Connect with us

कोरबा

सीआईएल अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य समापन, एसईसीएल बना चैंपियन

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर स्थित स्व. श्री बी.आर. यादव अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में आयोजित कोल इंडिया लिमिटेड अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 का समापन आज उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन एसईसीएल के तत्वावधान में किया गया।

फाइनल मुकाबले में एसईसीएल और सीसीएल की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में एसईसीएल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीसीएल को 6–1 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और सशक्त रक्षा का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने भरपूर सराहा।

समापन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन), एसईसीएल बिरंची दास मुख्य अतिथि तथा निदेशक (वित्त), एसईसीएल डी. सुनील कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मनीष श्रीवास्तव, सचिव हॉकी छत्तीसगढ़, रोहताश्व बाजपेयी (अध्यक्ष, हॉकी बिलासपुर), कोल इंडिया वेल्फेयर बोर्ड के सदस्य, एसईसीएल संचालन समिति के सदस्य, एसईसीएल कल्याण मंडल, मुख्यालय एवं क्षेत्रीय जेसीसी सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न काउंसिल एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में प्रातः खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में एनसीएल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमसीएल को पराजित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस सफल आयोजन ने कोल इंडिया परिवार की एकजुटता, समन्वय एवं खेल संस्कृति को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। एसईसीएल परिवार की ओर से सभी प्रतिभागी टीमों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

किताबों से मिलती है ज्ञान व अच्छे संस्कार की शिक्षा: सीताराम

Published

on

कोरबा/छुरीकला। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक स्कूल में शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शिक्षकों का सम्मान किया। स्कूल के प्राचार्य सीताराम केंवट ने कहा कि किताबों से ज्ञान व अच्छे संस्कार की शिक्षा मिलती है। जीवन जीने की कला सिखाती है। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी छात्रों को अच्छी शिक्षा व अच्छे इंसान बनाने की है। छात्रों ने शिक्षकों का श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस मौके पर स्कूल की शिक्षा समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

Continue Reading

कोरबा

कॉलेज छात्रा ने खाया जहर:3 दिन बाद मौत, 17 साल के नाबालिग पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

Published

on

कोरबा। कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में 21 साल की कॉलेज छात्रा ने छेड़छाड़ से परेशान होकर जहर खा लिया। तीन दिन तक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चलने के बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही 17 साल के नाबालिग पर छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

युवती के पिता नहीं थे। उसके दो भाई बाहर काम करते हैं। वह अपनी मां के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। 12वीं पास करने के बाद उसने कॉलेज में दाखिला लिया था। परिजनों के मुताबिक, वह पढ़ाई में अच्छी थी।

कॉलेज आते-जाते रास्ता रोककर करता था परेशान

युवती की मां और भाइयों ने आरोप लगाया कि गांव का 17 साल का नाबालिग लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। वह कॉलेज आते-जाते उसका रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता था। साथ ही मां और भाई के नाम सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या की धमकी देता था और युवती पर मिलने का दबाव बनाता था।

समझाने के बाद भी नहीं माना

परिजनों का कहना है कि उन्होंने नाबालिग को कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसकी हरकतों से युवती काफी तनाव में थी। वह परेशान होकर आत्महत्या करने की बात भी कहती थी।

3 सितंबर को चूहा मारने की दवा खाई

परेशान होकर युवती ने 3 सितंबर को चूहा मारने वाली दवा खा ली। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने उसे पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। शुरुआती इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां तीन दिन इलाज के बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई।

रक्षाबंधन पर दोनों भाई घर आए थे

बताया गया कि दोनों भाई रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने घर आए थे। छोटा भाई रक्षाबंधन के बाद काम के लिए दिल्ली चला गया, जबकि बड़ा भाई कोरबा में ही था। घटना की जानकारी दोनों को फोन पर दी गई।

पहले भी थाने में की थी शिकायत

परिजनों का कहना है कि नाबालिग की हरकतों को लेकर पहले भी थाने में मौखिक शिकायत की गई थी। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी में परिजनों का बयान दर्ज किया गया है।

Continue Reading

कोरबा

गर्भवती महिला को खाट पर ले जाने का वीडियो वायरल:कोरबा के राजाडाही में 500 मीटर सड़क के लिए ग्रामीण सालों से कर रहे गुहार

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के दावों के बीच वनांचल क्षेत्र की जमीनी हकीकत सामने आई है। कोरबा जनपद पंचायत के बरपाली गांव के राजाडाही से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जिसमें ग्रामीण एक गर्भवती महिला को खाट पर लिटाकर कीचड़ भरे कच्चे रास्ते से ले जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो ने गांव की बदहाल सड़क और ग्रामीणों की परेशानी को सामने ला दिया है।

बारिश में घुटनों तक कीचड़, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंचती

बारिश में घुटनों तक कीचड़, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंचती

500 मीटर रास्ता बना मुसीबत

जंगलों के बीच बसे राजाडाही गांव में 600 से ज्यादा लोग रहते हैं। गांव में आंगनबाड़ी केंद्र से बस्ती पारा तक करीब 500 मीटर का रास्ता बेहद खराब है। बारिश के दिनों में इस रास्ते पर बड़े गड्ढों के साथ घुटनों तक कीचड़ भर जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दूसरे ग्रामीणों को इसी रास्ते से रोज आना-जाना पड़ता है।

एंबुलेंस नहीं पहुंचती, खाट पर मरीज ले जाने की मजबूरी

ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को होती है। सड़क खराब होने के कारण जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों को मरीजों को खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। वायरल वीडियो में भी एक गर्भवती महिला को इसी तरह खाट पर ले जाते हुए देखा जा रहा है।

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बनी सीसी रोड

ग्रामीण लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र से बस्ती पारा तक 500 मीटर सीसी रोड बनाने की मांग कर रहे हैं। वर्तमान सरपंच और ग्रामीणों का कहना है कि जनपद पंचायत, पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है।

जनदर्शन और समाधान शिविर में भी आवेदन दिए गए, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कई बार मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने फिर कलेक्टर से लगाई गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ 500 मीटर सीसी रोड बनने से उनकी वर्षों पुरानी बड़ी समस्या खत्म हो सकती है। उन्होंने एक बार फिर जनदर्शन में कलेक्टर से सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

अब ग्रामीणों को इंतजार है कि उनकी लंबित मांग पर प्रशासन कब ठोस कार्रवाई करता है और राजाडाही की कीचड़ भरी सड़क कब पक्के रास्ते में बदलती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677