समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
नए शिक्षा सत्र से पहले अधूरे स्कूल भवनों को पूर्ण करने, गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
राशन दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण एवं वितरण, पेंशन के लिए वंचित 60 वर्ष से अधिक वृद्ध और विधवाओं का सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश
खाद-बीज वितरण के लिए किसानों से समन्वय कर लाभान्वित करने के निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों और टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने गाँव के विकास कार्य के लिए आवंटित राशि को शासकीय कार्य में खर्च न कर राशि का गबन करने वाले सरपंच, सचिव और संबंधित ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि शासकीय कार्य के लिए आबंटित राशि को किसी भी परिस्थिति में अन्य प्रयोजन के लिए खर्च करने या दुरुपयोग किए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को बैंक से समन्वय कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगति नहीं होने पर कोरबा जनपद सीईओ और कटघोरा सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को जिला प्रशासन द्वारा तैयार निर्माण पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, आरईएस सहित अन्य एजेंसियों को स्वीकृत स्कूल भवनों के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से नए शिक्षा सत्र से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन के निर्माण में लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी के ईई, एसडीओ और उप अभियंता को शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी भवन निर्माण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को भवन के आसपास पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आपसी समन्वय बनाने तथा स्टीमेट में बोर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीईओ को शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों को गणवेश और किताबों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि 30 जून तक अनिवार्य रूप से सभी जगह खाद्यान्न का भंडारण कराया जाए और 1 जुलाई से 10 जुलाई तक राशनकार्ड धारियों को चावल का वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने जिले में सर्वे कर वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए वंचित हितग्राहियों की सूची तैयार कर सेचुरेट करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ और नगर पालिक निगम आयुक्त को दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके। कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में मानसून से पहले खाद-बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अभी तक के भंडारण प्रतिशत पर नाराजगी जताते हुए कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों से समन्वय बनाकर वितरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शेष बचे किसानों के एग्रिस्टेक में प्रगति के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आवास निर्माण के कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाने चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने, कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगारमूलक प्रशिक्षण प्रदान करने, पीएम इंटर्नशिप से युवाओं को लाभान्वित करने, आभा आईडी, व्यबन्दन योजना और मातृत्व वंदन योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को वॉक वेस्ट जेनरेटर के लिए चिन्हांकन और पंजीयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण तथा संबंधित आवेदकों को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ, नगर निगम आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, एसडीएम तथा सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
चयनित विद्यार्थी अभिभावक के साथ सुबह 10 बजे तक सी-पेट स्याहीमुड़ी में दें उपस्थिति
कोरबा, 31 अक्टूबर 2026। डीएमएफटी कोरबा की पहल डीआईएसएचए (विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा उपलब्धि के लिए डीएमएफटी कोरबा की पहल) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग 2 नवंबर 2026 से सी-पेट, स्याहीमुड़ी, विकासखंड कटघोरा, जिला कोरबा में शुरू होगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी चयनित विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों के साथ 2 नवंबर को सुबह 10 बजे तक निर्धारित स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है। विद्यार्थियों को अपने साथ पहनने के कपड़े, दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं तथा वर्तमान में अध्ययनरत कक्षा की पाठ्यपुस्तकें लेकर आना होगा।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवा रखेंगे अपने विचार
कोरबा, 31 अक्टूबर 2026। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, कोरबा द्वारा 3 नवंबर 2026 को श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों को देश की चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वे इस विषय के संभावित लाभ, चुनौतियों, संवैधानिक पहलुओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसके प्रभावों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा मेरा युवा भारत (माय भारत) के आधिकारिक पोर्टल पर जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। युवाओं से निर्धारित विषय पर तैयारी कर अपने विचार, तर्क और दृष्टिकोण प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपील की गई है। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली समझने, समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद करने और तार्किक ढंग से अपनी बात रखने का मंच प्रदान करेगी। इसके माध्यम से नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कोरबा 31 अक्टूबर 2026। पीपर रानी मत्स्योद्योग सहकारी समिति मर्यादित केराकछार विकासखण्ड करतला पंजीयन क्रमांक 72 के सदस्यों का मतदाता सूची 29 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। मतदाता सूची के सम्बंध में सदस्यों से दावा आपत्ति 05 नवम्बर 2026 तक आमंत्रित किया गया है। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दीपक सिंह कंवर ने बताया कि दावा- आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी के सदस्य उन्मेद सिंह के समक्ष 05 नवम्बर 2026 तक कार्यालयीन समय पर प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा- आपत्तियों का निराकरण 06 नवम्बर को 12 बजे से किया जायेगा। निराकरण उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।