Connect with us

कोरबा

दूरस्थ क्षेत्रों में निर्माणाधीन कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अधूरे कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

Published

on

पोड़ी उपरोड़ा में विभिन्न विभागों में संचालित विकास कार्यो व निर्मित किए जा रहे भवनों का लिया जायजा
निर्माणाधीन एक्लव्य विद्यालय, स्कूल, आश्रम, पीडीएस भवन,  सहित अन्य संस्थाओं का अवलोकन कर कार्य प्रगति की ली जानकारी 
निर्माण कार्यों में लाएं गति, गुणवत्ता का रखे विशेष ध्यानः कलेक्टर कुणाल दुदावत
आंगनबाड़ी केंद्र  का निरीक्षण कर बच्चों की गतिविधियां बढ़ाने और व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

कोरबा। जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की जमीनी स्थिति जानने कलेक्टर कुणाल दुदावत आज पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के विभिन्न स्थानों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा, आदिवासी विकास, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के चल रहे निर्माण कार्यों एवं संस्थानों का मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी अधूरे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यो में  गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने एवं निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पोड़ी के  विद्यालय भवन, किचन एवं डाइनिंग ब्लॉक, बालक एवं बालिका छात्रावास भवन सहित प्रस्तावित परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण ड्राइंग का अवलोकन करते हुए स्थल का साइट लेवलिंग कराने, प्लिंथ लेवल सुरक्षित ऊंचाई तक विकसित करने, बाउंड्री वॉल निर्माण में तेजी लाने तथा लाइन शिफ्टिंग का कार्य शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी एजेंसी से मैनपावर बढ़ाकर निर्माण में अपेक्षित प्रगति लाने और प्रत्येक चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर एसडीओ एवं सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश

इसी प्रकार पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन 100 सीटर बालक आश्रम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्मित भवन के सभी कक्षों एवं परिसर का अवलोकन किया। धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शेष सभी कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित एसडीओ एवं सब इंजीनियर के विरुद्ध नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
लमना में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल एवं माध्यमिक शाला भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, तकनीकी स्वीकृति में निर्धारित सामग्रियों का ही उपयोग करने की हिदायत दी। उन्होंने विद्यालय में प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय भवन निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने तथा परिसर के पुराने भवन में लीकेज, सीपेज एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।
समेलीभांठा के प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने संस्थान में दर्ज एवं उपस्थित बच्चों की जानकारी ली और भवन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने भवन के लीकेज एवं सीपेज की मरम्मत, रंग-रोगन, फर्श पर टाइल्स लगाने सहित आवश्यक सुधार कार्यों के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आकस्मिक निरीक्षण  के दौरान पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन चिकित्सक आवास  एवं कोनकोना में ट्रेनिंग सेंटर भवन का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने सम्बंधित निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।  तानाखार में निर्माणाधीन उचित मूल्य दुकान भवन का निरीक्षण कर शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

तानाखार पंचायत के ग्राम मांझीपारा के आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, ग्रोथ चार्ट, विभिन्न पंजियों तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में दर्ज गर्भवती महिलाओं एवं उन्हें वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट आहार की जानकारी भी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को बच्चों की आयु के अनुरूप शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बढ़ाने, नियमित रूप से सीखने की नई गतिविधियां संचालित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

सीईओ जिला पंचायत ने संविधान की उद्देशिका का कराया सामूहिक वाचन

Published

on

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत के सभागार में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

श्री जैन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपने संवैधानिक एवं प्रशासनिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल भाव को आत्मसात करते हुए जनसेवा एवं प्रशासनिक कार्यों में इन मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।

Continue Reading

कोरबा

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा में निकली जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली

Published

on

विद्यार्थी, शिक्षक,पंचायत कर्मी ,युवाओं सहित 500 से अधिक लोगों ने की सहभागिता

बाल विवाह रोकथाम के लिए ली गई सामूहिक शपथ

कलेक्टोरेट परिसर से घंटाघर ऑडिटोरियम तक निकाली गई जागरूकता रैली

कोरबा, 27 नवंबर 2026। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोरबा जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 27 नवंबर को बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन एवं हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों ने बाल विवाह उन्मूलन की आवश्यकता और इसके सामाजिक दुष्परिणामों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव श्रीमती सूरज कुमारी एवं एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री डिम्पल भेड़िया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट सुश्री नीलू पटेल, एवं नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, सेक्टर पर्यवेक्षक तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण के लिए जागरूकता, सहभागिता और सामूहिक प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677