Connect with us

कोरबा

कोरबा और कटघोरा जेल में रक्षाबंधन पर भावुक पल:बहनों ने बंदी भाइयों को बांधी राखी, सामाजिक संगठन भी पहुंचे

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले की जिला जेल और उप जेल कटघोरा में रक्षाबंधन के अवसर पर भावुक क्षण देखे गए। जेल प्रशासन ने जेल मैनुअल के नियमों के तहत बंदी भाइयों के लिए राखी बंधवाने का विशेष आयोजन किया।

कोरबा जिला जेल में बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र और जल्द रिहाई की कामना की। जेलर अनिमेष साहू ने बताया कि यह कार्यक्रम जेल मैनुअल के तहत एक पारंपरिक आयोजन है।

सहायक जेल अधीक्षक अनिमेष कुमार साहू के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिजनों को 10-10 के बैच में प्रवेश दिया गया। सभी सामानों की सघन जांच की गई। बहनों द्वारा लाए गए फल और पैकेटबंद मिठाइयों को जांच के बाद ही अंदर ले जाने की अनुमति दी गई। सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू हुआ, जो दोपहर 12 बजे तक चला, जबकि मुलाकात दोपहर 2 बजे तक जारी रही।

पूर्व महिला आयोग सदस्य ने 15 बंदियों को बांधी राखी

इस दौरान कोरबा जेलर के मार्गदर्शन में विशेष व्यवस्था की गई थी। पूर्व महिला आयोग सदस्य अर्चना उपाध्याय ने जेल में निरुद्ध 15 बंदियों को राखी बांधी। उन्होंने बंदियों को नशे से दूर रहने, अच्छा आचरण अपनाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उपाध्याय ने कहा कि रक्षाबंधन विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उप जेल कटघोरा प्रभारी सीमा उराँव ने बताया कि वहां भी यह त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जेल प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, कटघोरा उप जेल में कुल 218 बंदी हैं। वहीं, जिला जेल कोरबा में 14 महिला, 201 पुरुष और 2 बच्चे निरुद्ध हैं। प्रशासन ने बहनों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया था।

जेल प्रशासन ने मुफ्त में दी राखी और मिठाई

जेल विभाग ने एक मानवीय पहल करते हुए यह भी सुनिश्चित किया कि यदि कोई बहन राखी या मिठाई नहीं ला पाती है, तो जेल प्रशासन द्वारा उन्हें निःशुल्क उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी भाई राखी से वंचित न रहे।

जेल प्रशासन के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित होती है और उनका पारिवारिक मूल्यों से जुड़ाव बना रहता है।

Continue Reading

कोरबा

श्री सप्तदेव मंदिर कोरबा में 04 सितम्बर को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

Published

on

कोरबा। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में दिनांक 04.09.2026, दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षाेल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियाँ जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं।

मंदिर में प्रतिवर्ष सजाई जाने वाली विभिन्न झाँकियों को मूर्तिकारों द्वारा आकर्षक एवं जीवंत स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मंदिर परिसर में बनाए जा रहे विशाल पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न चलायमान झाँकियाँ तैयार की जा रही हैं।

इनमें भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, श्री वासुदेव जी द्वारा श्रीकृष्ण को यमुना नदी पार कर गोकुल ले जाना, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बकासुर वध, कालियानाग मर्दन, गोवर्धन पर्वत को अपनी उँगली पर धारण करना सहित अनेक प्रसंगों को आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

इन मनोहारी चलायमान झाँकियों को पंडालों में सजाकर रखा जाएगा, जिनका दर्शन श्रद्धालु सायं 6.00 बजे से रात्रि 12.30 बजे तक कर सकेंगे। झाँकियों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन चरित्र से परिचित होने के साथ-साथ उनका आनंद भी ले सकेंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री के साथ-साथ रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित विभिन्न उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।

जन्माष्टमी उत्सव के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 03.09.2026 को सायं 3.00 बजे से 5.00 बजे तक मंदिर परिसर में ‘लडडू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। वहीं दिनांक 04.09.2026 को दोपहर 3.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक 0 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित होगी। इसी अवसर पर विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। शुभम गोयल द्वारा सायं 8.00 बजे से रात्रि 11.00 बजे तक भजन-कीर्तन की मनोहारी प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात रात्रि 12.00 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव की खुशी में भव्य आतिशबाजी की जाएगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से आग्रह किया है कि वे दिनांक 04.09.2026 को श्री सप्तदेव मंदिर पधारकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनें तथा इस पावन अवसर का पुण्य लाभ अर्जित करें।

Continue Reading

कोरबा

महतारी वंदन की राशि बनी मिथिला बाई के घर की छोटी-छोटी खुशियों का सहारा

Published

on

रक्षाबंधन पर नतनी के लिए खरीदी पसंद की चीजें, हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से घरेलू जरूरतें हो रहीं पूरी

कोरबा 28 अगस्त 2026। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच जब अपनी कोई नियमित आय न हो, तब छोटी-सी आर्थिक मदद भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम भटगांव की रहने वाली श्रीमती मिथिला बाई पति भगत राम के लिए महतारी वंदन योजना की राशि ऐसी ही मददगार बनी है। घर में किसी तरह का रोजगार या नियमित आय का साधन नहीं होने के कारण उन्हें घरेलू खर्च के लिए अक्सर आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके लिए राहत लेकर आई है।
मिथिला बाई बताती हैं कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा हर महीने उनके खाते में एक हजार रुपये की राशि अंतरित की जाती है। यह राशि भले ही बहुत बड़ी न हो, लेकिन परिवार की जरूरतों के बीच इसका महत्व उनके लिए बहुत अधिक है। वे कहती हैं कि इस पैसे से घर की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी हो जाती हैं और कभी अपनी नतनी के लिए खाने-पीने की पसंद की चीजें भी खरीद लेती हैं।
मिथिला बाई के लिए इस योजना का महत्व केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। यह राशि उन्हें अपनी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर रहने की मजबूरी को कुछ कम करने का अवसर भी देती है। खासकर रक्षाबंधन जैसे त्योहार के मौके पर खाते में आई महतारी वंदन की राशि उनके लिए विशेष खुशी लेकर आई। त्योहार पर घर-परिवार के लिए जरूरी सामान और अपनी नतनी के लिए छोटी-सी पसंद की चीज खरीद पाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई देती है।
वे भावुक होकर कहती हैं कि “हर महीने खाते में एक हजार रुपये आने से बहुत काम आता है। घर की छोटी जरूरतें पूरी हो जाती हैं। रक्षाबंधन के समय भी यह पैसा बहुत काम आया। नतनी के लिए खाने की चीज भी खरीद पाई।”
मिथिला बाई को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 31वीं किश्त की राशि भी प्राप्त हो चुकी है। लगातार मिल रही इस सहायता ने उनके जैसे अनेक महिलाओं के लिए घरेलू जरूरतों को पूरा करने में एक भरोसेमंद सहारा प्रदान किया है।
मिथिला बाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महिलाओं के खाते में हर महीने पहुंचने वाली यह राशि उनके लिए “छोटी जरूरतों की बड़ी ताकत” बन गई है। उनके लिए महतारी वंदन योजना सिर्फ खाते में आने वाली एक हजार रुपये की रकम नहीं, बल्कि परिवार की जरूरतों के बीच अपने हिस्से की खुशियां जुटाने का एक जरिया है।

Continue Reading

कोरबा

भारत सरकार के अवर सचिव पीयूष रंजन ने ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की ली समीक्षा बैठक

Published

on

राष्ट्रीय आजीविका मिशन, विकसित भारत -जी राम जी , प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और चुनौतियों पर हुई विस्तृत चर्चा

कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभागार में गुरुवार को ग्रामीण विकास विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली के अवर सचिव पीयूष रंजन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन उपस्थित रहे।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन , विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी – जी राम जी), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की जिले में प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

अवर सचिव पीयूष रंजन ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जमीनी स्तर पर उनकी पहुंच, क्रियान्वयन के दौरान सामने आ रही चुनौतियों तथा उनके समाधान के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में योजनाओं की भौतिक प्रगति (फिजिकल रिपोर्ट), लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियां, नवाचार, सफल कार्यों एवं जिले की विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी ली।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, प्राप्त उपलब्धियों तथा मैदानी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। श्री रंजन ने योजनाओं के क्रियान्वयन में सामान्य रूप से आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही योजनाओं के वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों एवं ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने तथा बेहतर परिणामों के लिए नियमित निगरानी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में एपीओ, डीसी, डीएमएम एवं डीपीएम सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677