रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान के रायगढ़ जिला प्रवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके आगमन पर शहर में वृहद बाइक रैली निकालकर भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न चौक-चौराहों पर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी, फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश पदाधिकारियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय रायगढ़ में अल्पसंख्यक मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, चार विधानसभा क्षेत्रों के 24 मंडलों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यक समुदाय सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। शहर के छातामुड़ा पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनोज जैन, छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान, महापौर जीवर्धन चौहान, प्रदेश महामंत्री जावेद मेमन, साजन जोसेफ, बिलासपुर संभाग के सह प्रभारी अमजद अली, रायगढ़ जिला सह प्रभारी अमीन खान तथा अल्पसंख्यक मोर्चा आईटी सेल के सह प्रभारी श्री आतिफ सिद्दीकी के छातामुड़ा चौक पहुंचने पर प्रदेश मंत्री रविन्द्र सिंह भाटिया, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष असलम हुसैन सहित कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद शहर में बृहद बाईक रैली निकाली गई। रैली के दौरान भाजपा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के समर्थन में नारे लगाए गए और विभिन्न स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष सहित अतिथियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने संगठन के प्रति उत्साह और एकजुटता का परिचय दिया। स्वागत कार्यक्रम के अंतर्गत कबीर चौक में युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष तरनजीत सिंह भाटिया ,रणवीर सिंह भाटिया, सतविंदर सिंह भाटिया,,रणविजय सिंह भाटिया, सिमरनजीत सिंह भाटिया, ने स्वागत किया जूटमिल मंडल में मंडल अध्यक्ष शैलेश माली के नेतृत्व में सूरज मिरी, संदीप क्षत्रिय, अरुण सिंह, साहेब सिंह हाजरा, सद्दाम खान ने स्वागत किया। चांदनी चौक में शहर मंडल अध्यक्ष जफर मलिक ,आवेश खान, राकेश सिंह, ने अभिनंदन किया। सत्ती गुड्डी चौक पर जिला मंत्री परमजीत सिंह भाटिया के नेतृत्व में हिमांशु चौहान, गुरमीत, गुरनाम, चिंटू साबरी, नियाज़ खान, अमरजीत सिंह भाटिया, ने स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय में शीला तिवारी, मेहरून निशा,त्रिवेणी डहरे, संध्या त्रिवेदी, लक्ष्मी विश्वास, शोभा शर्मा, वंदना बोध और सलमा बेगम सहित महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का जोरदार अभिनंदन किया। भारत माता एवं पार्टी के संस्थापक विचारकों के चित्रों पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित परिचयात्मक बैठक का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री सतनाम सिंह पोथीवाल ने किया। उन्होंने अतिथियों का परिचय कराते हुए उन्हें मंचासीन कराया। इसके बाद जिला भाजपा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अन्य मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और कार्यकर्ताओं का क्रमशः स्वागत किया गया। अतिथियों को पुष्प मालाएं पहनाकर तथा पुष्प गुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष असलम हुसैन ने स्वागत उदबोधन दिया, मुख्य अतिथि एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने संगठन के विभिन्न स्तरों पर आपसी समन्वय बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद स्थापित करने और अल्पसंख्यक मोर्चा की भावी कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने बूथों पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ नियमित बैठकें करने, उनकी समस्याओं को समझने और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही आगामी चुनावों में जनसंपर्क को व्यापक बनाकर पार्टी के पक्ष में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सक्रियता से काम करने की बात कही। छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनोज जैन ने जिले के सभी 24 मंडलों में नियमित बैठकें आयोजित करने तथा भाजपा के पक्ष में निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को लगातार संचालित करने और आम नागरिकों के बीच पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में अल्पसंख्यक मोर्चा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने तथा पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। सरकारी योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदाय तक पहुंचाने की अपील छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने अपने उद्बोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला गैस योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी अल्पसंख्यक समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मोर्चा के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि जरूरतमंद परिवार अपनी आजीविका और जीवन स्तर को बेहतर बना सकें। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा जनकल्याण एवं अल्पसंख्यक समुदाय के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण समिति तथा प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं का जिले के सभी बूथों तक प्रचार-प्रसार करने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान ने वृहद बाइक रैली, परिचयात्मक बैठक एवं प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रदेश मंत्री रविन्द्र सिंह भाटिया, जिलाध्यक्ष असलम हुसैन और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण समिति का ब्रोशर अतिथियों के माध्यम से अल्पसंख्यक मंडल अध्यक्षों को दिया गया। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे ब्रोशर में दी गई जानकारी को अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र हितग्राही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के अंत में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री साहिल मनिहार ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश से पहुंचे अतिथियों, भाजपा जिला संगठन, मोर्चा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्री, कार्यकर्ताओं तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्रीकांत सोमवार, सुभाष पांडे, डिग्री लाल साहू, मुकेश जैन, जिला महामंत्री जतिन साव, गुलाम रहमान खान, पवन शर्मा, जिला मंत्री पावन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सुमित शर्मा,मधुलता पटेल, अमल साय, मनोरंजन साहू, डॉ. वाई के शिंदे, रितेश जैन, सुंदर सिंह बल, बादशाह खान, हमीद अली शेरू, वारिस अली, कैलाश शाहा, मनीष गांधी, मुक्तिनाथ प्रसाद बबुआ, मनप्रीत सिंह, राहुल सिंह दिग्वा, चाहत सिंह दिग्वा, आर्यन सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सोशल मीडिया के माध्यम से किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी दीपक दिनकर तथा शहर मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी लक्की देवांगन एव जिला, मंडलों के सोशल मीडिया का विशेष योगदान रहा। उक्त प्रेस विज्ञप्ति रईस अंसारी प्रभारी जिला मीडिया अल्पसंख्यक मोर्चा ने दी।
कोरबा 27 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण ( NALSA ) एवं छ0ग0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के बेनर तले संचालित “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के प्रावधानों, बाल अधिकारों एवं शोषण से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उरगा, जिला कोरबा छ0ग0, में अभियान के तहत् जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कु. तृप्ती राघव, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा छ0ग0 द्वारा विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के तहत महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को मोबाईल के द्वारा ऑनलाईन अनजान लोगों से दोस्ती न करने व उनके अपने व्यक्तिगत जानकारी/फोटोग्राफ्स शेयर न करने एवं यदि कोई व्यक्ति निजी विडियों या फोटोग्राफ्स की मांग करें तो अपने घर में अपने बड़े परिवारजनों को जानकारी दे। कु. ग्रेसी सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोरबा छ0ग0 के द्वारा लैंगिक अपराधों की जानकारी देते हुए बताये कि यदि किसी बच्चे के साथ अपराध घटित होता है तो अपराध को छुपाने की कोशिश करता है या छुपाने को कहता है तो वह भी उस अपराध का भागीदार होगा। तथा बच्चों को अपराध होने या कोई गलत बाते या गलत स्पर्श करता है तो तुरंत मना करे एवं अपने घर पर इसकी जानकारी दे तथा पुलिस को सुचित करें। अरूण कुमार अनंत, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस कौंसिल कोरबा द्वारा भी बच्चों को गुड एण्ड बेड टच की जानकारी दिया गया तथा विद्यालय के शिक्षक से भी अपील किया गया है कि वे सभी बच्चों को इस संबंध में अवश्य ही जानकारी दे। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के संतोष कुमार तिवारी, मनोवैज्ञानिक व ताराचंद श्रीवास पी.एस.डब्ल्यु., विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती पुष्पा श्रीवास व शिक्षकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी राहुल रात्रे व आकाश कुमार एवं विद्यालय के समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
कोरबा। दादर क्षेत्र के एक घर में रात्रि के करीब 8.30 बजे एक साथ दो अहिराज सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तत्काल वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम(नोवा नेचर) को सूचना दी, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे, स्थिति का निरीक्षण करने पर उन्होंने बताया कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं, ऐसे में उन्हें जबरन अलग करना उचित नहीं होगा, इसलिए परिवार को समझाइश देकर दोनों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया।
करीब डेढ़ घंटे के धैर्यपूर्ण इंतजार के बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हुए, जिसके बाद जितेंद्र सारथी ने दोनों का एक-एक कर सुरक्षित रेस्क्यू किया, वन विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के बाद दोनों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि Banded krait (अहिराज) का वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है, यह अत्यंत विषैला सांप है, जिसकी चमकदार काली-पीली पट्टियां इसे बेहद आकर्षक बनाती हैं, यह मुख्यतः रात्रिचर होता है और सामान्यतः मनुष्यों से बचने की प्रवृत्ति रखता है, प्रजनन के दौरान ऐसे दृश्य कम देखने को मिलते हैं, इसलिए इस घटना में धैर्य और सावधानी बरतना बेहद जरूरी था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सही समय पर लिया गया निर्णय ही इंसान और प्रकृति, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 तथा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें बरामद
हीरो शोरूम की छत एवं दरवाजे का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने से लेकर भैसमा बाजार में खड़ी बाइक पार करने तक की वारदातों का खुलासा
दोनों प्रकरणों के आरोपियों से नगरदा क्षेत्र में चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल का भी पता चला
शोरूम से लेकर बाजार तक चोरी की वारदातें, उरगा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
कोरबा। कोरबा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना उरगा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र तथा दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
प्रकरण क्रमांक 01: हीरो शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में प्रार्थी जितेन्द्र कुमार टण्डन, निवासी ग्राम सिलियारी भाठा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का टीन एवं पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर उरगा पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर संदेहियों शुभम कुमार कंवर एवं विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो एजेंसी से मोटरसाइकिल एवं बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था, जबकि बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंक देना बताया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल एवं उसका साइलेंसर बरामद कर विधिवत जप्त किया।
इस प्रकरण में आगे की पूछताछ के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई, जिसे पुलिस ने बरामद किया।
प्रकरण क्रमांक 02: भैसमा बाजार से बाइक चोरी, नगरदा क्षेत्र की एक और वारदात उजागर
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 596/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज दूसरे प्रकरण में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 को भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेही चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में महेन्द्र चौहान ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों से सघन पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने भैसमा से चोरी गई मोटरसाइकिल सहित नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जप्त की।
कुल बरामदगी: कोरबा की 02 और सक्ती की 02 मोटरसाइकिलें
उरगा पुलिस की कार्रवाई में कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
थाना उरगा, जिला कोरबा क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: ग्राम तुमान स्थित शोरूम से चोरी गई एचएफ डीलक्स प्रो तथा भैसमा बाजार से चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778।
थाना नगरदा, जिला सक्ती क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: दोनों प्रकरणों के आरोपियों से एक-एक अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अन्य बरामदगी: एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल का साइलेंसर।
गिरफ्तार आरोपियों एवं निरुद्ध बालक का विवरण
प्रथम प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
शुभम कुमार कंवर, पिता जय नंदन कंवर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
विनय कुमार कंवर, पिता नेहरू सिंह कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना रिस्दा, बालको; स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
द्वितीय प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र चौहान, पिता अजय चौहान, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी नगरदा, थाना नगरदा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।
निरुद्ध: द्वितीय प्रकरण में संलिप्त 01 विधि से संघर्षरत बालक।
तीनों आरोपियों को दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की गई।