इस वर्ष मुख्य समारोह में होगा राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्‘‘ का सामूहिक गायन
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने के लिए अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित कीं तथा सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक एवं समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आजादी के पर्व पर 15 अगस्त को शासकीय कार्यालयों एवं जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रध्वज संहिता (फ्लैग कोड) का पालन करते हुए पूर्ण गरिमा एवं सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन फुटबॉल मैदान, सीएसईबी कोरबा पूर्व में किया जाएगा। जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थाओं में प्रातः 7 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस वर्ष मुख्य समारोह में राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्‘‘ का सामूहिक गायन भी किया जाएगा।
मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं सलामी कार्यक्रम के प्रभारी पुलिस अधीक्षक होंगे। परेड में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला) तथा छत्तीसगढ़ नगर सेना (पुरुष एवं महिला) के दल भाग लेंगे। समारोह का अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संपूर्ण प्रभारी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी, राजीव गांधी शिक्षा मिशन होंगे।
फुटबॉल मैदान, सीएसईबी कोरबा पूर्व में ग्राउंड की साफ-सफाई, शामियाना, ध्वनि विस्तारक (माइक) व्यवस्था, कुर्सियां, सोफा सेट, गमले, विशिष्ट अतिथियों के लिए पेयजल, ध्वजारोहण मंच, मंच सज्जा, गुब्बारे एवं ध्वज सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा की जाएंगी। ध्वजदंड एवं आवागमन के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं द्वारा की जाएगी। बांस-बल्ली की व्यवस्था वन विभाग द्वारा की जाएगी। विद्युत व्यवस्था की समुचित देखरेख अनुविभागीय अधिकारी (विद्युत/यांत्रिकी) करेंगे, जबकि कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता, वितरण, सीएसईबी शहर संभाग, कोरबा की होगी। समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों सहित आमजन के बैठने की व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कोरबा तथा तहसीलदार, कोरबा द्वारा की जाएगी। राष्ट्रगान की प्रस्तुति पुलिस बैंड द्वारा दी जाएगी। निमंत्रण पत्रों की छपाई की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा तथा उनके वितरण की व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी, कोरबा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य समारोह एवं रिहर्सल के लिए आवश्यकतानुसार वाहन व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी द्वारा की जाएगी। मार्चपास्ट एवं रिहर्सल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था महाप्रबंधक, एनटीपीसी द्वारा तथा मुख्य समारोह के दिन स्वल्पाहार की व्यवस्था आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा की जाएगी। समारोह में भाग लेने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) की होगी। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक चिकित्सक, स्वास्थ्य अमला एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्रों की छपाई की व्यवस्था जिला पंचायत कोरबा द्वारा की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बाल्को, मुख्य अभियंता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व, मुख्य अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी, कोरबा पश्चिम तथा महाप्रबंधक, एसईसीएल द्वारा की जाएगी। पुरस्कार वितरण की संपूर्ण व्यवस्था जिला पंचायत कोरबा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
14 अगस्त को आयोजित होगी स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को प्रातः 8 बजे स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा अधिकारी-कर्मचारी भाग ले सकेंगे। दौड़ घंटाघर चौक से प्रारंभ होकर निहारिका, सुभाष चौक, विद्युत गृह स्कूल, बुधवारी बाजार चौक, जैन मंदिर, महाराणा प्रताप चौक होते हुए पुनः घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में समाप्त होगी।
राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने के दिए निर्देश
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में फहराए जाने वाले राष्ट्रध्वज का पूर्व परीक्षण कर लें। राष्ट्रध्वज कहीं से भी कटा-फटा, क्षतिग्रस्त अथवा छेदयुक्त नहीं होना चाहिए। ध्वज स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा उसे सही तरीके से फहराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रध्वज की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा फ्लैग कोड के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन किसी भी स्थिति में न हो।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।