Connect with us

कोरबा

डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट की आधिकारिक यात्रा सम्पन्न, सेवा कार्यों को लेकर लीनेस सदस्यों को किया प्रोत्साहित

Published

on

कोरबा। ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स के अंतर्गत कोरबा में डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट चार्टर लीनेस रश्मि अग्रवाल, रीजन ऑफिसर लीनेस भगवती अग्रवाल एवं डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर लीनेस शबाना नाज की आधिकारिक यात्रा गरिमामय समारोह के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न लीनेस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों का सदस्यों द्वारा ढोल-ताशों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना के लिए सदस्यों ने कुछ क्षण मौन धारण किया। लीनेस रेखा केंवट ने लीनेस प्रार्थना प्रस्तुत की, जबकि लीनेस सुमन श्रीवास्तव ने स्वागत गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

कार्यक्रम में मंचस्थ अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान कोरबा क्लब की अध्यक्ष लीनेस सविता पाठक सहित माधुरी सिंह, हरितिमा, रेखा केंवट (दादर गोल्डन) तथा हेमा शर्मा (कुसमुंडा) ने अतिथियों का अभिनंदन किया। डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रश्मि अग्रवाल एवं रीजन ऑफिसर लीनेस भगवती अग्रवाल ने सभी क्लबों के सेवा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने क्लबों के स्क्रैपबुक, एल्बम एवं रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सेवा गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने और सभी सदस्यों के साथ मिलकर समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर सभी क्लबों के अध्यक्षों ने मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कोरबा क्लब की संरक्षिका PDP चित्रलेखा चंदेल, PDP उषा अरोरा, रीजन ऑफिसर भगवती अग्रवाल, रीजन एडवाइजर ममता रानी वासन, रीजन सचिव अनीमा प्रसाद, एरिया ऑफिसर गीता श्रीवास, एरिया ऑफिसर लीनेस सुमन श्रीवास्तव सहित चारों क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन ममता रानी वासन एवं अनीमा प्रसाद ने किया। आधिकारिक यात्रा के दौरान अतिथियों ने क्लबों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली और भविष्य में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी सदस्यों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।

Continue Reading

कोरबा

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज में कोरबा के युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर

Published

on

जिला स्तरीय चौलेंज के लिए 6 अक्टूबर तक प्रस्तुत कर सकेंगे आइडिया; व्यापक स्तर की प्रतियोगिता में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर

कोरबा, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरबा में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य नवप्रवर्तकों से प्रतियोगिता में भाग लेकर जनसमस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को समझकर तैयार किए गए नवाचार कोरबा के साथ प्रदेश और देश के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं।

जिला स्तरीय चैलेंज 6 अक्टूबर तक प्रस्तुत करें विचार

कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए प्रतिभागी 6 अक्टूबर 2026 तक अपने आइडिया और नवाचार संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये दिया जाएगा। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि कोरबा में उद्योग, खनन, वन क्षेत्र और दूरस्थ जनजातीय अंचलों से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। युवा फ्लाई ऐश के उपयोग, धूल एवं वायु प्रदूषण में कमी, मानव-हाथी द्वंद्व, दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, वनोपज के भंडारण एवं विपणन, सड़क सुरक्षा तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से समस्याओं के ऐसे समाधान सोचने का आग्रह किया जो किफायती हों और व्यवहार में लाए जा सकें।

व्यापक स्तर का चैलेंज- 17 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित व्यापक स्तर के ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026, रात्रि 11.59 बजे है। इस प्रतियोगिता में कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, रक्षा, सतत विकास, अधोसंरचना एवं परिवहन, उभरती तकनीकें तथा शिक्षा एवं रोजगार सहित 10 क्षेत्रों में समाधान आमंत्रित किए गए हैं।
प्रत्येक क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इनमें तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक विजेता 21 वर्ष से कम आयु वर्ग से होगा। इस प्रकार कुल 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपये, यानी कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चयनित नवाचारों को संबंधित सरकारी विभागों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किए जाने का अवसर भी मिल सकता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थी, शोधकर्ता, फैकल्टी सदस्य, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, गैर सरकारी संगठन, स्व-सहायता समूह और व्यक्तिगत नवप्रवर्तक भाग ले सकते हैं। व्यक्तिगत, टीम अथवा संस्था के रूप में आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के लिए कंपनी पंजीयन या डीपीआईआईटी मान्यता अनिवार्य नहीं है। आवेदक अथवा टीम के किसी एक संस्थापक के पास छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा अथवा दमन एवं दीव का मूल निवास प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।
इच्छुक प्रतिभागीsevainnovationchallenge.in  पर ओटीपी के माध्यम से पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में संबंधित क्षेत्र एवं उप-विषय का चयन कर समस्या, प्रस्तावित समाधान, प्रोटोटाइप अथवा पायलट और उपलब्ध प्रमाण की जानकारी देनी होगी। शीर्षक, समस्या, समाधान, व्यवहार्यता, प्रभाव और टीम के विवरण सहित छह स्लाइड की पीडीएफ प्रस्तुति भी अपलोड करनी होगी।
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन 18 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों की ऑनलाइन प्रस्तुति 16 से 25 नवंबर के बीच होगी। सेमीफाइनलिस्ट की घोषणा 28 नवंबर को तथा अंतिम प्रस्तुति एवं विजेताओं का चयन 7 दिसंबर 2026 को नागपुर में किया जाएगा।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि एक विद्यार्थी का सरल विचार या किसी समूह का व्यावहारिक अनुभव भी लोगों के जीवन में बदलाव ला सकता है। उन्होंने पात्र प्रतिभागियों से जिला स्तरीय चौलेंज के लिए 6 अक्टूबर तक और व्यापक स्तर की प्रतियोगिता के लिए 17 अक्टूबर तक अपने विचार प्रस्तुत करने की अपील की। ऑनलाइन आवेदन संबंधी सहायता के लिए जिला नोडल अधिकारी विजय कारे, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा से मोबाइल नंबर 8109363862 पर संपर्क किया जा सकता है। महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपने संस्थान के इनोवेशन सेल से भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

कल से 30 सितंबर तक राशनकार्ड, खाद्यान्न वितरण और शिकायत निराकरण की मिलेगी जानकारी

Published

on

राशन कार्ड संबंधी समस्या के लिए मो.नं. 9425201983 पर करें संपर्क

कोरबा, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय एवं विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
  खाद्य शाखा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार कैंपों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राशनकार्ड की पात्रता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारी दी जाएगी। राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी नागरिकों को बताया जाएगा।
कैंपों में उचित मूल्य दुकान संचालकों के माध्यम से राशनकार्ड में पंजीकृत सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य कराया जाएगा। खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री का सैंपल प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि हितग्राही वितरित सामग्री की जानकारी प्राप्त कर सकें। विभागीय योजनाओं और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित पोस्टर तथा वीडियो क्लिप भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी शिकायतों के लिए उपलब्ध माध्यमों की जानकारी भी कैंप में दी जाएगी। राशनकार्ड से जुड़ी समस्या के संबंध में निराकरण की जानकारी के लिए मो.नं. 9425201983 में संपर्क किया जा सकता है। नागरिकों को भारत सरकार के ‘अन्न सहायता’ पोर्टल, विभागीय कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 तथा अन्य शिकायत निराकरण व्यवस्थाओं से अवगत कराया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों का आयोजन सुनिश्चित करने तथा उचित मूल्य दुकानों पर वितरित खाद्यान्न सामग्री के सैंपल प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं। नागरिक निर्धारित तिथियों में अपने क्षेत्र के सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

नन्हे हाथों तक पहुँचेंगी समाज की स्नेह भरी सौगातें

Published

on

23 सितंबर को खिलौना दान रथ रवाना होने के बाद से मिल रहा उत्साहजनक सहयोग, पहाड़ी कोरवा और दूरस्थ क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुँचेंगे खिलौने

कोरबा, 27 सितंबर 2026। किसी घर में बच्चों के बड़े हो जाने पर सहेजकर रखे गए खिलौने अब दूसरे बच्चों के बचपन का हिस्सा बनेंगे। कुछ लोग अपने घर से उपयोग योग्य खिलौने दे रहे हैं, तो कुछ नन्हे बच्चों के लिए नए खिलौने खरीदकर दान कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में चल रही खिलौना दान की पहल को समाज की इसी संवेदनशीलता और सहभागिता से बल मिल रहा है।

जिले में 23 सितंबर को रवाना किया गया खिलौना दान रथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुँच रहा है। रथ शुरू होने के बाद से नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और दानदाताओं ने उत्साहपूर्वक खिलौने दिए हैं। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी खिलौना दान कर अभियान में सहभागिता की। अब तक बड़ी संख्या में खिलौने प्राप्त हो चुके हैं और दान का क्रम निरंतर जारी है।

जिले के 2,602 आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को खेल-खेल में सीखने, अपनी कल्पनाशक्ति बढ़ाने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अधिक अवसर मिलें, इसी उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त खिलौनों को व्यवस्थित रूप से संकलित एवं वर्गीकृत किया जाएगा। इसके बाद उन्हें उन आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुँचाया जाएगा, जहाँ खिलौनों की आवश्यकता है। पहाड़ी कोरवा बसाहटों और जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्थित केंद्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से खिलौना दान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बच्चों के बड़े हो जाने के बाद घर में रखे खिलौने किसी दूसरे बच्चे के लिए खेल, खुशी और सीखने का माध्यम बन सकते हैं। नागरिक साफ-सुथरे, सुरक्षित एवं उपयोग योग्य खिलौनों के साथ बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकें भी दान कर सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसन्त मिंज ने बताया कि यह अभियान आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। खिलौना दान करने अथवा खिलौना संग्रह रथ को अपने घर बुलाने के लिए मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क किया जा सकता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677