Connect with us

कोरबा

जिले के शासकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में मनाया गया संविधान दिवस

Published

on

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया शपथ

कोरबा, 26 नवम्बर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर कोरबा जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में भी अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जिले के एसडीएम कार्यालयों, तहसील कार्यालयों, जनपद पंचायतों सहित कृषि, विपणन, उद्यानिकी, रेशम, मत्स्य, क्रेडा, जल संसाधन, लोक निर्माण, महिला बाल विकास, आबकारी विभाग सहित अन्य शासकीय संस्थानों में अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी प्रस्तावना का वाचन कर संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली गई। अधिकारी-कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और बंधुता की भावना को आत्मसात करते हुए जनहित एवं लोकसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लिया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में रेलवे साइडिंग से चोरी ट्रैक्टर पेंड्रा से मिला:अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, CCTV और मुखबिर की सूचना से पुलिस को सुराग मिला

Published

on

कोरबा। कोरबा में कटघोरा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 14 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया है। यह ट्रैक्टर बिंझरा रेलवे साइडिंग से चोरी हुआ था, जिसे पुलिस ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है।

खराब होने पर रेलवे साइट पर खड़ा किया था ट्रैक्टर

पुलिस के मुताबिक, दीपका के उर्जानगर के आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर रजिस्टर्ड जॉन डियर 5210 ट्रैक्टर (CG 12 BR 9376) तिवेंचा कंपनी की रेलवे लाइन निर्माण साइट पर काम में लगा था।

4 नवंबर को ट्रैक्टर खराब हो गया था। इसके बाद उसे निर्माणाधीन बिंझरा रेलवे स्टेशन के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया। ड्राइवर और कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे। 22 नवंबर को जब वे काम पर लौटे तो ट्रैक्टर वहां नहीं मिला।

बिना चाबी के स्टार्ट कर ले गया ट्रैक्टर

मामले की जांच के लिए पुलिस ने टीम बनाई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि रेलवे साइडिंग में काम करने वाली शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट को कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।

पुलिस ने ग्राम बिंझरा से संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रैक्टर चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसने बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और हल्की मरम्मत करने के बाद वहां से ले गया। इसके बाद उसने ट्रैक्टर को पेंड्रा के पास ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।

मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश कुमार केंवट मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में जब्त नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाए:74.514 किलो गांजा, हजारों कैप्सूल-टेबलेट, इंजेक्शन और सिरप नष्ट

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाकर नष्ट किए गए। यह प्रक्रिया 23 तारीख को न्यायालय की अनुमति के बाद हुई।

पुलिस के मुताबिक, नष्ट की गई सामग्री में 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 नशीली टेबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल कोडीनयुक्त सिरप शामिल हैं।

ये पदार्थ रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे।

नशे की खेप बालको प्लांट में जलाई

नष्ट करने की प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई। समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि पहले भी बालको प्लांट में जब्त नशीले पदार्थ नष्ट किए जाते रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा राम गोपाल करियारे ने बताया कि कोरबा पुलिस NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। गांजा, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सिरप के अवैध परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। जब्त सामग्री को नष्ट करना इसी अभियान का हिस्सा है।

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से NDPS पदार्थों का निर्माण, परिवहन, बिक्री और सेवन नहीं करने की अपील की है। ऐसा करते पाए जाने पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

पावर-प्लांट से कॉपर केबल चोरी करते आरोपी पकड़ाया:बाउंड्रीवॉल के पास बैग में छिपाई थी 30 मीटर केबल, कीमत 30 हजार, कोर्ट ने जेल भेजा

Published

on

कोरबा। कोरबा में अडानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अडानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6 बजे अजीत टंडन प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे मौके पर पकड़ लिया गया।

शिकायत के बाद शुरू की जांच

शिकायत के बाद उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में आरोपी अजीत कुमार टंडन (40) ने चोरी की बात बताई। उसकी निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे एक काले बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई।

आरोपी अजीत कुमार टंडन उरगा के भैंसमा रोड रेलवे क्रॉसिंग का रहने वाला है। पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को दी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कुछ दिन पहले बालको पावर प्लांट से तांबा चोरी कर ले जा रहे दो लोगों को बालको थाना पुलिस ने पकड़ा था। कोरबा पुलिस ने नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677