Connect with us

कोरबा

कोरबा पुलिस की पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक, सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस की शर्तों का पालन करने के निर्देश

Published

on

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर

होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

कोरबा। दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम कोरबा की ओर से सुमित गुप्ता तथा होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइसेंस की शर्तों एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

बैठक में सभी पटाखा व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करें तथा केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करें। लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखना, लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद विक्रय करना तथा दुकान का उपयोग अन्य प्रयोजनों के लिए करना प्रतिबंधित रहेगा।

अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश

प्रत्येक पटाखा दुकान में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, रेत एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, खुली आग तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन करना होगा। विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखी जाए तथा दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखने के साथ अग्निशमन वाहनों के आवागमन हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध रखा जाए।

होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

बैठक के दौरान होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कर्मचारियों द्वारा अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी दिया गया तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल किस प्रकार अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग पर नियंत्रण पाया जा सकता है, इसकी प्रक्रिया समझाई गई। व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी अवश्य रखें।

प्रतिबंधित पटाखों के विक्रय एवं अनधिकृत भंडारण पर रोक

व्यापारियों को केवल वैध एवं अधिकृत पटाखों का विक्रय करने तथा प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। पटाखों के साथ अन्य ज्वलनशील सामग्री का भंडारण नहीं किया जाए। दुकानों के सामने अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें, वाहनों को दुकान के सामने खड़ा न होने दें तथा आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुला रखें। नाबालिगों को पटाखों की बिक्री सहित अन्य लागू कानूनी प्रतिबंधों का भी पालन सुनिश्चित किया जाए।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी पटाखा व्यापारी जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आगजनी अथवा आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दें तथा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं लागू कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यापारियों से सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

Continue Reading

कोरबा

ट्रांसपोर्ट नगर चौक में लगाएं छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा

Published

on

सभापति नूतन ठाकुर और छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की मांग

कोरबा। छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की ओर से सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा एवं संस्कृति को सम्मान देने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर चौक में छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित किया जावे। छत्तीसगढ़ के विभिन्न चौक चौराहों में अनेक महापुरुषों की भव्य प्रतिमा स्थापित किया गया है ठीक उसी प्रकार टीपी नगर चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की स्थापना किया जाए। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के बावजूद भी किन्हीं राजनेता ने कोरबा के किसी चौक चौराहे पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना की सुध नहीं लिया जबकि छत्तीसगढ़ महतारी विभिन्न समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एकता तथा समृद्धि की परिचायक है।


नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने जिला प्रशासन एवं निगम प्रशासन से मांग करता है कि कोरबा के मुख्य चौराहा ट्रांसपोर्ट नगर चौक में छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित किया जाए। कोरबा के विभिन्न समाजो के संयुक्त संगठन छत्तीसगढ़िया सर्व समाज कोरबा की मांग और छत्तीसगढ़िया समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित किया जाए।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ स्थापना का 26 वर्ष: एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा के बच्चों ने बिखेरी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की अनुपम छटा

Published

on

कोरबा। 01 नवम्बर 2000 का वह स्वर्णीम दिन, जब प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश से अलग कर विकास का नया द्वार खोल दिया और यहां की छत्तीसगढ़ी संस्कृति को अलग पहचान दी। 26 साल का युवा छत्तीसगढ़ अब विकास की नई इबारत लिख रहा है। आज प्रदेश के कोने-कोने में इसका जश्न मनाया जा रहा है। तीन दिन तक प्रदेश में चलने वाला राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, यहां की विरासत और यहां की प्रगति को रेखांकित कर रहा है।


इसी कड़ी में आज मड़वारानी के पास स्थित ग्राम खरहरकुड़ा में संचालित छत्तीसगढ़ का सर्वोत्कृष्ट ग्रामीण अंचल में सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय एनकेएम लायंस पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल के बच्चों ने राज्य स्थापना दिवस को अपनी प्रस्तुति से खास बना दिया और नन्हें-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस, छत्तीसगढ़ी गीत, संगीत एवं नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत को आकार दिया। बच्चों की प्रस्तुति इतनी आकर्षक थी कि बच्चों की तालियों से सांस्कृति हॉल गुंजायमान हो गया।


डायरेक्टर ने दी राज्य स्थापना पर बधाई


एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बच्चों सहित क्षेत्र एवं जिलेवासियों को राज्य स्थापना पर बधाई दी और कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ पूरे विश्व में सबसे सुंदर, शांत और सद्भाव को समेटे हुए अलौकिक प्रदेश है, जहां कोई एक बार आता है-यहीं का होकर रह जाता है। यहां की संस्कृति और विरासत जहां लोगों को आकर्षित करते हैं, वहीं यहां का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटन के रूप में लोगों को एक बार नहीं बार-बार आने के लिए लालायित करता है। यहां के निवासी का मधुर व्यवहार ऐसा, कि लोग यहां आकर रम जाते हैं। ऐसी है हमारी छत्तीसगढ़ महतारी की अनमोल भूमि।

Continue Reading

कोरबा

मोबाइल को लेकर भाई से हुआ झगड़ा,बहन ने फांसी लगाई:मां ने फोन छिपाया तो नाबालिग ने टॉयलेट में दी जान, पुलिस ने जांच शुरू की

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के अयोध्या पुरी बस्ती में मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच हुए झगड़े के बाद 17 साल की छात्रा सानिया बानो ने टॉयलेट में फांसी लगा ली। वह 9वीं कक्षा में पढ़ती थी।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मां ने मोबाइल छिपा दिया था। इससे नाराज होकर सानिया घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर फंदे पर मिली।

सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या पुरी के शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता बकरे का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि घर में मोबाइल को लेकर सानिया और उसके भाई के बीच कहासुनी हो गई थी।

विवाद बढ़ने पर मां ने मोबाइल छिपा दिया और कहा कि तुम लोग मोबाइल के चक्कर में लड़ते रहते हो, इसलिए किसी को मोबाइल नहीं दूंगी। इस बात से सानिया नाराज हो गई और टॉयलेट के अंदर चली गई।

टॉयलेट में फंदे पर लटकी मिली छात्रा

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पिता ने टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। वहां सानिया फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में ठीक थी।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677