मुंबई, एजेंसी। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह शनिवार को दूसरी बार माता-पिता बन गए हैं। दीपिका ने दूसरी बार बेटी को जन्म दिया है।
कपल ने इंस्टाग्राम पोस्ट में न्यूबॉर्न बेबी गर्ल के फुट प्रिंट शेयर किए हैं। गुड न्यूज शेयर करते हुए उन्होंने पोस्ट में नजर इमोजी भी बनाई है।
दूसरी बेटी के जन्म की जानकारी देते हुए दीपिका और रणवीर ने यह तस्वीर पोस्ट की।
अप्रैल में की थी प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट
कपल ने 19 अप्रैल को दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। दीपिका और रणवीर के इंस्टाग्राम हैंडल पर उनकी बेटी दुआ की एक तस्वीर शेयर की गई थी, जिसमें बेटी ने एक प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़ी हुई है, जो पॉजिटिव रिजल्ट दिखा रहा है।
तस्वीर में रणवीर बेटी को गोद में लिए हुए हैं। हालांकि, उनका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। वहीं, तस्वीर में दुआ का आधा चेहरा नजर आ रहा था।
दीपिका और रणवीर के इंस्टाग्राम हैंडल पर दुआ की यह तस्वीर शेयर की गई थी।
2024 में बेटी दुआ का जन्म हुआ था
बता दें कि दीपिका और रणवीर ने 8 सितंबर 2024 को अपनी बेटी दुआ के जन्म की जानकारी दी थी। उस समय उन्होंने लिखा था, ‘वेलकम बेबी गर्ल। 8 सितंबर 2024। दीपिका और रणवीर।’
इससे पहले फरवरी 2024 में दीपिका ने प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। दोनों की लव स्टोरी 2013 में फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के सेट से शुरू हुई थी। कई सालों तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 2018 में इटली में शादी की थी।
दीपिका और रणवीर ने बेटी दुआ का चेहरा दिवाली 2025 के मौके पर पहली बार दुनिया को दिखाया था।
रणवीर-दीपिका ने फैमिली फोटोज शेयर की थीं
रणवीर और दीपिका ने 8 सितंबर 2026 को अपनी फैमिली फोटोज शेयर की थीं। यह तस्वीरें उन्होंने अपनी बड़ी बेटी दुआ पादुकोण सिंह के दूसरे जन्मदिन के मौके पर अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक जॉइंट पोस्ट के जरिए शेयर की थीं।
इन तस्वीरों में दीपिका पादुकोण अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही थीं, साथ ही रणवीर और उनकी बेटी दुआ के साथ भी तस्वीरें थीं।
रणवीर सिंह- दीपिका की फैमिली फोटोज-
यह पोस्ट दुआ के दूसरे जन्मदिन के मौके पर शेयर की गई।
कपल ने सफेद कपड़ों और ब्लैक एंड व्हाइट थीम पर फोटोशूट करवाया है।
पिता के साथ मस्ती करती हुईं दुआ।
मां के बेबी बंप को निहारतीं दुआ।
तस्वीरों में दुआ अपने माता-पिता के साथ मस्ती भरे अंदाज में नजर आ रही हैं।
रणवीर ने 1000 बेटियों की शिक्षा में मदद का संकल्प लिया
रणवीर सिंह ने गुरुवार को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए थे। इस दौरान उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 1000 बेटियों की शिक्षा में मदद करने का संकल्प लिया था।
लालबागचा राजा के दर्शन करने के बाद न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में रणवीर ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है यहां आकर। जो पिछला साल गुजरा है, मेरे लिए और मेरे परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा, बप्पा की कृपा से। तो यहां आए हैं उनके दर्शन करने, उनको धन्यवाद कहने और उनका आशीर्वाद लेने, आगे के सफर के लिए, जीवन के सफर के लिए।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर, मैं सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर हजार बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लेता हूं। आशा है कि इसके चलते बप्पा प्रसन्न होंगे और उनका आशीर्वाद हमेशा हम पर रहेगा। बस, धन्यवाद। जय गणेश। जय गणेश।”
रणवीर और दीपिका के वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रणवीर सिंह जल्द ही ‘प्रलय’ फिल्म में नजर आने वाले हैं, जिसकी शूटिंग मुंबई में शुरू हो चुकी है। फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।
रणवीर की लास्ट 2 फिल्में ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ हैं। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुईं।
‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने दुनियाभर में 1307 करोड़ रुपए का कारोबार किया था, जबकि इसके सीक्वल को भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला।
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करते हुए भारत में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब रू.1149 करोड़ नेट कलेक्शन और दुनियाभर में लगभग रू.1813 करोड़ ग्रॉस कमाई की। ग्रॉस कलेक्शन टिकट से कुल कमाई और नेट कलेक्शन टैक्स के बाद की कमाई होती है।
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कोरबा, 18 सितंबर। मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल, कोरबा द्वारा ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर 15 एवं 16 सितंबर को परशुराम भवन में दो दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं शास्त्रोक्त धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया।
इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्रीहरि परिवार के संस्थापक आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री का विशेष सान्निध्य एवं मार्गदर्शन रहा। उनके साथ उनके अनुज ज्योतिर्विद पंडित कुशल शास्त्री तथा सहयोगकर्ता विद्यार्थी अनमोल पांडे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान वैदिक एवं शास्त्रोक्त विधि-विधान से संपन्न कराए गए। मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधियों के बीच श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ लिया।
सप्तऋषियों का विधि-विधानपूर्वक पूजन
ऋषि पंचमी के अवसर पर समाज की महिलाओं ने सप्तऋषियों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। परिवार, समाज एवं समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
श्रीमती रेनू पुजारी के नेतृत्व में हुआ आयोजन
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेनू पुजारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिला मंडल की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
धर्म, संस्कृति और संस्कारों का संदेश
आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री एवं उनके सहयोगी आचार्यों के मार्गदर्शन में संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से वैदिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति एवं सनातन संस्कारों के संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने धार्मिक एवं सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
महिला मंडल की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाली सभी बहनों एवं आचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सप्तऋषियों का आशीर्वाद समाज के सभी सदस्यों पर सदैव बना रहने तथा समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की गई।
ऋषि पंचमी के अवसर पर परशुराम भवन में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्रीहरि परिवार के संस्थापक आचार्य भूषण कृष्ण शास्त्री, ज्योतिर्विद पंडित कुशल शास्त्री, आचार्य अनमोल पांडे एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की पदाधिकारी व सदस्यगण।
कोरबा। 16 जुलाई को विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथपुरी में विशाल और अद्भूत रथयात्रा निकलती है, इसके अलावा कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ एवं भारत भर में भगवान मधुसूदन के लिए रथयात्रा का आयोजन किया जाता है। कोरबा के प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्योगपति, द इंटरनेशल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डि. 3233 सी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्र्रवाल ने कोरबा एवं प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं प्रेषित की है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि महाप्रभु भगवान श्री जगन्नाथ सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि एवं वैभव प्रदान करें और मधुसूदन की कृपा सभी पर बनी रहे। यह पावन यात्रा हम सबके लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और एकता का संदेश लाए और भगवान जगन्नाथ घर-घर पधारें। सुभद्रा और बलभद्र संग भगवान जगन्नाथ की ऐसी कृपा हो, कि विश्व में शांति की स्थापना हो और सबका जीवन आनंदित और सुलभ बन सके।
कोरबा/कुसमुण्डा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमंत कृपा से गेवरा बस्ती स्थित हनुमान मंदिर में जिला पंचायत कोरबा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय जायसवाल एवं रीना जायसवाल द्वारा हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम भव्य तरीके से आयोजित किया, जिसमें प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं एवं नगर पालिका निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, हनुमान भक्त एवं आसपास के ग्रामवासी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
सर्वप्रथम मंदिर प्रांगण में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ, तत्पश्चात महाआरती की गई एवं विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें काफी संख्या में हनुमान भक्त पहुंच कर भोग प्रसाद ग्रहण किया। पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हनुमान की पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। अजय जायसवाल ने हनुमान जन्मोत्सव में पधारे समस्तजनों का अभिवादन किया और कार्यक्रम की सफलता पर सभी का आभार जताया।