सुपोषण चौपाल के माध्यम से कुपोषित बच्चों व किशोरी बालिकाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने के दिए निर्देश
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक ली, विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जिला सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों पर भर्ती, बाल सम्प्रेषण गृह, मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चों हेतु पोषण आहार वितरण, गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को टीएचआर का वितरण, रेडी टू ईट सामग्री, आंगनबाड़ी में उपलब्ध सुविधाएँ, कमियाँ, पेयजल आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था, सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी, पालना घर संचालन, नवा बिहान, बाल विवाह रोकथाम, बाल कल्याण समिति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्र समय पर संचालित हों तथा बच्चों को निर्धारित अनुसार गर्म नाश्ता, भोजन, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती-शिशुवती महिलाओं को समय पर पोषण आहार दिया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के माध्यम से उन्हें सुपोषित बनाया जाए। आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने हेतु निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित की जाएँ। उन्होंने सुपोषण चौपाल आयोजित कर योजनाओं की जानकारी देने, ग्राम पंचायतों में महिला सरपंचों एवं महिला जनप्रतिनिधियों को शामिल करने तथा छोटे बच्चों के वजन बढ़ाने, किशोरी बालिकाओं और गर्भवती-शिशुवती महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार हेतु पूरक आहार एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चों को कुपोषण चक्र से बाहर निकालने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के घर-घर जाकर माताओं को जागरूक किया जाए और उन्हें अतिरिक्त पौष्टिक आहार समय पर वितरित किया जाए। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि योजना का क्रियान्वयन गंभीरता और प्राथमिकता से किया जाए। परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एएनसी पंजीयन की जानकारी लेकर प्रकरण दर्ज कराएं और हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाएं। कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना अंतर्गत होने वाले भुगतान की जानकारी प्रत्येक माह प्रेषित करने, भुगतान अटके होने पर कारण ज्ञात कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने और इसे दस दिनों के भीतर पूर्ण करने को कहा। आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु नियमित शैक्षणिक गतिविधियाँ संचालित करने और आवश्यकता होने पर परियोजना स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने टीएचआर वितरण सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय पर अपलोड करने, लिंक में डाटा एंट्री सुनिश्चित करने तथा पोषण ट्रैकर में प्रतिदिन जानकारी दर्ज करने कहा। बैठक में कलेक्टर ने बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल देखरेख संस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि संस्थाओं में शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं और भोजन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने बच्चों के आधार, जाति प्रमाणपत्र एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के लाभ बताते हुए अधिक से अधिक बालिकाओं के खाते खुलवाने कहा। पालना केंद्र संचालन हेतु रिक्त पदों पर 15 दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यरत महिलाओं से बैठक लेकर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दें और केंद्र का नियमित संचालन करते हुए लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बसंत मिंज, परियोजना अधिकारी सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी लाकर सुपोषित बनाएं कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी परियोजना एवं सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र में अनिवार्य रूप से भेजें। पहले गंभीर कुपोषित और बाद में मध्यम कुपोषित बच्चों को एनआरसी भेजा जाए। उन्होंने कहा कि एनआरसी का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। कम वजन वाले बच्चों का वजन बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी का समय पर संचालन करते हुए पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से किया जाए। बारिश से पहले नए भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करें कलेक्टर ने जिले में भवनविहीन एवं जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जल्द स्वीकृतियाँ प्रदान की जा सकें। उन्होंने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों का परीक्षण करने, फोटो सहित विवरण भेजने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश के बाद किसी भी केंद्र के जर्जर होने की शिकायत न आए, इसलिए अभी से तैयारी की जाए। लक्ष्य अधिकतम आंगनबाड़ी केंद्रों को बारिश पूर्व नए भवनों में शिफ्ट करने का है। उन्होंने सीडीपीओ को पूर्व में स्वीकृत केंद्रों के कार्य पूर्ण कराने हेतु ग्राम पंचायतों से निरंतर संपर्क में रहने कहा। आंगनबाड़ी में लगाई गई पानी टंकियों को पानी स्रोत से जोड़ने हेतु जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए। बाल विवाह रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाएं कलेक्टर ने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पिछड़े क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम उम्र में विवाह और गर्भधारण से महिलाओं में एनीमिया तथा बच्चों में कुपोषण सहित कई स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं। अतः सभी पंचायतों में बाल विवाह मुक्त कोरबा-छत्तीसगढ़ अभियान में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
कोरबा। ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ( पूर्व महापौर रायपुर ) अध्यक्षता संजय कुमार पांडेय, (जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ ) विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पांडे, बी के शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा,राजेंद्र पाण्डेय, वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया । परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार हुए इस सम्मेलन में युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय दिया गया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से 12 जिले के ब्राह्मण परिवार शामिल हुए थे। एक परिवार भोपाल से भी शामिल हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण परिवार के युवक-युवती को एक दूसरे से परिचय करके विवाह करवाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार हुए इस आयोजन का लाभ बहुत सारे ब्राह्मण परिवार को मिलेगा ऐसे कार्य समाज के लिए बहुत अच्छे होते हैं समाज के सभी कार्यों में सभी ब्राह्मणों को तन मन धन से सहयोग करना चाहिए ताकि समाज आगे बढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण परिवार हमेशा एक होकर काम करते हैं और साथ में सभी का सहयोग करते हैं ब्राह्मण वह है जो हमेशा सभी के शुभ कार्यों को आगे बढ़ते हैं ऐसे में यह आयोजन पूरे समाज के लिए बेहतरीन कार्य है। आप सभी समाज के कार्यों में हमेशा सहयोग करके ब्राह्मणों को आगे बढ़ने का कार्य करें। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक, ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया गया है। बी.के. शुक्ला, अध्यक्ष परशुराम ब्राह्मण समाज ने कहा कि सामाजिक एकजुटता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
परशुराम ब्राह्मण समाज के इस आयोजन में 500 लोग शामिल हुए।
नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग 27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट कोरबा। इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की। शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।
कोरबा। 19 नवम्बर 2026 को भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया, जिसमें नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षक अंकुश लाल यादव एवं शिक्षिकता जयंती कंवर ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, समाजसेवा एवं स्काऊट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विद्यालय के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धी बताया और कहा कि यह विद्यालय के उज्ज्वल भाविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण नई शुरूवात है।
सेमिनार एवं सम्मान समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के के खण्डेलवाल सम्बोधित किया और राज्य संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूलभावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।
सेमिनार रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बालअधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के सम्पादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी युवा नेतृत्व एवं सेवा गतिविधियों के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने किया।
मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।