कोरबा। कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम डगनियाखार में अवैध शराब की बिक्री से परेशान होकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के कुछ घरों में पिछले कई सालों से अवैध शराब बेची जा रही है। शराब पीने के बाद गांव के लोग अपने घरों में गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे परिवार के लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। बाहर से भी लोग गांव में शराब पीने आते हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है।
महिलाओं ने बताई घरों में होने वाली मारपीट की परेशानी
थाने के बाहर मौजूद महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब बिकने के कारण घरों में रोज झगड़े होते हैं। पति और बेटे शराब पीकर आते हैं और मारपीट करते हैं। इससे बच्चे डरे-सहमे रहते हैं। महिलाओं के मुताबिक, कई बार समझाइश देने और गांव में बैठक कर शराब की बिक्री रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। मजबूर होकर उन्हें थाने पहुंचना पड़ा।
बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा असर
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। बच्चे घरों में गाली-गलौज सुन रहे हैं, वहीं युवा नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। इससे पूरा गांव परेशान है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर और एसपी कार्यालय में शिकायत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण गांव में हड़ताल और आंदोलन भी करेंगे।
कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान मारपीट, दोनों पक्षों की FIR
कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में दशहरा उत्सव के दौरान रावण दहन मैदान और दुर्गा पूजा पंडाल में विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुईं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की है। इनमें महिला से मारपीट और अपमान करने के साथ नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप भी शामिल हैं।
ग्राम पंचायत रजगामार की निर्वाचित महिला पंच और सार्वजनिक युवा दुर्गा एवं महिला उत्सव समिति ओमपुर की पदाधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, रावण दहन के बाद रात करीब 10:40 बजे वह दुर्गा पंडाल पहुंची थी। वहां गजेन्द्र भार्गव उर्फ सोनू भार्गव, उमाशंकर, गौरीशंकर, शिवशंकर, झरना, धनाई बाई, बरखा, पुष्पा भार्गव, सोनम, सोनिया और उनके दामाद सहित अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
बाइक चढ़ाने की कोशिश और साड़ी फाड़ने का आरोप
शिकायत के अनुसार, गौरीशंकर ने तेज रफ्तार से बाइक चलाकर महिला पर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद मारपीट कर उसकी साड़ी फाड़ दी, जिससे महिला को चोटें आईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा।
इस शिकायत पर रजगामार चौकी में अपराध क्रमांक 0624/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) में केस दर्ज किया गया है।
नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में दूसरी FIR
दूसरी ओर, 16 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर भी क्रॉस FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गजेन्द्र भार्गव, शिवशंकर, उमाशंकर, गौरीशंकर और रामपाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
बच्चों के पास स्काई शॉट पटाखा चलाने का वीडियो
रावण दहन के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम-लक्ष्मण की वेशभूषा में बैठे छोटे बच्चों और अन्य बच्चों के पास एक युवक हाथ में पटाखा लेकर स्काई शॉट चलाता नजर आ रहा है। वीडियो में बच्चे डरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस कर रही जांच
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए गए हैं। घटना में कौन-कौन शामिल था और विवाद किस क्रम में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
कोरबा 27 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण ( NALSA ) एवं छ0ग0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के बेनर तले संचालित “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के प्रावधानों, बाल अधिकारों एवं शोषण से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उरगा, जिला कोरबा छ0ग0, में अभियान के तहत् जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कु. तृप्ती राघव, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा छ0ग0 द्वारा विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के तहत महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को मोबाईल के द्वारा ऑनलाईन अनजान लोगों से दोस्ती न करने व उनके अपने व्यक्तिगत जानकारी/फोटोग्राफ्स शेयर न करने एवं यदि कोई व्यक्ति निजी विडियों या फोटोग्राफ्स की मांग करें तो अपने घर में अपने बड़े परिवारजनों को जानकारी दे। कु. ग्रेसी सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा छ0ग0 के द्वारा लैंगिक अपराधों की जानकारी देते हुए बताये कि यदि किसी बच्चे के साथ अपराध घटित होता है तो अपराध को छुपाने की कोशिश करता है या छुपाने को कहता है तो वह भी उस अपराध का भागीदार होगा। तथा बच्चों को अपराध होने या कोई गलत बाते या गलत स्पर्श करता है तो तुरंत मना करे एवं अपने घर पर इसकी जानकारी दे तथा पुलिस को सुचित करें। अरूण कुमार अनंत, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस कौंसिल कोरबा द्वारा भी बच्चों को गुड एण्ड बेड टच की जानकारी दिया गया तथा विद्यालय के शिक्षक से भी अपील किया गया है कि वे सभी बच्चों को इस संबंध में अवश्य ही जानकारी दे। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के संतोष कुमार तिवारी, मनोवैज्ञानिक व ताराचंद श्रीवास पी.एस.डब्ल्यु., विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती पुष्पा श्रीवास व शिक्षकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी राहुल रात्रे व आकाश कुमार एवं विद्यालय के समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
कोरबा। दादर क्षेत्र के एक घर में रात्रि के करीब 8.30 बजे एक साथ दो अहिराज सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तत्काल वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम(नोवा नेचर) को सूचना दी, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे, स्थिति का निरीक्षण करने पर उन्होंने बताया कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं, ऐसे में उन्हें जबरन अलग करना उचित नहीं होगा, इसलिए परिवार को समझाइश देकर दोनों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया।
करीब डेढ़ घंटे के धैर्यपूर्ण इंतजार के बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हुए, जिसके बाद जितेंद्र सारथी ने दोनों का एक-एक कर सुरक्षित रेस्क्यू किया, वन विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के बाद दोनों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि Banded krait (अहिराज) का वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है, यह अत्यंत विषैला सांप है, जिसकी चमकदार काली-पीली पट्टियां इसे बेहद आकर्षक बनाती हैं, यह मुख्यतः रात्रिचर होता है और सामान्यतः मनुष्यों से बचने की प्रवृत्ति रखता है, प्रजनन के दौरान ऐसे दृश्य कम देखने को मिलते हैं, इसलिए इस घटना में धैर्य और सावधानी बरतना बेहद जरूरी था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सही समय पर लिया गया निर्णय ही इंसान और प्रकृति, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 तथा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें बरामद
हीरो शोरूम की छत एवं दरवाजे का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने से लेकर भैसमा बाजार में खड़ी बाइक पार करने तक की वारदातों का खुलासा
दोनों प्रकरणों के आरोपियों से नगरदा क्षेत्र में चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल का भी पता चला
शोरूम से लेकर बाजार तक चोरी की वारदातें, उरगा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
कोरबा। कोरबा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना उरगा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र तथा दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
प्रकरण क्रमांक 01: हीरो शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में प्रार्थी जितेन्द्र कुमार टण्डन, निवासी ग्राम सिलियारी भाठा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का टीन एवं पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर उरगा पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर संदेहियों शुभम कुमार कंवर एवं विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो एजेंसी से मोटरसाइकिल एवं बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था, जबकि बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंक देना बताया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल एवं उसका साइलेंसर बरामद कर विधिवत जप्त किया।
इस प्रकरण में आगे की पूछताछ के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई, जिसे पुलिस ने बरामद किया।
प्रकरण क्रमांक 02: भैसमा बाजार से बाइक चोरी, नगरदा क्षेत्र की एक और वारदात उजागर
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 596/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज दूसरे प्रकरण में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 को भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेही चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में महेन्द्र चौहान ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों से सघन पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने भैसमा से चोरी गई मोटरसाइकिल सहित नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जप्त की।
कुल बरामदगी: कोरबा की 02 और सक्ती की 02 मोटरसाइकिलें
उरगा पुलिस की कार्रवाई में कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
थाना उरगा, जिला कोरबा क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: ग्राम तुमान स्थित शोरूम से चोरी गई एचएफ डीलक्स प्रो तथा भैसमा बाजार से चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778।
थाना नगरदा, जिला सक्ती क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: दोनों प्रकरणों के आरोपियों से एक-एक अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अन्य बरामदगी: एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल का साइलेंसर।
गिरफ्तार आरोपियों एवं निरुद्ध बालक का विवरण
प्रथम प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
शुभम कुमार कंवर, पिता जय नंदन कंवर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
विनय कुमार कंवर, पिता नेहरू सिंह कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना रिस्दा, बालको; स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
द्वितीय प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र चौहान, पिता अजय चौहान, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी नगरदा, थाना नगरदा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।
निरुद्ध: द्वितीय प्रकरण में संलिप्त 01 विधि से संघर्षरत बालक।
तीनों आरोपियों को दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की गई।