Connect with us

कोरबा

उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की पहल

Published

on

कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर हुई बैठक
कोरबा, 25 अक्टूबर 2026। जिले में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री दुदावत ने औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनकी वर्तमान एवं भविष्य की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान उपलब्ध होने के बावजूद रोजगार नियोजन की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उद्योगों को आईटीआई से जोड़कर उनकी जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही, उद्योगों में युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने औद्योगिक संस्थानों से आगामी तीन वर्षों में आवश्यक ट्रेड और कुशल कार्यबल के संबंध में लिखित फीडबैक देने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई में आगामी पांच वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और उभरते ट्रेडों में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि औद्योगिक नीति के तहत उद्योग यदि अपनी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करते हैं, तो उद्योग स्थापना तथा प्रशिक्षण शुल्क में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ मिल सकता है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्योग संघ के अध्यक्ष, जिला रोजगार अधिकारी, लाईवलीहुड कॉलेज, जिले के आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रतिनिधि, सीपेट, मेडिकल कॉलेज और न्यू कोरबा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों सहित एनटीपीसी, बालको, अदाणी, एसीबी इंडिया एवं एसईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको के प्रतिनिधियों सहित अन्य उद्योगपति भी बैठक में शामिल हुए।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के होटल में 40 लोगों के ठहरने पर विवाद:धर्मांतरण की आशंका पर बजरंग दल का हंगामा, कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप

Published

on

कोरबा। कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में शनिवार शाम कथित धर्मांतरण और प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा हो गया। होटल में ठहरे 10 हिंदू परिवारों के धर्मांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया।

इस दौरान होटल परिसर में विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत कराई। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

15 कमरे बुक कराकर ठहरे थे करीब 40 लोग

जानकारी के अनुसार, जॉन मसीह ने होटल के 15 कमरे बुक कराए थे। इनमें लाफा, पाली, कटघोरा समेत अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 40 लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें सतनामी और गोंड़ समुदाय के परिवारों की संख्या अधिक थी।

शनिवार शाम प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और सीएसईबी चौकी प्रभारी भी पहुंचे।

बजरंग दल ने लगाया प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप

बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की साजिश रच रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रचार सामग्री के साथ पहुंची टीम ने शहरी क्षेत्र को निशाना बनाया था।

मुखर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एसईसीएल के मानिकपुर क्षेत्र में एक मकान को चर्च के रूप में विकसित किया गया है। इसका नाम इंडियन प्रेयर चर्च (आईपीसी) रखा गया है। उनके अनुसार, इसी चर्च के माध्यम से लोगों का मतांतरण कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पुलिस से की शिकायत, दस्तावेज नहीं लेने का भी आरोप

राणा मुखर्जी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में ठहरे लोगों से आधार कार्ड या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं लिए गए थे। इन आरोपों की पुष्टि और होटल में ठहरे लोगों के दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

होटल परिसर में विवाद के दौरान कुछ लोगों के साथ हाथापाई हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता कुछ लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई। फिलहाल कथित धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा-चांपा हाईवे पर दो हादसे:बाइक-टक्कर में युवक की मौत, भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत 6 लोग घायल

Published

on

कोरबा। कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी। इसकी चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि यदि कार गश्ती वाहन से नहीं टकराती, तो हादसा और भी भीषण हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हो गया।

युवक की मौत के बाद मारपीट

धनेश्वर की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़कर पीट दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

दशहरा पर्व के आयोजनों के कारण इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

गैरेज में बाइक रिपेयरिंग के दौरान पल्सर में लगी आग:शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सड़क पर लाकर बुझाई गई

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक मालिक और मिस्त्री समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।

गनीमत रही कि आग गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक नहीं पहुंची। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसके बाद मालिक किसी तरह धक्का देकर बाइक को गैरेज तक लाया था। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बाइक में फैल गई।

आग को गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक फैलने से रोकने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि रिपेयरिंग के दौरान किक मारने पर निकली चिंगारी से आग लग गई। हालांकि, आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक में अचानक आग लगने से मिस्त्री भी इसकी चपेट में आ सकता था। हालांकि, समय रहते जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाल दिया गया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को नुकसान होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677