कोरबा। कोरबा तहसील कार्यालय के अंदर अलमारी के पीछे कोबरा सांप मिला। सांप की फुंकार सुनकर कर्मचारी घबरा गए और वहां से भागने लगे। कार्यालय में रोज बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी कामों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विषैले कोबरा की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बन गई थी।
सूचना मिलने पर वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।
अलमारी के पीछे दुबका था कोबरा
कोबरा दिखाई देने के बाद तत्काल वन विभाग और RCRS कोरबा को सूचना दी गई। इसके बाद RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। कोबरा अलमारी के पीछे छिपा हुआ था, जिससे उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था।
टीम ने सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के साथ सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया।
रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग और RCRS की तत्परता से संभावित अप्रिय घटना टल गई।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें
वन विभाग और RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय, दुकान, स्कूल या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। विशेषकर कोबरा जैसे विषैले सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे चूहों सहित कई जीवों की आबादी को नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं। ऐसे में मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए समय पर सूचना देना और प्रशिक्षित टीम की मदद लेना जरूरी है।
कोरबा। दादर क्षेत्र के एक घर में रात्रि के करीब 8.30 बजे एक साथ दो अहिराज सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तत्काल वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम(नोवा नेचर) को सूचना दी, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे, स्थिति का निरीक्षण करने पर उन्होंने बताया कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं, ऐसे में उन्हें जबरन अलग करना उचित नहीं होगा, इसलिए परिवार को समझाइश देकर दोनों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया।
करीब डेढ़ घंटे के धैर्यपूर्ण इंतजार के बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हुए, जिसके बाद जितेंद्र सारथी ने दोनों का एक-एक कर सुरक्षित रेस्क्यू किया, वन विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के बाद दोनों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि Banded krait (अहिराज) का वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है, यह अत्यंत विषैला सांप है, जिसकी चमकदार काली-पीली पट्टियां इसे बेहद आकर्षक बनाती हैं, यह मुख्यतः रात्रिचर होता है और सामान्यतः मनुष्यों से बचने की प्रवृत्ति रखता है, प्रजनन के दौरान ऐसे दृश्य कम देखने को मिलते हैं, इसलिए इस घटना में धैर्य और सावधानी बरतना बेहद जरूरी था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सही समय पर लिया गया निर्णय ही इंसान और प्रकृति, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 तथा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें बरामद
हीरो शोरूम की छत एवं दरवाजे का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने से लेकर भैसमा बाजार में खड़ी बाइक पार करने तक की वारदातों का खुलासा
दोनों प्रकरणों के आरोपियों से नगरदा क्षेत्र में चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल का भी पता चला
शोरूम से लेकर बाजार तक चोरी की वारदातें, उरगा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
कोरबा। कोरबा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना उरगा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र तथा दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
प्रकरण क्रमांक 01: हीरो शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में प्रार्थी जितेन्द्र कुमार टण्डन, निवासी ग्राम सिलियारी भाठा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का टीन एवं पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर उरगा पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर संदेहियों शुभम कुमार कंवर एवं विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो एजेंसी से मोटरसाइकिल एवं बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था, जबकि बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंक देना बताया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल एवं उसका साइलेंसर बरामद कर विधिवत जप्त किया।
इस प्रकरण में आगे की पूछताछ के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई, जिसे पुलिस ने बरामद किया।
प्रकरण क्रमांक 02: भैसमा बाजार से बाइक चोरी, नगरदा क्षेत्र की एक और वारदात उजागर
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 596/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज दूसरे प्रकरण में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 को भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेही चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में महेन्द्र चौहान ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों से सघन पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने भैसमा से चोरी गई मोटरसाइकिल सहित नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जप्त की।
कुल बरामदगी: कोरबा की 02 और सक्ती की 02 मोटरसाइकिलें
उरगा पुलिस की कार्रवाई में कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
थाना उरगा, जिला कोरबा क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: ग्राम तुमान स्थित शोरूम से चोरी गई एचएफ डीलक्स प्रो तथा भैसमा बाजार से चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778।
थाना नगरदा, जिला सक्ती क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: दोनों प्रकरणों के आरोपियों से एक-एक अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अन्य बरामदगी: एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल का साइलेंसर।
गिरफ्तार आरोपियों एवं निरुद्ध बालक का विवरण
प्रथम प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
शुभम कुमार कंवर, पिता जय नंदन कंवर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
विनय कुमार कंवर, पिता नेहरू सिंह कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना रिस्दा, बालको; स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
द्वितीय प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र चौहान, पिता अजय चौहान, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी नगरदा, थाना नगरदा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।
निरुद्ध: द्वितीय प्रकरण में संलिप्त 01 विधि से संघर्षरत बालक।
तीनों आरोपियों को दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की गई।
SIR पर भ्रम दूर करने मैदान में उतरेगी भाजपा, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क का मंत्र
कोरबा। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनजागरण की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का मूलमंत्र पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग एवं मनोज शर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, नगर पालिका बांकी मोंगरा अध्यक्ष सोनी झा तथा जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष अशोका बाई कंवर मंचस्त रहें। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और राज्यगीत के साथ हुआ।
30 अक्टूबर को निकलेगी पदयात्रा, SIR पर घर-घर तक पहुंचेगी भाजपा – गोपाल मोदी
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के बीच भाजपा व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 30 अक्टूबर को शाम 4 बजे कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से घंटाघर चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक बुद्धिजीवियों, युवाओं, विद्यार्थियों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और लेखन जैसे माध्यमों से भी SIR के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। गोपाल मोदी ने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर इस प्रक्रिया की जानकारी देंगे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाएंगे।
राष्ट्र प्रथम’ और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ भाजपा का मूल मंत्र : बृजेंद्र शुक्ला
जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ है। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति भ्रम फैलाने और अराजकता का वातावरण बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है। SIR का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद विभिन्न अवसरों पर यह प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सही जानकारी पहुंचाएं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जिले में सात प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए चलेगा जनजागरण : प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बीच जनता तक सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए भाजपा जिले में सात प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी लगातार काम करती है। उन्होंने बिहार में SIR के दौरान फर्जी नाम हटाए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि जनजागरण अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को SIR की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी।
संगठन की मजबूती ही कार्यकर्ताओं की असली ताकत : संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि संगठन की मजबूती ही नेता और कार्यकर्ताओं की असली ताकत है। संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही सशक्त बनेगी। उन्होंने जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के निर्देशों का पालन करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत, निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, आपसी समन्वय और एकजुटता के माध्यम से ही पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
वरिष्ठ नेताओं से लेकर मंडल पदाधिकारियों तक की रही सहभागिता
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, रुक्मणी नायर, योगेश जैन, लक्की नंदा, जिला मंत्री अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अजय दुबे, नवीन अरोड़ा, संतोषी दीवान, अर्जुन गुप्ता, प्रीतम देवांगन, संजय राठौर, अखिलेश पांडेय, संजय पांडेय, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, डॉ. विजय राठौर, प्रीति स्वर्णकार, रामनारायण सराफ, उत्तम सिंह रंधावा, अंजना सिंह एवं बी.डी. शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में आगामी जनजागरण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने, संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने और आम नागरिकों तक पार्टी का पक्ष पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा ने कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।