Connect with us

कोरबा

भाजपा जिला कोरबा ने संविधान गौरव दिवस पर किया बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के योगदान का स्मरण

Published

on

संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा : गोपाल मोदी

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय, टी.पी. नगर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया गया।

संविधान हमारा अभिमान, सम्मान और गौरव है : गोपाल मोदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। संविधान का निर्माण लगभग 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में पूरा हुआ। संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने इसके निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देश में लागू किया गया।

श्री मोदी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में देश के नागरिकों के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना समाहित है। हमें राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सबसे पहले एक भारतीय नागरिक के रूप में संविधान का सम्मान और पालन करना चाहिए। संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। श्री मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल संविधान को लेकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के साथ कांग्रेस के व्यवहार को देश भली-भांति जानता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा का भाव रखते हैं तथा संविधान के गौरव और उसकी महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया पर मुख्य वक्ता अखिलेश पांडेय ने डाला प्रकाश

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा तथा सामाजिक एवं आर्थिक अधिकार प्रदान करता है। संविधान में केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारों एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। यह देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए नारी वंदन से संबंधित पहलों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय एकता का आधार है। श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान हमारा अभिमान है, संविधान हमारा सम्मान है और संविधान ही हमारा गौरव है। प्रत्येक भारतीय नागरिक को संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही गरिमामय उपस्थिति

संविधान गौरव दिवस के इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, महापौर संजूदेवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, एमआईसी मेंबर नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, अजय कंवर, अजय दुबे, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, संजय राठौर, अविनाश दुबे, सरजू अजय, डॉ. विजय राठौर, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, अंजना सिंह, बी.डी. शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से दिवंगत मत्स्य पालक के परिवार को मिली 5 लाख रुपये की बीमा सहायता

Published

on

दुर्घटना बीमा योजना के तहत पत्नी ललिता बाई के खाते में डीबीटी से हुआ भुगतान

कोरबा, 26 नवम्बर 2026। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालकों को प्रदान की जाने वाली निःशुल्क दुर्घटना बीमा योजना से जिले के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बगबुड़ा (साखों) निवासी दिवंगत परमेश्वर बिंझवार के परिवार को आर्थिक सहायता मिली है। योजना के तहत उनके नामिनी पत्नी श्रीमती ललिता बाई को 5 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया गया है।
स्वर्गीय श्री परमेश्वर बिंझवार का प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत दुर्घटना बीमा कराया गया था। विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात नामिनी श्रीमती ललिता बाई के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से गो-डिजिट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा 5 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। इस राशि से संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालकों का निःशुल्क दुर्घटना बीमा किया जाता है। इस योजना का लाभ हितग्राहियों को एनएफडीबी हैदराबाद के माध्यम से गो-डिजिट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा प्रदान किया जाता है। बीमा के अंतर्गत मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये, स्थायी एवं अस्थायी अपंगता पर 2.50 लाख रुपये तथा अस्पताल में भर्ती होने पर 25 हजार रुपये तक की सहायता राशि बीमित व्यक्ति अथवा नामिनी को प्रदान की जाती है।

Continue Reading

कोरबा

निर्वाचन एवं अंकेक्षण नहीं कराने वाली 11 सहकारी समितियों का पंजीयन निरस्त करने की होगी कार्रवाई

Published

on

संबंधित समितियों के प्रवर्तकों को पक्ष रखने के लिए 15 दिवस का दिया गया समय

कोरबा, 26 नवम्बर 2026। सहकारिता विभाग जिला कोरबा अंतर्गत पंजीकृत 11 सहकारी समितियों द्वारा निर्धारित समयावधि के पश्चात निर्वाचन एवं अंकेक्षण नहीं कराए जाने तथा रजिस्ट्रार द्वारा निर्धारित सेवाओं के न्यूनतम स्तर का पालन नहीं किए जाने के कारण उनके पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
सहकारिता विभाग अनुसार जिन प्रयोजनों के लिए इन समितियों का पंजीयन किया गया था, उनकी पूर्ति नहीं हो रही है। इस हेतु छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 में निहित प्रावधानों के तहत इन समितियों का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित है। जिसमें आरुष भू-विस्थापित कामगार सहकारी समिति मर्यादित बिरबट पंजीयन क्रमांक-221, नागमणि मछुआ सहकारी समिति मर्यादित मलदा पंजीयन क्रमांक- 3529, नव बिहान बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित कोरबा पंजीयन क्रमांक-208, खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित चिकनीपाली पंजीयन क्रमांक-246, श्री बांके बिहारी भू-विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित नवागांव झाबू पंजीयन क्रमांक -218, गेवरा भू विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित रलिया पंजीयन क्रमांक-216, मां महामाया महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित ढोढ़ीपारा पंजीयन क्रमांक-154, खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित पाली पंजीयन क्रमांक-281,  भू-विस्थापित कामगार कारीगर सहकारी समिति मर्यादित पंडरीपानी पंजीयन क्रमांक-214, जय अम्बे भू-विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित पंडरीपानी पंजीयन क्रमांक-209 तथा नीली क्रांति मछुआ सहकारी समिति मर्यादित कुरुडीह पंजीयन क्रमांक -327 शामिल हैं।
उक्त समितियों के समप्रवर्तकों को प्रस्तावित कार्रवाई के संबंध में कोई आपत्ति होने पर 15 दिवस के भीतर कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। निर्धारित अवधि में पक्ष प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में यह मानते हुए कि संबंधितों को कुछ नहीं कहना है तथा पंजीयन निरस्तीकरण की कार्रवाई स्वीकार है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

जिले के शासकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया शपथ

कोरबा, 26 नवम्बर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर कोरबा जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में भी अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जिले के एसडीएम कार्यालयों, तहसील कार्यालयों, जनपद पंचायतों सहित कृषि, विपणन, उद्यानिकी, रेशम, मत्स्य, क्रेडा, जल संसाधन, लोक निर्माण, महिला बाल विकास, आबकारी विभाग सहित अन्य शासकीय संस्थानों में अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी प्रस्तावना का वाचन कर संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली गई। अधिकारी-कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और बंधुता की भावना को आत्मसात करते हुए जनहित एवं लोकसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लिया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677