Connect with us

कोरबा

कोरबा जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन,मतदाता संख्या 8.18 लाख के पार

Published

on

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को दी जानकारी

मतदाता सूची भी वितरित किए गए

कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला कोरबा में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है। आज शनिवार, 21 फरवरी 2026 को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया।

इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दुदावत ने सम्पूर्ण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के पूर्ण होने के पश्चात कोरबा जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या 8,18,010 पहुँच गई है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 4,09,333 महिला मतदाताओं की संख्या 4,08,664 और तृतीय लिंग के 13 मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) अब सुधरकर 998 हो गया है, जो चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का परिचायक है। विधानसभा वार स्थिति देखें तो पालीतानाखार क्षेत्र में सर्वाधिक 2,19,510 मतदाता दर्ज हैं, जबकि रामपुर में 2,07,076, कोरबा में 1,95,781 और कटघोरा में 1,95,643 मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को मतदाता सूची की प्रति भी भेंट की।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दुदावत ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले में मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण भी किया गया। पूर्व में जिले में कुल 1081 मतदान केंद्र थे, जिनमें 132 नवीन केंद्र जोड़कर अब कुल संख्या 1211 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं  को कैटेगरी में विभक्त कर निराकरण किया गया। पुनरीक्षण के दौरान तकनीकी शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया गया। सी कैटेगरी के 40882 तथा 2,46,684  लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी (तार्किक विसंगतियों) का संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा सत्यापन हेतु नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि व समय पर सुनवाई हेतु समय दिया जाकर, मिलान कर उन्हें दुरुस्त किया गया। साथ ही, मृत्यु, स्थानांतरण और अनुपस्थित श्रेणी के कुल 1,33,741  नामों का नियमानुसार निराकरण किया गया, जिससे मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी बन सके।

दावा-आपत्ति और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया

कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चली दावा-आपत्ति की अवधि में जिला प्रशासन को कुल 19,197 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से नाम जोड़ने के लिए आए 14,091 आवेदनों में से 13,445 को स्वीकृत किया गया। इसी प्रकार नाम विलोपन के 315 और संशोधन के 4,187 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक संकलित किए गए और ’स्वीप’  कार्यक्रम के माध्यम से जिले भर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला और तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क एवं कॉल सेंटर की स्थापना कर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया गया। अंतिम प्रकाशन के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया समावेशी और निष्पक्ष रही है। इसमें राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दुदावत ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और कर्मचारियों को इस जटिल कार्य को समय सीमा के भीतर और शुद्धता के साथ पूर्ण करने हेतु बधाई दी। इस अंतिम प्रकाशन के साथ ही अब जिला कोरबा आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के पदाधिकारी, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोरबा सरोज महिलांगे, पाली तानाखार- मनोज कुमार बंजारे, कटघोरा से सूर्यकांत केशकर आदि उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677