Connect with us

कोरबा

अप्रैल-मई में किसानों को 2101.85 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण, खरीफ सीजन की तैयारियां तेज

Published

on

कोरबा। जिले में खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों के तहत किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा अप्रैल एवं मई माह में व्यापक स्तर पर उर्वरक वितरण किया गया। जिला कोरबा में 1 अप्रैल से 31 मई 2026 तक कुल 2101.85 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया गया है।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में सर्वाधिक 1165.85 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया। इसके अलावा 310.85 मीट्रिक टन डीएपी, 67.75 मीट्रिक टन एमओपी, 437.70 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 119.70 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक किसानों को उपलब्ध कराया गया। अप्रैल माह में कुल 191.51 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया गया, जबकि मई माह में वितरण बढ़कर 1910.34 मीट्रिक टन तक पहुंच गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण एवं सतत वितरण किया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग द्वारा सहकारी समितियों, निजी विक्रेताओं एवं अन्य माध्यमों से किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक क्रय करें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी कृषि विभाग को दें। प्रशासन द्वारा उर्वरक वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जा रही है ताकि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध हो सके।

Continue Reading

कोरबा

हुनर से सजे त्योहार, आत्मनिर्भरता की नई पहचान

Published

on

बालकोनगर 07 नवंबर 2026। इस दिवाली, अपने घरों को रोशन करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की नई रोशनी भी जगाएं। जागृति स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार सजावटी दीये, दिवाली सजावट, सलोनी, नमकीन खाजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक उत्पाद अब ब्लैकमेज़, सेक्टर-1, बालकोनगर में उपलब्ध हैं।

बालको सीएसआर के सहयोग से जागृति स्व सहायता समूह की महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं। साडा कॉलोनी की भारती साहू वर्ष 2020 से इस समूह से जुड़ी हैं। बालको सीएसआर के सहयोग ने उन्हें घर की दहलीज से बाहर निकलकर अपने हुनर को पहचानने और उसे आजीविका का माध्यम बनाने का अवसर दिया।

आज भारती और उनके समूह की लगभग 35-36 महिलाएं मिलकर विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों में स्थानीय परंपरा, महिलाओं की रचनात्मकता और उनकी मेहनत की झलक दिखाई देती है।

इस दिवाली, समूह के उत्पादों को खरीदना केवल त्योहार की खरीदारी नहीं, बल्कि स्थानीय महिला उद्यमियों के हुनर को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मनिर्भर बनने के सफर में सहभागी बनने का अवसर है। इस दिवाली, खरीदें स्थानीय हुनर, बढ़ाएं महिला सशक्तिकरण।

Continue Reading

कोरबा

प्रज्ञा संजीवनी वन औषधालय पाली में चिकित्सा शिविर को मिला लोगों का अच्छा प्रतिसादपारंपरिक चिकित्सा से हर बीमारियों का ईलाज-डॉ. पवन सिंह

Published

on

वैद्यराज रामफल पटेल का समाज में रचनात्मक कार्य सराहनीय

कोरबा/पाली। आरोग्य के देवता भगवान श्री धनवंतरी जयंती पर पाली स्थित प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय में पारंपरिक/आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। प्रात: 10.00 बजे जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के मुख्य आतिथ्य में प्रज्ञा संजीवनी- वन औषधालय के संचालक वैद्यराज रामफल पटेल की अध्यक्षता एवं उपस्थित समाजसेवियों, ग्रामीणों की उपस्थिति में शिविर का शुभारंभ भगवान श्री धनवंतरी की पूजा अर्चना के साथ हुआ।

शिविर को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि भारत में ही सबसे पहले चिकित्सा प्रारंभ हुआ और भगवान श्री धनवंतरी ने पूरे विश्व को आरोग्य का मंत्र, चिकित्सा विधि दी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में सभी बीमारियों का ईलाज संभव है। उन्होंने वैद्यराज रामफल पटेल के रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्री पटेल द्वारा पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ाया जा रहा है और पारंपरिक चिकित्सा से गंभीर बीमारियों का ईलाज करने के साथ लोगों के बीच जाकर नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज स्वस्थ हो और एक आदर्श समाज की स्थापना हो।
पारंपरिक चिकित्सा में हर बीमारियों का ईलाज-वैद्यराज रामफल पटेल

कार्यक्रम की अध्यक्षता/संयोजक रामफल पटेल ने शिविर में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया और कहा कि स्वास्थ्य धन ही सबसे बड़ा धन है और लंबी तथा स्वस्थ जीवन जीने के लिए आयुर्वेद को अपनाएं। उन्होंने उपस्थित लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ दिया और नाड़ी परीक्षण कर बीमारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक आयुर्वेद दवाईयां वितरित की।
सैकड़ों लोगों ने लिया शिविर का लाभ

पाली बस स्टैण्ड स्थित प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय परिसर में आज भगवान धनवंतरी जयंती पर आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संचालक वैद्यराज रामफल पटेल ने नाड़ी परीक्षण कर लोगों को स्वास्थ रहने के लिए आवश्यक उपाय बताए और स्वास्थ्य जांच भी किया। शिविर में पाली क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे और शिविर का लाभ लिया।
चूंकि डॉ. पवन सिंह भी एक चिकित्सक हैं और उन्होंने भी यहां उपस्थित लोगों के चिकित्सा में अपनी सहभागिता निभाते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

Continue Reading

कोरबा

150 कर्मचारियों ने वेतन-बोनस के लिए SECL कार्यालय घेरा:गेवरा में प्रदर्शन के बाद प्रबंधन ने 6 नवंबर तक बोनस देने का आश्वासन दिया

Published

on

कोरबा। कोरबा के बंसल इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, गेवरा में कार्यरत करीब 150 कर्मचारियों के लंबित वेतन और बोनस भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एसईसीएल गेवरा के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन में कर्मचारियों ने नारेबाजी कर दीपावली से पहले बकाया भुगतान की मांग उठाई।

कर्मचारियों के समर्थन में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल भी मौजूद रहे। प्रबंधन की ओर से 6 नवंबर तक सभी कर्मचारियों का बोनस भुगतान करने का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

लंबे समय से लंबित है वेतन और बोनस

कर्मचारियों का कहना है कि उनका वेतन और बोनस लंबे समय से बकाया है। भुगतान नहीं होने से उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली नजदीक होने के कारण कर्मचारियों ने त्योहार से पहले राशि जारी करने की मांग की। उनका कहना था कि वेतन और बोनस नहीं मिलने से त्योहार की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।

एक घंटे तक कार्यालय का घेराव

बकाया भुगतान को लेकर कर्मचारियों ने मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए प्रबंधन से तत्काल भुगतान की मांग की गई। प्रदर्शन में उमागोपाल ने भी कर्मचारियों का समर्थन किया।

प्रबंधन ने 6 नवंबर तक बोनस देने का दिया भरोसा

मामले को लेकर एसईसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। इसके बाद प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि 6 नवंबर तक सभी कर्मचारियों के बोनस का भुगतान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

मजदूरों के हितों के लिए आवाज उठाने की बात

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि मजदूर दिन-रात मेहनत कर कंपनी और खदान के उत्पादन में योगदान देते हैं। ऐसे में त्योहार के समय उनका वेतन और बोनस रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को अपना हक पाने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। संगठन मजदूरों के हितों और अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677