Connect with us

छत्तीसगढ़

महासमुद : नीति आयोग की महानिदेशक निधि छिब्बर ने पिथौरा में की आकांक्षी विकासखंड एवं संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा

Published

on

लक्ष्य प्राप्ति के साथ निरंतरता और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दिया जोर

शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पशुपालन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े संकेतकों की विस्तृत समीक्षा

आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं दुग्ध उत्पादन केंद्रों का किया स्थल निरीक्षण

आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं दुग्ध उत्पादन केंद्रों का किया स्थल निरीक्षण

महासमुद। महानिदेशक नीति आयोग, नई दिल्ली एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निधि छिब्बर ने आज महासमुद के आकांक्षी विकासखंड पिथौरा  प्रवास कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता तथा आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, नीति आयोग के अपर सचिव सतीश गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लक्ष्य प्राप्ति के साथ निरंतरता और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर

श्रीमती छिब्बर ने कहा कि केवल संकेतकों के लक्ष्य को पूर्ण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें निरंतर चलने वाली प्रक्रिया के रूप में अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधितों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और प्राप्त उपलब्धियों को स्थायी परिणामों में बदला जाए। जिले में दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी उद्योग की संभावनाओं को देखते हुए पशुपालन विभाग को विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से सशक्त बनाने पर बल दिया गया। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने की आवश्यकता भी रेखांकित की।

संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत जिले की प्रमुख उपलब्धियां

बैठक में बताया गया कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले में अधिकांश लक्ष्यों की प्राप्ति हो चुकी है। जन्म के समय जीवित शिशुओं के वजन मापन में 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है और कुल 12 हाजर 318 नवजात शिशुओं का वजन मापा गया है। क्षय रोग अधिसूचना दर को 81 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके अंतर्गत 1,200 अनुमानित मामलों में से 973 मामलों की पहचान की जा चुकी है। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन 96.09 प्रतिशत आंगनवाड़ी केंद्रों में किया गया है। जिले के सभी 1 हजार 956 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालय उपलब्ध हैं, जिससे इस सूचकांक में 100 प्रतिशत लक्ष्य पहले ही प्राप्त कर लिया गया है। पशुपालन क्षेत्र में भी 99.61 प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण पूर्ण किया जा चुका है और अप्रैल 2026 तक इसे 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

पिथौरा विकासखंड में उल्लेखनीय प्रगति

आकांक्षी विकासखंड पिथौरा में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक विभिन्न प्रमुख सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आईसीडीएस योजना के अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित अनुपूरक पोषण प्रदान करने में 86.77 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है, जिसमें 16 हजार 800 पात्र बच्चों में से 13 हजार 107 बच्चों को 21 दिनों से अधिक समय तक पोषण आहार दिया गया है। मार्च 2026 तक इसे 95 प्रतिशत तथा अप्रैल तक 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की माप-तौल की दक्षता 99.86 प्रतिशत दर्ज की गई है। 358 संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में से 356 में शौचालय सुविधा उपलब्ध है तथा 349 केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। क्षेत्र के 493 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय उपलब्ध हैं। पशुधन स्वास्थ्य के क्षेत्र में एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण अभियान के तहत लक्षित 41 हजार 250 गोवंश पशुओं के विरुद्ध 41 हजार 324 पशुओं का टीकाकरण कर 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की गई है।

आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं दुग्ध उत्पादन केंद्रों का निरीक्षण

नीति आयोग की महानिदेशक श्रीमती छिब्बर ने लहरौद आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण स्तर, नियमित उपस्थिति, टीकाकरण, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं रजिस्टर संधारण की समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री माताओं को प्रदाय की जा रही पोषण एवं पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। नवीन प्राथमिक विद्यालय लहरौद में कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया, शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली तथा मध्यान्ह भोजन योजना, छात्र उपस्थिति एवं आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त ग्राम गोड़बहाल में महिला समूहों द्वारा संचालित दुग्ध व्यवसाय का निरीक्षण कर महिलाओं को आजीविका विस्तार एवं बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

समयबद्ध लाभ वितरण एवं गुणवत्ता सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का पोषण और शिक्षा जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इन क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

40 वर्ष की सेवा के बाद सहायक ग्रेड-2 एस के पाण्डेय सेवानिवृत्त

Published

on

जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सीईओ सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावभिनी विदाई
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 सुरेश कुमार पाण्डेय अपनी सेवा के 40 साल पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। आज 01 जून 2026 को जनपद पंचायत कोरबा के सभागार में श्री पाण्डेय को सम्मान समारोह आयोजित कर भावभिनी विदाई दे कर उन्हें सम्मानित किया गया और सेवानिवृत्ति पर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।

जनपद पंचायत अध्यक्ष बीजमोती राठिया के मुख्य आतिथ्य, उपाध्यक्ष कौशिल्या कंवर एवं सीईओ खगेश निर्मलकर के विशिष्ट आतिथ्य में बाबू सुरेश कुमार पाण्डेय के लिए सम्मान समारोह/विदाई समारोह का आयोजन जनपद पंचायत कोरबा के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद सदस्य उषा दिनेश कुर्रे, चंद्रकांता कृष्णा राजपूत, किशन कोशले, रफीक मेमन (पप्पु), लेखाधिकारी गंगा प्रसाद वर्मा, सहायक लेखाधिकारी जयश्री अग्रवाल, महेश्वरी साव, सहायक ग्रेड-2 आर एस कंवर, सरिता सूर्यवंशी, मनरेगा के कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने सुरेश कुमार पाण्डेय को सेवानिवृत्ति पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
सुरेश कुमार पाण्डेय का सम्मान

अतिथियों ने सुरेश कुमार पाण्डेय को मंचस्थ कराया और उन्हें फूल मालाओं एवं बुके, शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।
अपने उद्बोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि जनपद पंचायत कोरबा से मुझे अपार स्नेह एवं अधिकारियों का भरपूर समर्थन मिला और मैंने यहां पूरे मनोवेग से अपना शानदार सेवा के 40 साल पूर्ण हंसी-खुशी के साथ पूर्ण किया। आज सेवानिवृत्ति पर मन बोझिल है, लेकिन यह शासन की सतत प्रवृत्ति है, 62 साल में सेवानिवृत्त होना ही पड़ता है, लेकिन जनपद पंचायत कोरबा को जब भी मेरी आवश्यकता होगी, मैं सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। उद्बोधन देते श्री पाण्डेय का गला रूंध गया और उन्होंने सभी का आभार जताया।
श्री पाण्डेय का अनुभव और कार्य करने की क्षमता हमें प्रेरणा देता है-सीईओ निर्मलकर

जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ने कहा कि सुरेश कुमार पाण्डेय के कार्य करने की जीजिविषा और क्षमता को हमने परखा और देखा है। श्री पाण्डेय का कार्य करने का अनुभव और उनकी क्षमता हमेशा हमें प्रेरणा देती रहेगी। मैं पूरे जनपद पंचायत कोरबा की ओर से श्री पाण्डेय को उनके स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं।
जनपद अध्यक्ष बीजमोती राठिया ने कहा कि श्री पाण्डेय हमेशा लोगों की सेवा और समय पर काम निपटाने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उपाध्यक्ष कौशिल्या कंवर ने कहा कि पाण्डेय जी से जब भी काम पड़ा वे समय से पहले काम पूर्ण कर देते थे। ऐसे कर्मचारियों से जनपद पंचायत की छवि सुधरती है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के कामों को भी वे गंभीरता से समय पर पूर्ण करते थे। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित जनपद सदस्यों ने उनकी सेवानिवृत्ति पर बधाई और शुभकामनाएं दी।
पेंशनर्स संघ एवं पत्रकारों ने भी दी बधाई

पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष एस के शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री पाण्डेय सहित पत्रकार रामेश्वर ठाकुर, श्रीमती रेणु जायसवाल, हीरा राठौर, प्रीतम जायसवाल सहित अन्य पत्रकारों ने भी श्री पाण्डेय को बुके देकर बधाई दी और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की।

Continue Reading

कोरबा

रजगामार के वार्ड क्रमांक 01 से रामसिंह कंवर ने 223 वोटों से जीता पंच का चुनाव, सर्वाधिक 327 वोट किए हासिल

Published

on

कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रजगामार के वार्ड क्रमांक 01 में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत सोमवार मत डाले गए। सुबह से मतगणना स्थल पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ी रही। क्षेत्र में पंच प्रत्याशी के रूप में रामसिंह कंवर, यशोदा बाई राठिया और केवला बाई राठिया के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। जिसमें रामसिंह कंवर ने जीत हासिल की है। गहमागहमी के बीच हुए मतदान के बाद मतों की गणना शुरू हुई। जिसमें पंच प्रत्याशी रामसिंह कंवर प्रचण्ड बहुमत से विजयी हुए। राम सिंह कंवर ने सर्वाधिक 327 वोट हासिल किए। प्रतिद्वंदी प्रत्याशी यशोदा बाई राठिया को 61 एवं केवला बाई राठिया को 104 वोट मिले।

इस तरह रामसिंह कंवर ने अपने प्रतिद्वंद्वी से 223 वोट के भारी अंतराल के साथ जीत हासिल की है। जीत के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रजगामार सरपंच हरि सिंह राठिया के समर्थक पंच की भारी मतों से जीत से वार्ड में जश्न का माहौल शुरू हो गया। वार्ड में कुल 563 मतदाता थे। जिसमें 502 मतदाताओं ने वोट डाले।विधि मान्य मत की संख्या 492 रही। 10 वोट निरस्त हुए।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा जिले में डिजिटल जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक संपन्न

Published

on

आंकड़ों का संग्रहण पूर्ण

कोरबा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के कुशल निर्देशन में कोरबा जिले के सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा जिले के समस्त चार्जों में जनगणना का कार्य पूरी सफलता के साथ पूर्ण कर लिया गया है।
जिले के सभी 06 नगरीय निकायों, नगर पालिक निगम कोरबा के 07 जोनों, नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा एवं बांकीमोंगरा तथा नगर पंचायत पाली एवं छुरीकला सहित सभी 12 तहसीलों (कोरबा, भैसमा, बरपाली, करतला, कटघोरा, दर्री, पोड़ी-उपरोड़ा, पसान, पाली, हरदीबाजार, दीपका एवं अजगरबहार) में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एच.एल.बी.) की पहचान करते हुए शत-प्रतिशत डेटा संग्रहण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

पहली डिजिटल जनगणना तकनीक का हुआ सफल प्रयोग

यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसके अंतर्गत प्रगणकों द्वारा फील्ड में जाकर कुल 33 प्रमुख बिंदुओं (भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, निर्माण सामग्री का प्रकार, खाद्यान्न, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, कार की उपलब्धता आदि) से संबंधित जानकारी सीधे ‘‘एचएलओ ऐप’’ में दर्ज की गई। डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रगणकों द्वारा दर्ज किया गया डेटा रियल-टाइम में सुपरवाइजरों की आईडी में सिंक हुआ, जिसे पूरी सतर्कता के साथ सत्यापित कर मुख्य सर्वर पर भेज दिया गया है। डिजिटल माध्यम से कार्य होने के कारण अब डेटा प्रोसेसिंग तीव्र गति से होगी, जिससे विकास कार्यों के लिए आवश्यक आंकड़े सरकार को शीघ्र उपलब्ध हो सकेंगे। आंकड़े भारत सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों की निगरानी में हुआ उत्कृष्ट कार्य
आशुतोष पाण्डेय, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत 07 जोनों की सटीक निगरानी के कारण पूरे राज्य में नगर पालिक निगम कोरबा ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सर्वप्रथम पूर्ण किया। इस प्रकार नगर पालिक निगम कोरबा जनगणना कार्य को समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने में प्रथम स्थान पर रहा।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला जनगणना अधिकारी द्वारा इस पूरी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग की गई। कार्य की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी 24 चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों पर सतत निगरानी रखी गई। सभी तहसीलदारों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा जिले में जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से समन्वय स्थापित कर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न कराया।
जिला कोरबा के लिए अधिकृत राज्य नोडल अधिकारी बैद्यनाथ द्वारा विभिन्न चार्जों में फील्ड कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिले में स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी तकनीकी शंकाओं एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया।
मानव संसाधन और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट समन्वय
जिले में फील्ड स्तर पर रिजर्व सहित कुल 2,215 प्रगणक एवं 376 सुपरवाइजर, अर्थात कुल 2,591 जनगणना कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता एवं सतत परिश्रम से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इन कार्मिकों ने प्रत्येक ग्राम, वार्ड एवं मोहल्ले में घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलित की, जिसके परिणामस्वरूप हाउस लिस्टिंग एवं आवास गणना (एच.एल.बी.) का कार्य निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सका। फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने भीषण गर्मी और भौगोलिक चुनौतियों का सामना करते हुए जिले के कोने-कोने तक पहुंचकर इस अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया।
कलेक्टर ने दी बधाई एवं जताया आभार
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जिले में कुल 2,078 एच.एल.बी. में कार्यरत सभी 2,591 प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं 24 चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार, जोन कमिश्नर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी) तथा पूरी प्रशासनिक टीम को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समय-सीमा के भीतर और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न करने पर हार्दिक बधाई दी है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा सभी माननीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया एवं प्रेस प्रतिनिधियों को भी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में योगदान के लिए बधाई प्रेषित की गई तथा उनका आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही उन्होंने जिले के उन 10,669 परिवारों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सजगता एवं नागरिक कर्तव्यबोध का परिचय देते हुए ‘‘स्व-गणना’’ के माध्यम से पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677