मल्टीप्लेक्स पहुंचकर मूवी हनुमान अंश देखी। चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक एवं भाजपा नेता गोपाल मोदी ने प्रेस क्लब के सदस्यों के बाद अखबार वितरकों के लिए नि:शुल्क शो रखा था और नि:शुल्क हनुमान अंश देखकर अखबार वितरक एवं उनका परिवार काफी प्रसन्न हुए। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि महज 02 करोड़ के बजट में बनी हनुमान अंश ने बाक्स आफिस पर 400 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया। फिल्म पूज्य संत नीम करौरी बाबा के जीवन पर आधारित है, जिन्हें भक्त महाराज जी के नाम से पूजते हैं। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में एक दुखी युवक की आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। फिल्म देकर अखबार वितरकों एवं उनके परिवारों ने कहा-हनुमान अंश मात्र फिल्म ही नहीं बल्कि आस्था, सेवा और जीवन के सत्य को समझाने वाली प्रेरणा है। हर रोज सुबह-सुबह लोगों तक खबरें पहुंचाने वाले वितरकों के चेहरे पर फिल्म देखकर सुकून और उत्साह देखा गया। गोपाल मोदी का जताया आभार
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू ने सभी सदस्यों की ओर से चित्रा मल्टीप्लेक्स के संचालक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी का ह्दय से आभार जताया और कहा कि श्री मोदी भाजपा के विचारों से ऐसे गढ़े और रंगें हैं कि वे अंतिम व्यक्ति की पूछ परख रखते हैं। उन्होंने निचले तबके में आने वाले अखबार वितरकों की सुध ली और हमें नि:शुल्क हनुमान अंश देखने का अवसर प्रदान किया, यह बड़ी बात है… गोपाल मोदी जी का कोटि-कोटि धन्यवाद!
कोरबा/रामपुर। 04 अक्टूबर रविवार को छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों ने रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के निज निवास केरवाद्वारी पहुंचकर उनसे सौजन्य मुलाकात की और उनका साल, श्रीफल एवं पुष्प माला से स्वागत किया। संघ के सदस्यों ने विधायक श्री राठिया से आवश्यक चर्चा की और विधायक श्री राठिया ने समाज के निचले तबके में शामिल अखबार वितरकों की समृद्धि एवं सहायता के लिए सहयोग करने का आश्वासन दिया। श्री राठिया के आवभगत से संघ के सदस्य काफी अभिभूत हुए और उनकी विनम्रता के कायल हुए। रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया से सौजन्य मुलाकात करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, संरक्षक रेशम साहू, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय कुमार नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह (रामा), अनिल गिरी, राय सिंह, राकेश साहू, रंजीत पटेल , कृष्णा निर्मलकर, रतन पटेल, दिलभरन सिह, अजय कुमार बरेठ सहित रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अखबार वितरक उपस्थित थे।
कोरबा/पाली। जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर पाली ब्लॉक के ग्राम केराकछार की बेटी संजू देवी यादव ने देश और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर पाली के शिव मंदिर चौक में आयोजित अभिनंदन समारोह में खेल जगत, सामाजिक क्षेत्र और विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों ने संजू देवी यादव का स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
अभिनंदन समारोह में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नेता, समाजसेवी एवं आमजन उपस्थित थे।