नई दिल्ली,एजेंसी। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि हमारे पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। देश में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों को सप्लाई करने वाले टर्मिनलों पर भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दिल्ली में इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग के दौरान लोगों से डर और घबराहट में पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करने से बचने की अपील की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया गया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
सुजाता शर्मा ने कहा- पैनिक बाइंग के कारण पिछले दो दिनों में कई जगहों पर पेट्रोल पंपों और रिटेल आउटलेट्स के बाहर लंबी कतारें देखी गई हैं। हम बताना चाहते हैं कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक है। हमारे पास सालाना करीब 26 करोड़ टन कच्चा तेल रिफाइन करने की क्षमता है।
ईरान के साथ इजराइल और अमेरिका की जंग का आज 26वां दिन है। जंग के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल और गैस सप्लाई की सप्लाई प्रभावित है। भारत अपनी जरूरत का 50% कच्चा तेल और 54% LNG इसी रास्ते से मंगाता है।
सरकार ने कहा- डिस्ट्रीब्यूटर के पास LPG की कोई कमी नहीं
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने आगे कहा- पिछले 25 दिनों में करीब 2.5 लाख नए PNG कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा लगभग 2.20 लाख उपभोक्ताओं ने LPG से PNG में शिफ्ट किया है। साथ ही करीब 2.5 लाख नए आवेदन या रजिस्ट्रेशन भी प्राप्त हुए हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर पर LPG की भी कोई कमी नहीं है और ऑनलाइन बुकिंग अच्छी चल रही है। अब तक लगभग 26 राज्यों ने 22,000 टन कमर्शियल LPG का आवंटन किया है, जिसमें राज्य सरकारों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों दोनों की आपूर्ति शामिल है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि केरोसीन को वैकल्पिक ईंधन के रूप में केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अतिरिक्त आवंटन दिया है और लगभग 16 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में इसके आदेश जारी किए जा चुके हैं।
सरकार बोली- 35 दिन बाद गैस बुकिंग की बात झूठ
इससे पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने आज सुबह बताय था कि LPG रिफिल बुकिंग के समय में बदलाव से जुड़ी खबरें और सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी पूरी तरह गलत हैं। मंत्रालय ने कहा कि बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह ही जारी रहेगी।
बयान में कहा गया कि कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि PMUY कनेक्शन के लिए 45 दिन, नॉन-PMUY सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर के लिए 35 दिन की नई समय-सीमा तय की गई है, लेकिन ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है।
होर्मुज ईरान और ओमान के बीच 167 किमी लंबा जलमार्ग
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज करीब 167 किमी लंबा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा यहीं से गुजरता है। ईरान जंग के कारण यह रूट अब सुरक्षित नहीं रहा है। खतरे को देखते हुए कोई भी तेल टैंकर वहां से नहीं गुजर रहा।
इस मार्ग के बंद होने या तनावपूर्ण होने से तेल की कीमतें तुरंत प्रभावित होती हैं, क्योंकि दुनिया का एक बड़ा हिस्सा अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस पर निर्भर है। सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश भी अपने निर्यात के लिए इसी पर निर्भर हैं। ईरान खुद इसी रूट से एक्सपोर्ट करता है।
LPG संकट को लेकर अब सरकार ने ये कदम उठाए
6 मार्च: घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के लिए 21 दिन का लॉक-इन पीरियड शुरू किया गया (यानी एक सिलेंडर मिलने के 21 दिन बाद ही दूसरा बुक होगा)।
9 मार्च: डिमांड बढ़ने पर शहरों में लॉक-इन पीरियड बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया।
12 मार्च: ग्रामीण इलाकों के लिए सिलेंडर बुकिंग का गैप बढ़ाकर 45 दिन किया गया।
14 मार्च: पेट्रोलियम मंत्रालय ने PNG (पाइप गैस) यूजर्स के लिए LPG सिलेंडर रखना गैर-कानूनी घोषित किया। अब PNG कनेक्शन वालों को अपना सिलेंडर सरेंडर करना होगा और वे रिफिलिंग नहीं करा पाएंगे।
नई दिल्ली, एजेंसी। देश के बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए अहम अलर्ट जारी किया है। बैंक की कुछ डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 14 नवंबर 2026 को कुछ घंटों के लिए बंद रहेंगी। इसकी वजह जरूरी सिस्टम मेंटेनेंस है। ऐसे में अगर आप एचडीएफसी बैंक के ग्राहक हैं और नेटबैंकिंग या मोबाइल ऐप के जरिए पैसे ट्रांसफर करने की योजना बना रहे हैं, तो आपको पहले ही जरूरी काम निपटा लेने चाहिए।
14 नवंबर को 4 घंटे तक प्रभावित रहेंगी सेवाएं
एचडीएफसी बैंक के मुताबिक, सिस्टम मेंटेनेंस का काम 14 नवंबर 2026 को तड़के 2:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान करीब चार घंटे तक नेटबैंकिंग और HDFC Bank मोबाइल ऐप की कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
बैंक के अनुसार, इस निर्धारित समय के दौरान ग्राहक अकाउंट से जुड़ी कई डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इनमें डिपॉजिट से संबंधित सेवाएं, फंड ट्रांसफर और ऑनलाइन पेमेंट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
ये बैंकिंग सेवाएं रहेंगी बंद
सिस्टम मेंटेनेंस के दौरान ग्राहकों को इन सेवाओं में परेशानी हो सकती है:
अकाउंट से जुड़ी सेवाएं।
डिपॉजिट से संबंधित सुविधाएं।
NEFT, IMPS और RTGS के जरिए फंड ट्रांसफर।
बैंक के भीतर एक खाते से दूसरे खाते में पैसे भेजना।
नेटबैंकिंग और मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन पेमेंट।
अन्य अकाउंट से जुड़े डिजिटल ट्रांजैक्शन।
इसका मतलब है कि मेंटेनेंस के दौरान ग्राहक इन सेवाओं के जरिए सामान्य रूप से बैंकिंग ट्रांजैक्शन नहीं कर सकेंगे।
UPI और Zapp से कर सकेंगे पेमेंट
ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि सिस्टम मेंटेनेंस के दौरान UPI सेवाएं चालू रहेंगी यानी ग्राहक UPI के जरिए पैसे भेजने और पेमेंट करने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके अलावा Zapp Account (पहले PayZapp Wallet) के जरिए भी पेमेंट और मनी ट्रांसफर जारी रहेगा। ऐसे में जिन ग्राहकों को इस दौरान तुरंत डिजिटल पेमेंट करना है, वे उपलब्ध UPI और Zapp सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बैंक ने ग्राहकों को दी ये सलाह
एचडीएफसी बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे मेंटेनेंस शुरू होने से पहले अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर लें। खासकर जिन लोगों को NEFT, IMPS, RTGS या अन्य माध्यमों से बड़ी रकम ट्रांसफर करनी है, उन्हें पहले से इसकी योजना बना लेनी चाहिए।
बैंक का कहना है कि यह मेंटेनेंस डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की दक्षता और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। इसलिए ग्राहकों को सलाह है कि 14 नवंबर को सुबह 2:30 से 6:30 बजे के बीच प्रभावित सेवाओं पर निर्भर रहने के बजाय वैकल्पिक पेमेंट माध्यम तैयार रखें।
नई दिल्ली, एजेंसी। देश में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने और छोटे दुकानदारों को यूपीआई (UPI) से जोड़ने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने नई पहल की है। एनपीसीआई ने छोटे व्यापारियों के लिए UPI व्यापार सक्षम योजना (UPI Vyapaar Saksham Scheme) पेश की है। इस योजना के तहत दुकानदारों को अपनी दुकान पर यूपीआई QR कोड और पेमेंट अलर्ट के लिए साउंडबॉक्स लगवाने पर 300 रुपए से लेकर 750 रुपए तक का इंसेंटिव मिल सकता है। इसका मकसद गांवों, छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है।
QR कोड लगवाने पर मिलेंगे रू.300
एनपीसीआई की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, किसी नए दुकानदार की दुकान पर पहली बार यूपीआई QR कोड लगाने पर 300 रुपए का इंसेंटिव दिया जाएगा। वहीं, अगर व्यापारी पेमेंट मिलने की जानकारी के लिए साउंडबॉक्स लगवाता है, तो उसे 750 रुपए का इंसेंटिव मिलेगा।
इसके अलावा, 2,000 रुपए तक के पात्र यूपीआई ट्रांजैक्शन पर भी इंसेंटिव देने का प्रावधान किया गया है। इस तरह योजना के जरिए छोटे कारोबारियों को डिजिटल पेमेंट अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कौन उठा सकता है योजना का फायदा?
UPI व्यापार सक्षम योजना का लाभ उन छोटे व्यापारियों को मिलेगा, जिनका सालाना कारोबार 40 लाख रुपए तक है। इसके दायरे में कई तरह के छोटे कारोबार आ सकते हैं, जैसे:
किराना स्टोर चलाने वाले दुकानदार।
रेहड़ी-पटरी और ठेले वाले व्यापारी।
छोटे रिटेल दुकानदार।
गांवों और कस्बों में कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी।
योजना का खास फोकस उन दुकानदारों पर है, जो अभी तक डिजिटल पेमेंट की सुविधाओं से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए हैं।
छोटे शहरों और गांवों पर रहेगा विशेष फोकस
एनपीसीआई इस योजना के जरिए टियर-3 से टियर-6 तक के शहरों में यूपीआई भुगतान का विस्तार करना चाहता है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे दूरदराज के क्षेत्रों में भी छोटे व्यापारियों को डिजिटल पेमेंट से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
इससे छोटे कारोबारियों को नकद भुगतान पर निर्भरता कम करने और ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट की सुविधा देने में मदद मिल सकती है।
तीन साल तक प्रभावी रहेगी योजना
एनपीसीआई के सर्कुलर के अनुसार, यह योजना यूपीआई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने की तारीख से अगले तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगी।
योजना की फंडिंग के लिए यूपीआई इकोसिस्टम के सदस्यों की MDR हिस्सेदारी का 5 फीसदी हिस्सा निर्धारित किया गया है। इस फंड का इस्तेमाल तीन हिस्सों में होगा:
30 फीसदी फंड: नए व्यापारियों को यूपीआई से जोड़ने के लिए। 50 फीसदी फंड: यूपीआई ट्रांजैक्शन की संख्या बढ़ाने के लिए। 20 फीसदी फंड: विशेष रूप से चुने गए क्षेत्रों में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए।
इस पहल से छोटे दुकानदारों के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में यूपीआई की पहुंच मजबूत करने में मदद मिल सकती है।