Connect with us

कोरबा

शादी से ठीक पहले टूटा रिश्ता, डॉक्टर ने किया सुसाइड:बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, हाथ पर नस काटने के निशान मिले

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ESIC अस्पताल के डॉक्टर डॉ. एल्विन वे (30) ने सुसाइड कर लिया। 29 अगस्त की शाम अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में उनका शव नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उनके हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं।

सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस को आशंका है कि डॉ. एल्विन ने पहले सर्जिकल ब्लेड से हाथ की नस काटने की कोशिश की और इसके बाद फांसी लगाई। हालांकि, मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

शुरुआती जांच में सुसाइड के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां दो दिन होटल में रुककर उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की। 12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया था।

इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया। इसके बाद कोरबा लौटने पर डॉ. एल्विन गुमसुम रहने लगे थे। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल परिसर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला डॉक्टर का शव।

अस्पताल परिसर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला डॉक्टर का शव।

केरल के पालक्काड के रहने वाले थे डॉक्टर

डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा के ईएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल) अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे।

शनिवार (29 अगस्त) सुबह 9 बजे डॉ. एल्विन की ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। स्टाफ ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे।

बाथरूम में फंदे पर लटका था शव

अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद बाथरूम में उनका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को बाथरूम में कपड़े टांगने वाले दो हैंगर के बीच रस्सी बांधकर बनाया गया फंदा मिला। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस को डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटने की कोशिश की होगी और इसके बाद फांसी लगा ली। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी।

दो साल से था अफेयर

पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से लव अफेयर था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। परिवार भी दोनों की शादी के लिए तैयार थे।

बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां वह दो दिन होटल में रुके और युवती की मां और भाई से मुलाकात की। 12 अगस्त को पालक्काड स्थित चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया।

कोरबा लौटने के बाद से डॉ. एल्विन गुमसुम रहने लगे थे। पुलिस इस लव अफेयर के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

माता-पिता को फोन कर बुलाया था

घटना से करीब तीन दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन किया था। उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कहकर उन्हें कोरबा बुलाया था। शनिवार को जब माता-पिता कोरबा पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखा गया है।

Continue Reading

कोरबा

भारी-वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:कोरबा में शराब दुकान के पास हुआ हादसा, ड्राइवर फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बलगी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान दीपका निवासी शिव प्रसाद (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिव प्रसाद पिता रामस्वरूप, निवासी दीपका, बजाज पल्सर बाइक क्रमांक CG 07 BQ 2167 से बलगी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान शराब दुकान के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिव प्रसाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

शराब दुकान के पास अज्ञात भारी वाहन ने मारी टक्कर

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पत्नी और 6 साल के बच्चे को छोड़ गया युवक

बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद शादीशुदा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और 6 साल का बच्चा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार है। पुलिस वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान और जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

तेज रफ्तार भारी वाहनों से हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बलगी शराब दुकान के पास भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है। इससे क्षेत्र में सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यहां गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Continue Reading

कोरबा

रिटायर्ड SECL कर्मी के सूने क्वार्टर में ताला तोड़ चोरी:कोरबा में अलमारी से 4-6 लाख के सोने के जेवर पार, पुलिस जाँच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की मानिकपुर चौकी अंतर्गत SECL कॉलोनी में चोरों ने एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाया। रिटायर्ड SECL कर्मी के बंद बंगले का ताला तोड़कर चोर करीब 4 से 6 लाख रुपए के सोने के गहने ले गए।

घटना 18 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मकान मालिक का परिवार पिछले चार महीने से बिलासपुर में रह रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य दरवाजे और दोनों बेडरूम के ताले टूटे मिले

जानकारी के अनुसार, बंगला नंबर D-03 प्रतिमा बिन्द का है। उनका परिवार करीब चार महीने पहले बिलासपुर शिफ्ट हो गया था। क्वार्टर की देखरेख की जिम्मेदारी रामनगर निवासी एक महिला को दी गई थी, जो SECL कॉलोनी के बंगला नंबर D-05 में सुषमा सिंह और D-03 में प्रतिमा बिन्द के यहां झाड़ू-पोंछा का काम करती है।

महिला का बेटा रूपेन्द्र भारती पिछले 11 दिनों से D-03 क्वार्टर में सो रहा था, लेकिन 18 अक्टूबर की रात वह वहां नहीं सोया। महिला ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8 बजे वह क्वार्टर में पौधों को पानी देकर और लाइट चालू करके अपने घर चली गई थी।

अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब वह क्वार्टर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा मिला। अंदर दोनों बेडरूम के ताले टूटे हुए थे। अलमारी खुली पड़ी थी और कपड़े तथा सोने-चांदी के गहनों के पैकेट जमीन पर बिखरे हुए थे। महिला ने तत्काल वीडियो कॉल के जरिए मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।

पहले 2-3 लाख, बाद में 4-6 लाख के गहने चोरी होने की जानकारी

शुरुआत में बिखरे हुए पैकेट देखकर करीब 2 से 3 लाख रुपए के जेवर चोरी होने का अनुमान लगाया गया था। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद क्वार्टर की देखरेख करने वाली महिला से पूछताछ की गई थी। उसने शुरुआती जानकारी में 2 से 3 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की बात कही थी।

CSP के अनुसार, मकान मालिक के कोरबा लौटने और चोरी गए सामान की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद पता चला कि करीब 4 से 6 लाख रुपए के सोने के गहने गायब हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही क्वार्टर में आने-जाने वाले लोगों और वहां झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला के बेटे से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चोरों और चोरी गए गहनों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में हवन-पूर्णाहुति के साथ शारदीय नवरात्रि पर विराम

Published

on

प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने सपत्नीक किया हवन-पूर्णाहुति, विद्वान आचार्यों के श्रीमुख से निकला दिव्य मंत्रोच्चार, शंखनाद से परिसर हुआ भक्तिमय
सार्वभौम का कल्याण हो, विश्व में शांति हो, घर-घर पहुंचे समृद्धि की शुभ-मंगलकामनाओं के लिए मांगा माँ से आशीर्वाद

कोरबा। आज अपराह्न माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा कोरबा में महाअष्टमी पर शारदीय नवरात्रि पर हवन-पूर्णाहुति के साथ विराम लग गया। मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने सपरिवार हवन-पूजन किया और यहां उपस्थित विद्वान आचार्यों ने दिव्य मंत्रोच्चार, घंटे एवं शंखनाद के बीच हवन-पूर्णाहुति को विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया और माँ आदिशक्ति से प्रार्थना की, कि पूरे विश्व का कल्याण हो, विश्व में शांति की पुनसर््थापना हो, चारों तरफ समृद्धि की बयार हो और घर-घर सुख, सम्पत्ति और वैभव का निवास हो, इन्हीं शुभ-मंगलकामनाओं के साथ माँ आदिशक्ति से आशीर्वाद मांगा।
21 कन्याओं का श्रृंगार कर कराया भोज, दिए उपहार

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में महाअष्टमी पूजा सम्पन्न होने के बाद हवन-पूर्णाहुति को विधि-विधान से सम्पन्न कराने के बाद एवं महाअष्टमी पर माँ महागौरी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना एवं संध्या आरती सम्पन्न होने के बाद 21 कन्याओं को सादर आमंत्रित किया गया और श्री पाण्डेय के निजनिवास के अतिथि कक्ष में सभी 21 कन्याओं का श्रृंगार किया गया, पाण्डेय परिवार द्वारा सभी कन्याओं का पग प्रक्षालन किया गया और उसके बाद सभी को भोग परोसा गया। कन्या भोज के बाद उपस्थित देवी स्वरूपा सभी कन्याओं को उपहार दिया गया और इस तरह शारदीय नवरात्रि पर विराम लग गया।


महागौरी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की महाअष्टमी आरती


महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़

कल गोधूली बेला पर जवारा कलश का विसर्जन

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा कोरबा में 181 जवारा कलश भी नवरात्रि के प्रथम दिन प्रज्ज्वलित किए गए थे और 09 दिन तक जवारा कलशों की बैगाओं द्वारा सेवा करने के बाद कल महानवमी 19 अक्टूबर को संध्या गोधूली बेला में जवारा कलशों का गंगा स्वरूपा हसदेव नदी में विसर्जित किया जाएगा। विसर्जन से पूर्व जवारा कलशों का विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की जाएगी और असतो मा सद्गमय… की कामना के साथ नारी शक्ति अपने-अपने सिर में कलशों को लेकर रैली के रूप में नदी तट पर पहुंचेंगी, साथ में बैगा भी होंगे और विसर्जन की प्रक्रिया विधि विधान के साथ पूर्ण होगी और जवारा कलश विसर्जन के साथ शारदीय नवरात्रि सम्पन्न होगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677