कोरबा/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में 13 सितंबर (शनिवार) की रात हाथियों ने रायगढ़ और कोरबा में जमकर उत्पात मचाया है। कोरबा में वीडियो बना रहे ग्रामीणों को हाथी ने दौड़ा दिया। पसान बस्ती में घर, दीवारें, दुकानों के शटर, बाइक और कार के शीशे तोड़ दिए।
दूसरा मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल का है। जहां 170 हाथियों के दल की मौजूदगी है। यहां हाथियों ने 32 किसानों की टमाटर और धान की फसल को रौंदकर खराब कर दिया। एक मकान ढहा दिया। एक युवक हाथी के पैर के नीचे आने से बाल-बाल बचा।
इसके अलावा सूरजपुर जिले के तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व में बेबी एलीफेंट के कीचड़ में खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व में बेबी एलीफेंट कीचड़ में खेलता हुआ दिखाई दिया।
कोरबा में लाइट दिखाकर ग्रामीण हाथी को परेशान करते रहे। इस दौरान हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ा दिया।
कोरबा में हाथी ने दुकान का शटर उखाड़ा, कार के शीशे तोड़े और चावल बिखरा दिया।
रायगढ़ में हाथियों ने 32 किसानों की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया है।
रायगढ़ में 170 हाथियों की मौजूदगी
रायगढ़ जिले के 2 वन मंडल में 170 हाथियों का दल मौजूद है। जिसमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 153 हाथी हैं। रायगढ़ वन मंडल में 17 हाथियों की मौजूदगी है। इन दलों में नर 49, मादा 73 और शावकों की संख्या 48 है। कुछ हाथियों का दल कापू रेंज के जंगल से निकलकर सरगुजा वन मंडल में चले गया है।
धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार (12 सितंबर) रात हाथियों का दल जंगल से निकलकर खेतों तक पहुंचा। जहां लैलूंगा वन परिक्षेत्र के सागरपाली गांव में 6 किसानों के धान की फसल को रौंदकर खराब कर दिया। वहीं, हाथी के पैर के नीचे आने से एक ग्रामीण बाल-बाल बच गया।
टमाटर और धान की फसल चौपट
वहीं, हाथियों ने बाकरूमा रेंज के रैरूमा में 5 किसानों की टमाटर और धान की फसल को चौपट कर दिया। एक मकान की दीवार को ढहा दिया। छाल के लोटान में 1 और पुरूंगा में 3 किसानों की फसल को नुकसान किया।
बोरो रेंज के चाल्हा में 1, घोंचल में 5, धरमजयगढ़ के आमापाली में 1 और मेढरमार में 6 किसानों की फसलों को रौंदा है। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के डेहरीडीह में विचरण कर रहा 48 हाथियों का दल 4 किसानों की फसल को नुकसान कर छाल रेंज की ओर चला गया।
रायगढ़ में किसान की फसल खराब, घायल युवक अस्पताल में भर्ती और ड्रोन से हाथी की निगरानी।
हाथी मित्र दल और वनकर्मियों ने बचाई जान
12 सितंबर की रात हाथी मित्र दल और वनकर्मियों को सूचना मिली कि 48 हाथियों का दल घरघोड़ा परिक्षेत्र की ओर से देउरमार की ओर आ रहा है। जिसके बाद गश्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्राम देउरमार में ग्रामीणों की भीड़ शोर मचाकर हाथियों को जंगल की तरफ भगाने का प्रयास कर रही थी। तभी एक हाथी उग्र होते हुए वापस मुड़कर ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़ा।
इसी भागदौड़ में पवन कुमार राठिया (21 साल) जमीन पर गिर गया। हाथी उसके पास पहुंचने ही वाला था कि गश्त टीम ने हूटर बजाकर हाथी को भगाया। जिससे पवन बाल-बाल बच गया। इसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव में कराई गई मुनादी
लैलूंगा सब डिवीजन SDO मकरलाल सिदार ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रात में झगरपुर रोड पर हाथी का दल आ गया था। दोनों ओर से आने-जाने वाले लोगों को रोककर हाथियों का रोड क्रॉस कराया गया। हाथियों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी करा दी गई है।
कोरबा में हाथी के करीब पहुंचकर लोग वीडियो बना रहे।
कोरबा के एक बस्ती में 3 घंटे तक रहा हाथी
कोरबा जिले की ग्राम पंचायत पसान बस्ती में शनिवार (13 सितंबर) की रात एक दंतैल हाथी ने खूब उत्पात मचाया। हाथी ने 3 घंटे तक बस्ती में घूमता रहा। इस दौरान उसने ग्रामीणों के घर, दीवारें, दुकानों के शटर, बाइक और कार के शीशे को तोड़ दिया।
हाथी की दहाड़ सुनकर बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़ना पड़ा। एक स्टाफ नर्स की आटा चक्की का शटर तोड़कर हाथी ने अंदर रखा धान खा लिया। ग्रामीणों ने हाथियों का वीडियो भी बनाया। इस दौरान हाथी ने उन्हें दौड़ा दिया।
कटघोरा वनमंडल में 5 दिन पहले ही शावक का जन्म हुआ है।
वीडियो के चक्कर में हाथी के करीब पहुंचे लोग
पसान के वार्ड नंबर 8 के पंच की कार और एक किसान की बाइक को हाथी ने नुकसान पहुंचाया। ग्रामीण वन विभाग के कर्मचारियों के साथ हाथी को खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग वीडियो और सेल्फी लेने के चक्कर में हाथी के करीब पहुंच गए। हालांकि, कोई बड़ी घटना नहीं हुई। हाथी ने फसलों को भी नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों ने दूसरे के घर में शरण ली
कोरबा डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी के अनुसार, हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है। वन विभाग हाथी पर नजर रख रहा है। साथ ही ग्रामीणों को भी सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कई लोगों को दूसरों के घरों में शरण लेनी पड़ी।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।