Connect with us

छत्तीसगढ़

गुजरात/रायपुर : गुजरात की धरती पर बस्तर का सम्मान — एकता परेड में छत्तीसगढ़ की झांकी ने दिखाया विकास का नया मॉडल

Published

on

नए छत्तीसगढ़ की झलक देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुए प्रभावित

एकता परेड में छत्तीसगढ़ की झांकी ने दिखाया विकास का नया मॉडल
एकता परेड में छत्तीसगढ़ की झांकी ने दिखाया विकास का नया मॉडल

गुजरात/रायपुर। गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज आयोजित एकता परेड में इस वर्ष छत्तीसगढ़ की झांकी “बस्तर की धरती – संस्कृति, सृजन और प्रगति की गाथा” ने सभी का मन मोह लिया। यह झांकी छत्तीसगढ़ के जनजातीय जीवन, परंपराओं और विकास यात्रा का जीवंत प्रतीक बनकर उभरी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परेड में सम्मिलित सभी झांकियों का अवलोकन किया और विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों की सराहना की। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की झांकी ने अपने सौंदर्य, प्रतीकात्मकता और सशक्त संदेश से सबका ध्यान आकर्षित किया।

झांकी के अग्रभाग में पारंपरिक वेशभूषा में सजे माड़िया जनजाति के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गौर नृत्य ने बस्तर की आन-बान और सामूहिकता की भावना को सजीव कर दिया। उनके पास रखी पारंपरिक तुरही बस्तर के पर्वों की गूंज और लोक उल्लास की प्रतीक बनी। वहीं, नंदी का चित्रण बस्तर की गहरी लोक आस्था और शिव उपासना की परंपरा को अभिव्यक्त करता नजर आया।

झांकी के मध्य भाग में बस्तर के विकास और परिवर्तन की यात्रा को कलात्मक रूप में दर्शाया गया। कभी नक्सलवाद से प्रभावित यह क्षेत्र अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बस्तर आज तेजी से बदलते भारत का प्रतीक बन चुका है। अब यहाँ बंदूक की नहीं, विकास की गूंज सुनाई देती है।

झांकी के अंतिम भाग में टोकरी लिए महिला की प्रतिमा बस्तर की स्त्री शक्ति, श्रम और सृजनशीलता का प्रतीक बनी। संपूर्ण झांकी की ढोकरा शिल्पकला से की गई सजावट ने बस्तर के शिल्पकारों की अद्भुत कलात्मकता और परंपरागत कौशल को दर्शाया।

छत्तीसगढ़ की यह झांकी न केवल अपनी संस्कृति और कला में समृद्ध है, बल्कि यह बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव की कहानी भी कहती है। झांकी ने दिखाया कि आज का नया बस्तर परंपरा, प्रकृति और विकास का सुंदर संगम बन चुका है। कभी दुर्गम और पहुँच से दूर रहने वाले इलाकों में अब सड़कों का जाल बिछ गया है, जिन पर बच्चों के स्कूल जाने की चहल-पहल सुनाई देती है और स्कूलों में घंटियाँ बजने लगी हैं।

गांवों में बिजली की रौशनी और इंटरनेट की पहुँच ने नई आशाएँ जगाई हैं। युवाओं में कुछ करने, आगे बढ़ने का जोश दिखाई देता है। महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रही हैं—हस्तशिल्प, वनोपज , विभिन्न विकासात्मक योजनाओं ने उनके जीवन में नई दिशा दी है। लोग अब विकास पर भरोसा करने लगे हैं।

यह झांकी इस विश्वास का प्रतीक है कि बस्तर अब सिर्फ़ अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ते एक नए युग के लिए भी जाना जा रहा है।

एकता परेड के लिए झांकियों का चयन गृह सचिव की अध्यक्षता में गठित एक उच्चस्तरीय समिति और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने देशभर के राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय संगठनों के प्रजेंटेशन देखे। हर राज्य ने अपनी थीम, मॉडल और विचार समिति के सामने प्रस्तुत किए। इसी प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ की झांकी को उसकी मौलिकता, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास के जीवंत चित्रण के लिए चयनित किया गया।

अंतिम सूची में छत्तीसगढ़ के साथ एनएसजी, एनडीआरएफ, अंडमान-निकोबार द्वीप, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, पुद्दुचेरी और उत्तराखंड की झांकियाँ शामिल हुईं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

श्री सप्तदेव मंदिर में आँवला नवमी उत्सव, माँ श्री राणी सती दादी का जन्मोत्सव एवं संगीतमय मंगलपाठ श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न

Published

on

कोरबा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी, दिनांक 18 नवंबर 2026, बुधवार को श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल समिति एवं छ.ग. प्रांतीय अग्रवाल महिला मंडल समिति के द्वारा श्री सप्तदेव मंदिर में आँवला नवमी का पावन उत्सव बड़े ही श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने आँवले के वृक्ष के नीचे प्रातः विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा ब्राहणों को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विदित ही है कि आँवला नवमी का दिन माँ श्री राणी सती दादी का जन्म हुआ था। अतः इसी परंपरा के अनुरूप मंदिर परिसर में दादीजी का जन्मोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिला मंडल समिति की सदस्यों ने कोलकोता से पधारे धर्मपरायण प्रदीप टिबडेवाल एवं मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में केक काटकर माँ श्री राणी सती दादी का जन्मोत्सव मनाया तथा उपस्थित समस्त दादी भक्तों का मुँह मीठा कराया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 3.00 बजे से शुभम गोयल एंड पार्टी, कोरबा द्वारा माँ श्री राणी सती दादी का संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत किया गया, जो सायं 6.00 बजे तक चला। शुभम गोयल के द्वारा प्रस्तुत संगीतमय मंगलपाठ का सभी दादी भक्तों ने आनंद लिया। इसके पश्चात सायं 6.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर श्रीमती श्यामा टिबडेवाल, विद्या अग्रवाल, प्रेमा अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, किरण मोदी, प्रीति मोदी, राजा मोदी, सरला मित्तल, विधि अग्रवाल एवं सोनू अग्रवाल की गरिमामय उपस्थिति थी।

अशोक मोदी जी ने उपस्थित समस्त दादी भक्तों एवं नगरवासियों को आँवला नवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित करते हुए माँ श्री राणी सती दादी से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

Continue Reading

कोरबा

हंसी-ठहाकों, व्यंग्य बाण और श्रृंगार की कविताओं से गूंजता रहा ओपन थिएटर

Published

on

कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य के तीखे बाण, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की कविताएं… बुधवार की शाम निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में साहित्य और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला। मौका था अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।

कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस काव्य संध्या में कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार की प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत कर दिया। कभी कविताओं पर जमकर ठहाके गूंजे तो कभी गीतों और भावपूर्ण रचनाओं ने श्रोताओं को भावनाओं से जोड़ा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में आमंत्रित सभी कवियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद मां सरस्वती का स्मरण करते हुए गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति के साथ काव्य सम्मेलन का शुभारंभ कराया।

कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी ने हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने गीतों की प्रस्तुतियों से समां बांधा। पश्चिम बंगाल से पहुंचे पवन बांके बिहारी ने हास्य काव्य के जरिए माहौल में रंग भरा, वहीं कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बना दिया।

कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने भी अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। कवियों की एक के बाद एक प्रस्तुतियों के साथ ओपन थिएटर देर तक तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मोदी विचार मंच सोनू पांडेय सहित अन्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। अतिथियों ने भी पूरे काव्य सम्मेलन का आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आमंत्रित कवियों को आयोजन समिति की ओर से महापौर के हाथों स्मृति-चिह्न भेंट करा कर सम्मानित किया गया। महापौर संजू देवी राजपूत को आयोजक परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। आमंत्रित अतिथियों का भी स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार किशोर शर्मा, भारत विकास परिषद के महेश गुप्ता, नगर निगम के सचिव रामेश्वर कंवर, अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेंद्र साहू
सहित गणमान्यजन भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में राजेन्द्र जायसवाल, रंजन प्रसाद, पुरुषोत्तम दुबे और ओम गवेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की सफलता में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया।
काव्य, हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार से सजी यह शाम कोरबा के साहित्यप्रेमियों के लिए यादगार बन गई। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं की जोरदार तालियां और ठहाके पूरे आयोजन की सफलता की गवाही देते रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा पहुंचे कवियों का अभिनंदन किया छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने

Published

on

कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677