Connect with us

कोरबा

विष्णुदेव साय के जन्मदिवस पर कोरबा में सेवा का संगम, भाजपा ने मनाया ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस

Published

on

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस को पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में जिले भर में जनसेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर इस दिन को यादगार बना दिया गया।

सेवा के रंग में रंगा कोरबा

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, अस्पतालों में फल वितरण, जरूरतमंदों को राशन सामग्री प्रदान, तालाबों की साफ-सफाई, महतारी सम्मान समारोह, विभिन्न सामाजिक वर्गों का सम्मान तथा मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद दीप प्रज्ज्वलन व प्रसादी वितरण जैसे अनेक सेवा कार्य संपन्न किए गए। जिले के सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जनकल्याण की भावना को साकार रूप दिया।

हर मंडल व मोर्चा सक्रिय, सेवा का संदेश प्रभावी

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस पर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प दोहरा रहा है। जिनमें महिला मोर्चा वृक्षारोपण अभियान, किसान मोर्चा कृषकों का सम्मान, जनजाति मोर्चा फल वितरण, अनुसूचित जाति मोर्चा स्वच्छता अभियान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा श्रमिक सम्मान, युवा मोर्चा हितग्राही सम्मान एवं महतारी वंदन, इसी प्रकार सभी मंडलों में मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा के कार्य किये गये।

मुख्यमंत्री सेवा-सुशासन-गरीब कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं – गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, ‘महतारी वंदन’ योजना के अंतर्गत माताओं-बहनों को 1000 रुपए प्रतिमाह की सहायता तथा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर प्रगति की कामना करते हुए कहा कि भाजपा परिवार जिला कोरबा की ओर से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ मनाया गया यह आयोजन कोरबा जिले में जनसेवा के एक नए उत्साह का संदेश दे गया।

Continue Reading

कोरबा

पटाखा मांगने पर नाबालिग ने की युवक की हत्या:कोरबा में टांगी-डंडे से किया हमला, आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने बोधराम बिंझवार की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पटाखा देने से मना करने पर आरोपी ने डंडे और टांगी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बोधराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

बोधराम गांव की राशन दुकान से पटाखे और राशन का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही एक नाबालिग ने उनसे फोड़ने के लिए पटाखा मांगा। बोधराम ने पटाखा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के बाद नाबालिग ने डंडे और टांगी से बोधराम पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बांगो थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि घटना 8 नवंबर की है। शुरुआती पूछताछ में पटाखे और शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

खड़े ट्रेलर से बाइक टकराई,2 युवकों की मौत:अंधेरा और बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, SECL प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

Published

on

कोरबा। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सिरकी मोड़-बतारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम किया। उन्होंने सड़क पर रोशनी और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई।

भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हुए। भोलू की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मनमोहन को मामूली चोटें आईं।

सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ी करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। चक्काजाम के कारण करीब 7 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

Continue Reading

कोरबा

जुआ खेलते प्रधान पाठक और सरपंच समेत 13 लोग गिरफ्तार:तैलियामार गांव में पसान पुलिस की दबिश, कैश और 1.83 लाख का सामान जब्त

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पसान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपए कैश, 2 बाइक, 5 मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि तैलियामार गांव में कुछ लोग रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ लिया। जिसमें प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल है।

कैश, बाइक और मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा जब्त किया। इसके अलावा 2 बाइक की कीमत करीब 1 लाख रुपए और 5 मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार लोगों में सरपंच भी शामिल

पुलिस की ओर से दी गई सूची में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) के नाम शामिल हैं।

बताया गया है कि पकड़े गए लोगों में गजेन्द्र यादव भी शामिल हैं, जो प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक हैं। सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677