Connect with us

देश

लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव कैबिनेट से मंजूर:25 साल संख्या नहीं बदलेगी, 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा में बिल आएगा

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।

सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।

16 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था। उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी।

अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।

अप्रैल में 54 वोट से बिल गिर गया था

मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पेश किए थे। तर्क दिया कि 2029 चुनाव तक महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए इन्हें पारित होना जरूरी है।

विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया। इसके विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया। वोटिंग के दौरान सदन में कुल 528 सांसद मौजूद थे।

संविधान संशोधन पारित कराने के लिए मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस हिसाब से विधेयक को कम से कम 352 वोट चाहिए थे। विधेयक को 298 वोट ही मिले, यानी यह 54 वोट से पास नहीं हो सका।

लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत

लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे हैं।

राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे हैं।

पहली स्थिति- सभी 540 सांसद वोटिंग करें तो सरकार को तीन पार्टियों (DMK, NCP-SP और YSRCP) का समर्थन चाहिए। साथ ही क्रॉस वोटिंग की भी जरूरत पड़ेगी।

दूसरी स्थिति- यूपी चुनाव को देखते सपा वोटिंग से बच सकती है। क्योंकि बिल के खिलाफ वोट करने पर आगामी चुनाव में भाजपा इसको मुद्दा बना लेगी। सपा के अनुपस्थित रहने से केंद्र सरकार की राह आसान हो जाएगी।

Continue Reading

देश

पूर्व CJI बोले-जजों की नियुक्ति में SC-ST नजरअंदाज:जस्टिस गवई ने राष्ट्रपति को लिखा- एक समुदाय को प्राथमिकता, 9 साल में 75% जज सामान्य वर्ग से

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेटर लिखकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं।

27 नवंबर को लिखे लेटर में उन्होंने कहा कि कॉलेजियम की हाल की सिफारिशों में एक खास समुदाय को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है।

गवई ने लिखा कि 2018 से अब तक हाईकोर्ट में 715 जज नियुक्त हुए हैं। इनमें सिर्फ 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। करीब 75% जज सामान्य वर्ग से नियुक्त किए गए।

दावा- हाईकोर्ट में नियुक्त जजों में 14% से कम OBC

गवई ने लेटर में लिखा कि SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक और महिलाओं को जज बनने के मौके कम मिल रहे हैं। उन्होंने जजों के ट्रांसफर के फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं।

पूर्व CJI ने कहा कि जजों की नियुक्ति और ट्रांसफर में योग्यता और सभी वर्गों को बराबर मौका देने के नियमों का ध्यान नहीं रखा जा रहा।

उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट में हुई नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80% रही। वहीं देश की आबादी में 40 से 50% हिस्सेदारी रखने वाले OBC समुदाय को 14% से भी कम पद मिले।

गवई बोले- नियुक्ति समिति की जवाबदेही तय नहीं

गवई ने कहा कि संविधान के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन नामों की सिफारिश में जजों की नियुक्ति करने वाली समिति की अहम भूमिका होती है। इसके बावजूद समिति यानी कॉलेजियम पर कामकाज की जवाबदेही तय नहीं है।

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में सभी वर्गों को उचित जगह देना सिर्फ इस समिति की नहीं, बल्कि सरकार और संसद की भी जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि पहले भी सरकार और संसद ने समिति से वंचित वर्गों के लोगों को जज बनाने के लिए नामों पर विचार करने को कहा था।

जजों के ट्रांसफर में भी भेदभाव का आरोप

गवई ने आरोप लगाया कि जिन जजों का तबादला सजा के तौर पर किया गया था, उन्हें अब इनाम दिया जा रहा है। उन्होंने लेटर में जजों के ट्रांसफर के दो उदाहरण दिए।

उन्होंने बताया कि एक जज को उनके मूल हाईकोर्ट से दूसरे हाईकोर्ट में ट्रांसफर किया गया। इसके पीछे सजा देने जैसी वजह बताई गई, लेकिन बाद में उन्हें एक बड़े और प्रमुख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बना दिया गया।

दूसरे मामले में एक बड़े हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया।

वहीं, छोटे हाईकोर्ट के एक मेहनती चीफ जस्टिस को बड़े हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया।

गवई ने सवाल उठाया कि इन फैसलों में योग्यता को किस आधार पर देखा गया।

राष्ट्रपति से मामले में दखल देने की अपील

गवई ने साफ किया कि वे किसी भी समुदाय के लोगों को जज बनाए जाने के खिलाफ नहीं हैं। उनका कहना है कि सभी वर्गों के बीच संतुलन होना चाहिए।

उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में उचित कदम उठाने की अपील की, ताकि न्यायपालिका में हर वर्ग को बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके।

कॉलेजियम सिस्टम पर विवाद क्यों?

  • पारदर्शिता की कमी: नाम चुनने के आधार पूरी तरह सार्वजनिक नहीं होते।
  • जवाबदेही का सवाल: फैसलों के लिए जवाबदेही तय करने की स्पष्ट व्यवस्था नहीं है।
  • सामाजिक प्रतिनिधित्व: SC, ST, OBC, अल्पसंख्यकों और महिलाओं की भागीदारी पर सवाल उठते हैं।
  • सरकार और न्यायपालिका में मतभेद: नियुक्तियों के नामों को लेकर दोनों के बीच कई बार असहमति होती है।

Continue Reading

देश

तमिलनाडु में दीपथून पर दीप नहीं जला, सुप्रीम कोर्ट नाराज:कहा- अफसरों ने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना, CRPF सुरक्षा में दीप जलाएं, मंदिर ट्रस्टी हटाए

Published

on

नई दिल्ली/मदुरै, एजेंसी। तमिलनाडु में मदुरै की पहाड़ी पर आदेश के बावजूद दीप न जलाए जाने पर प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि 28 नवंबर को यहां CRPF की सुरक्षा में दीप जलाया जाए।

मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा के दिन ‘कार्तिगई दीपम’ नाम की रस्म के तहत ऊंची पहाड़ी के ऊपर बने स्तंभ पर दीप जलाया जाता है। इस स्तंभ को दीपथून कहते हैं।

विवाद तब शुरू हुआ, जब पहाड़ पर हिंदू पक्ष दीप जलाना चाहता था, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। जब हिंदू पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, तो कोर्ट ने तय तारीख पर दीप जलाने को कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

शुक्रवार की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमने दीप जलाने का आदेश दिया। इसे जानबूझकर नहीं माना गया। ये कोर्ट की अवमानना है।

कोर्ट ने कहा कि अफसरों ने हमारा नहीं, अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना। ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

अदालत ने सुब्रामणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर दिया। मंदिर का प्रशासन दो जजों की कमेटी को सौंप दिया। कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और अन्य अफसरों को भी अवमानना नोटिस दिया है।

दीप विवाद: 20 से 25 नवंबर तक क्या-क्या हुआ

20 नवंबर: सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव पर दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी। इसके लिए मंदिर प्रशासन की अधिकृत टीम बनाई जानी थी। जिला कलेक्टर को ASI और पुलिस के साथ व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। आम लोगों की एंट्री और प्रदर्शन पर रोक थी।

21 नवंबर: तमिलनाडु सरकार ने आदेश पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की। सरकार का कहना था कि दीपथून मंदिर का धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है। उसने वहां दीप जलाने की अनुमति पर रोक लगाने की मांग की।

24 नवंबर: दीपथून की जगह उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया। दीपथून पर इलेक्ट्रिक लाइट जलती दिखाई दी। भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को हाउस अरेस्ट किया गया। कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। पहाड़ी के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़े गए।

25 नवंबर: सुप्रीम कोर्ट में तमिलनाडु सरकार ने दीप नहीं जलने के लिए माफी मांगी। सरकार ने कहा कि प्रशासन ने व्यवस्था की थी, लेकिन मंदिर ट्रस्ट बोर्ड ने दीपथून पर दीप जलाने के लिए टीम को अनुमति नहीं दी। बोर्ड ने पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाने का फैसला किया था।

1862 और 1912 में भी हुई स्तंभ पर दीप जलाने की कोशिश

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद है। मंदिर पहाड़ी के नीचे स्थित है, जबकि दरगाह और दीपथून पहाड़ी पर हैं।
  • हिंदू संगठन दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग करते रहे हैं। वहीं, दरगाह के पास होने के कारण इस मांग का विरोध होता रहा है।
  • पुराने अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी। दोनों बार अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी।

मंदिर और दरगाह के बीच जमीन और धार्मिक अधिकार का विवाद

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर विवाद सिर्फ दीप जलाने की जगह तक सीमित नहीं है। इसके पीछे पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों का पुराना मामला भी है।
  • 1923 में एक सब-कोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था। हालांकि, दरगाह की जगह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी माना गया था।
  • 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने मंदिर की अपील पर 1923 के फैसले को बहाल कर दिया। इसमें पहाड़ी मंदिर के अधिकार में मानी गई, जबकि दरगाह और वहां तक जाने के रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।
  • 1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक जगह के अलावा पहाड़ी पर किसी दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी की शर्त रखी गई थी।

Continue Reading

देश

परिसीमन बिल पास कराने के लिए सरकार का प्लान:राज्यों में 50% लोकसभा सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव, NCP(SP) का समर्थन, DMK-YSRCP भी कर सकती हैं

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। इससे पहले सरकार ने परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने का फॉर्मूला तैयार किया है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी।

इसके तहत लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा सीटों में 50% की समान बढ़ोतरी की जाएगी और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाएगा।

इससे दक्षिणी राज्यों की यह चिंता दूर हो सकती है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ जाएंगी और दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व घट जाएगा।

सरकार ने 2 तिहाई बहुमत जुटाने की कवायद भी शुरू कर दी है। NCP (SP) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने बताया कि पार्टी बिल का समर्थन करेगी। इसके अलावा सरकार को DMK-YSRCP से सशर्त समर्थन मिलने की उम्मीद है।

शाह पहले भी 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रख चुके

अप्रैल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन यह आश्वासन विधेयक में शामिल नहीं था।

उस समय संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में 298 वोट मिले थे, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। सरकार को 54 वोट कम मिले थे। अब सरकार विधेयक में इस फॉर्मूले को लिखित रूप में देने को तैयार है।

इस विधेयक के पास होने के बाद लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 815 हो सकती है। यानी मौजूदा संख्या में 272 सीटों का इजाफा होगा। 815 सदस्यों वाली लोकसभा में एक-तिहाई यानी 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।

अब सरकार का नंबर गेम समझिए

लोकसभा- NDA को 40 सांसदों की कमी, DMK-NCP और YSRCP से समर्थन की उम्मीद

परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। यानी, 540 सदस्यों वाली लोकसभा में सभी सांसदों के मतदान करने पर 360 वोट जरूरी होंगे। अभी NDA के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को 40 सांसदों के समर्थन की और जरूरत है।

सरकार को इस कमी को पूरा करने के लिए NCP (शरदचंद्र पवार) का समर्थन मिल चुका है। पार्टी के 8 सांसद हैं। इसके अलावा DMK के 22, YSR कांग्रेस के 4 सांसद हैं। सरकार इन दोनों दलों से समर्थन की कवायद में जुटी है। अगर दोनों दल विधेयक के समर्थन में वोट करते हैं, तो NDA के पक्ष में 354 वोट हो सकते हैं।

इसके अलावा सरकार UPPL-ZPM के 1-1 सांसदों का समर्थन भी जुटाने की तैयारी कर रही है। बाकि बचे 4 वोट विपक्ष की पार्टियों से क्रॉस वोटिंग हो सकती है। RJD सांसद सुरेंद्र यादव बिल का समर्थन करने की बात कर रहे हैं।

राज्यसभा- NDA को 11 सांसदों की कमी, DMK-NCP(SP) और YSRCP के समर्थन से बहुमत

राज्यसभा में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए NDA को 161 सांसदों के समर्थन की जरूरत है। सरकार के पास फिलहाल 151 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है।

ऐसे में 11 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे। DMK के 8, YSRCP के 4 और NCP(SP) के 1 सांसद का समर्थन मिलने पर सरकार के पक्ष में 164 वोट हो सकते हैं। यानी जरूरी संख्या से 3 वोट ज्यादा। हालांकि, इन दलों का समर्थन अभी सशर्त या संभावित है।

अब सरकार क्यों ला रही बिल, विपक्ष की क्या आशंका है

भाजपा उत्तर भारत में मजबूत, यहां सबसे ज्यादा 104 सीटें बढ़ेंगी

सरकार परिसीमन विधेयक 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले सीटों का विस्तार कर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करने के लिए ला रही है। हालांकि, इसके पीछे राजनीतिक गणित भी अहम है। प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 815 करने और सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने की बात है।

इस फॉर्मूले के लागू होने पर हिंदी भाषी उत्तर भारतीय राज्यों की सीटें 207 से बढ़कर 311 हो जाएंगी। यानी यहां 104 सीटें बढ़ेंगी। वहीं, दक्षिण भारतीय राज्यों की सीटें 132 से बढ़कर 198 हो जाएंगी। इस तरह हिंदी भाषी राज्यों को दक्षिण भारत के मुकाबले 38 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। इसका संभावित राजनीतिक फायदा भाजपा को मिल सकता है, क्योंकि हिंदी भाषी राज्यों में पार्टी का चुनावी प्रदर्शन मजबूत रहा है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 303 सीटें जीती थीं। इनमें से 168 सीटें हिंदी भाषी राज्यों से आई थीं। वहीं, 2024 के चुनाव में पार्टी को मिली 240 सीटों में से 118 इसी क्षेत्र से थीं। ऐसे में अगर सीटों में 50% बढ़ोतरी के बाद भी भाजपा इन राज्यों में अपना पिछला चुनावी प्रदर्शन दोहराती है, तो उसकी सीटों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

विपक्ष को परिसीमन और गड़बड़ी की आशंका

कांग्रेस समेत विपक्षी दल महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने अप्रैल में कहा था कि यह संविधान संशोधन परिसीमन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए सत्ता पर कब्जा करने की कोशिश है। सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी कहा था कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है, लेकिन सरकार की वास्तविक मंशा पर सवाल हैं। कांग्रेस नेता शशि जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा था कि परिसीमन का आधार केवल जनसंख्या नहीं होना चाहिए और दक्षिणी, पूर्वोत्तर तथा छोटे राज्यों से बातचीत की जानी चाहिए।

विपक्ष की चार प्रमुख मांगें हैं:

  • लोकसभा की सदस्य संख्या 543 ही रखी जाए।
  • हर राज्य की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रहे।
  • मौजूदा 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों।
  • संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 साल तक लागू रखा जाए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष ने संकेत दिया था कि सरकार इन शर्तों को मान ले तो वह विधेयकों का समर्थन कर सकता है। हालांकि, ऐसा करने पर सरकार को लोकसभा के विस्तार और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की अपनी योजना छोड़नी पड़ सकती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677