Connect with us

देश

चीनी उद्योग को दोहरी राहत: शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा बढ़ी, अमेरिका को 8,606 टन निर्यात की मंजूरी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय चीनी उद्योग के लिए राहत और निर्यात के मोर्चे पर अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने जहां अमेरिका को 8,606 टन कच्ची चीनी के निर्यात की अनुमति दी है, वहीं घरेलू बाजार में उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों पर नियंत्रण के लिए 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा भी तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी है।

अमेरिका को रियायती शुल्क पर होगा निर्यात

वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, भारत ने अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 (एक अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2027) के लिए शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) योजना के तहत अमेरिका को 8,606 मीट्रिक टन कच्ची चीनी के निर्यात का कोटा आवंटित किया है। इस योजना के तहत गन्ने से प्राप्त गैर-प्रसंस्कृत यानी कच्ची चीनी का निर्यात शून्य या रियायती शुल्क पर किया जा सकेगा।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने कहा कि अमेरिका को रियायती शुल्क पर चीनी के निर्यात के लिए जरूरत पड़ने पर मूल प्रमाणपत्र मुंबई स्थित विदेश व्यापार के अतिरिक्त महानिदेशक जारी करेंगे। इसके लिए निर्यातक इकाई और निर्यात की मात्रा के संबंध में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) की सिफारिश जरूरी होगी। वैश्विक चीनी व्यापार में कच्ची चीनी का वजन मापने के लिए एमटीआरवी (मीट्रिक टन रॉ वैल्यू) इकाई का इस्तेमाल किया जाता है।

आयात की समयसीमा 31 मार्च तक बढ़ी

दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा 31 दिसंबर, 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी है। डीजीएफटी ने बुधवार को जारी अधिसूचना में शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) के तहत इस अवधि के विस्तार की जानकारी दी। इसके अलावा, आयातित कच्ची चीनी को सफेद या परिष्कृत चीनी में बदलने और घरेलू बाजार में बेचने की समयसीमा भी बढ़ाकर 30 सितंबर, 2027 कर दी गई है।

घरेलू कीमतों पर नियंत्रण की कोशिश

सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में तेज वृद्धि को देखते हुए शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी थी। वर्ष 2026-27 के चीनी सत्र की शुरुआत में शुरुआती भंडार कम होने के कारण मिलों की बिक्री कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों में बढ़ोतरी पर अंकुश लगाना है।

थोक उपभोक्ताओं के भंडार पर भी पाबंदी

कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार ने उन थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी का भंडार रखने की सीमा भी तय की थी, जो महीने में 10 टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे उपभोक्ता अधिकतम 15 दिन की खपत के बराबर ही चीनी का भंडार रख सकते हैं। देश में अगस्त से नवंबर के बीच प्रमुख त्योहारों के दौरान चीनी की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है, जिससे बाजार में आपूर्ति और कीमतों पर दबाव पड़ता है।

Continue Reading

देश

टीवीएस मोटर तमिलनाडु में 2,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। टीवीएस मोटर कंपनी तमिलनाडु में अगले चार वर्षों के दौरान 2,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी और इससे 1,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने तमिलनाडु सरकार के साथ एक गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। 

सूचना के अनुसार, तमिलनाडु सरकार अपनी नोडल एजेंसी ‘गाइडेंस’ के माध्यम से टीवीएस मोटर को आवश्यक बुनियादी ढांचागत सुविधाएं और नियामकीय प्रक्रियाओं में सहायता उपलब्ध कराएगी। यह सहयोग लागू कानूनों के अधीन होगा। 

Continue Reading

देश

भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को गूगल ने बताया अफवाह, सिर्फ 30 पद किए खत्म

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। गूगल क्लाउड ने अपने भारतीय परिचालन में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए बुधवार को कहा कि भारत में छोटे संगठनात्मक फेरबदल के तहत पिछले सप्ताह करीब 30 पद समाप्त किए गए हैं। 

गूगल क्लाउड इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा , ”ये अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। गूगल क्लाउड ने पिछले सप्ताह भारत में एक छोटा संगठनात्मक बदलाव किया और काम की प्राथमिकताओं को फिर से तय करने के तहत करीब 30 पद समाप्त किए गए।” 

गूगल की क्लाउड कंप्यूटिंग और कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाएं देने वाली इकाई की यह सफाई कर्मचारियों के बीच चर्चा के मंच ‘ब्लाइंड’ और सोशल मीडिया पर कथित छंटनी तथा नौकरी समाप्त करने के नोटिस प्रसारित होने की खबरों के बाद आई है। इससे पहले बड़े पैमाने पर छंटनी और कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर इस्तीफा देने की समयसीमा दिए जाने के गुमनाम दावे भी सामने आए थे। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि इस संगठनात्मक बदलाव से कौन-सी टीम या किन स्थानों के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।

Continue Reading

देश

सेबी की नई तैयारी ! निवेशकों को मिल सकती है ‘इंटीग्रेटेड वेल्थ एडवाइजरी’ की सुविधा, जानें क्या होगा फायदा

Published

on

मुंबई, एजेंसी। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) एक बेहतर वित्तीय सेवा इकोसिस्टम बनाने के अपने प्रयासों के तहत ‘इंटीग्रेटेड वेल्थ एडवाइजरी’ (एकीकृत धन सलाहकार) नाम की एक नई श्रेणी बनाने पर विचार कर रहा है। यह जानकारी कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार ने बुधवार को दी। बॉन्ड और क्रेडिट उत्पादों पर आयोजित FiDEX 2026 के एक सत्र में बोलते हुए, कुमार ने कहा कि इस प्रस्तावित श्रेणी की निगरानी और नियमन कैसे किया जाए, इस पर चर्चा चल रही है। कुमार ने कहा, “नियामक (सेबी) ‘इंटीग्रेटेड वेल्थ एडवाइजरी’ नाम की एक नई श्रेणी लाने पर विचार कर रहा है। इस प्रस्तावित श्रेणी की निगरानी कैसे की जाए, इस पर चर्चा जारी है।”

उन्होंने आगे कहा कि सेबी जल्द ही म्यूचुअल फंड वितरकों (डिस्ट्रीब्यूटर्स) और निवेश सलाहकारों (इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स) की भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता देगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये दोनों ही वित्तीय इकोसिस्टम के लिए जरूरी हैं और बिना किसी टकराव के एक साथ काम कर सकते हैं। कुमार ने कहा कि सेबी का उद्देश्य म्यूचुअल फंड वितरण कारोबार को और मजबूत करना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि निवेशकों के हितों की रक्षा हो। वित्तीय बाजारों में भरोसे के महत्व पर जोर देते हुए, उन्होंने बताया कि खुदरा निवेशकों (रिटेल इन्वेस्टर्स) को पूंजी बाजार में लाने में लगभग तीन दशक लग गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक बार भरोसा टूट गया, तो उसे फिर से कायम करना मुश्किल हो सकता है।

स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स के बारे में बात करते हुए, कुमार ने कहा कि इस उत्पाद को बाजार की एक वास्तविक जरूरत को पूरा करने के लिए लाया गया था, क्योंकि बड़ी मात्रा में पैसा ‘ग्रे’ (अस्पष्ट) और संभावित रूप से असुरक्षित निवेश माध्यमों में जा रहा था। उन्होंने कहा, “सेबी SIFs के कामकाज पर बारीकी से नजर रख रहा है। अगर इनका कामकाज संतोषजनक रहता है, तो इनके ढांचे में और अधिक लचीलापन लाने पर विचार किया जा सकता है।” सेबी के अधिकारी ने वित्तीय उत्पादों की ‘गलत बिक्री’ के खिलाफ भी आगाह किया। उन्होंने इसे बाजार की स्थिरता और निवेशकों के भरोसे के लिए एक खतरा बताया।

उन्होंने कहा कि नियामक ने ‘सुदर्शन’ और ‘रडार’ नाम के निगरानी सिस्टम लगाए हैं, ताकि गलत बिक्री के मामलों की पहचान की जा सके। फिलहाल वे बाजार के व्यवहार पर नजर रख रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि बाजार से जुड़े लोग जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाएंगे। कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि वितरण और सलाहकार गतिविधियों के बीच पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने बाजार के प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई ऐसा ओवरलैप न हो जिसमें पारदर्शिता की कमी हो। उन्होंने आगे कहा कि अगर निवेशकों को डिस्ट्रीब्यूशन सेवाओं और एडवाइजरी सेवाओं, दोनों से स्पष्ट लाभ मिलता है, तो वे इनके लिए क्रमशः कमीशन और फीस देने को तैयार होंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677