JNU प्रकरण को लेकर टी.पी. नगर में विशाल धरना-प्रदर्शन, महिला मोर्चा ने उठाई जवाबदेही तय करने की मांग
कोरबा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को टी.पी. नगर, कोरबा में विशाल आक्रोश धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की शीर्ष नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें महापौर संजू देवी राजपूत की विशेष उपस्थिति रही। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
महिलाओं के सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि JNU की छात्राओं द्वारा शिकायत किए जाने और मामले में कार्रवाई होने के बावजूद कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं किया जायेगा। उन्होंने संबंधित सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
सांसद के आचरण पर भी हो कार्रवाई -संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि JNU की छात्राओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में महिला मोर्चा सड़कों पर उतरा है। उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित व्यक्ति को पद से हटाए जाने के साथ-साथ सांसद के रूप में उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े ऐसे गंभीर मामले में उचित कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा।
प्रीति स्वर्णकार ने उठाया नारी सम्मान का मुद्दा
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी परिस्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, राज्य हाथकरधा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, रुक्मणी नायर, जिला मंत्री सतीश झा, अजय कंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, कुलसिंह कंवर, राजेश लहरे, रामनारायण सराफ, बी.डी. शर्मा, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संबंधित मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया लोकार्पण कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। नवीन भवन से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस मद से जिले के जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि नवीन शाला भवन से विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नवीन भवन विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा, विकास झा, उदय शर्मा एवं मनीष मिश्रा, पार्षद अश्विनी मिश्रा एवं श्रीमती देवकी साहू, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, विद्यालय के प्राचार्य जय सिंह मोहलीकर सहित जितेंद्र सिंह, श्रीमती शशि साहू, संतोष कर्ष, श्रीमती अनीता राजपूत, रामेश्वर वैष्णव, संतोष यादव, श्रीमती अनूपा साहू, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में वनपट्टा की जांच, अवैध शराब विक्रय बंद कराने, लंबित वेतन, प्रधानमंत्री आवास की लम्बित किश्त भुगतान, पीएम आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, राशन वितरण में अनियमितता तथा आजीविका से जुड़ी मांगों सहित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों पर कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर दिया। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मिनीमाता हसदेव बांगो बांध एवं आसपास के क्षेत्र में किया गया श्रमदान कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हसदेव बैराज जल प्रबंध संभाग, रामपुर द्वारा मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती सहित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर बांध परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, उप अभियंता, स्थल सहायक और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कुछ स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में भाग लिया। उपस्थित लोगों को जल के महत्व और उसके समुचित उपयोग की जानकारी दी गई। उन्हें पानी व्यर्थ न बहाने, जरूरत के अनुसार उपयोग करने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दैनिक जीवन में साफ-सफाई अपनाने और अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है। पेयजल, कृषि, उद्योग और पर्यावरण के संतुलन के लिए जल स्रोतों का संरक्षण जरूरी है। बांध और जलाशय क्षेत्र की जल आवश्यकताओं के साथ-साथ जनजीवन और पर्यावरण से भी जुड़े हैं। इनकी स्वच्छता और सुरक्षा में विभाग के साथ नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से जल की प्रत्येक बूंद बचाने, जल स्रोतों में कचरा न डालने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई। जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना ही सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।