Connect with us

कोरबा

क्रिएटिव कार्नर के आर्टिस्टों को सम्मानित किया महापौर ने

Published

on

आयुक्त एवं सभापति की विशेष उपस्थिति में निगम कार्यालय में सम्पन्न हुआ सम्मान समारोह

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के सिटी ब्यूटीफिकेशन अंतर्गत संचालित ’’ क्रिएटिव कार्नर ’’ के आर्टिस्टो, कलाकारों को गुरूवार को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा सम्मानित किया गया। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर,वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने भी इन कलाकारों को सम्मानित किया। महापौर श्रीमती राजपूत ने आर्टिस्टों का सम्मान करते हुए सिटी ब्यूटीफिकेशन में उनकी सहभागिता की सराहना की तथा कोरबा को सुंदर बनाने की दिशा में उनके निरंतर सहयोग का आग्रह किया। इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन व मुकुंद सिंह कंवर सहित निगम के अधिकारीगण व आर्टिस्टगण उपस्थित थे।

यहॉं उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में ऊर्जाधानी कोरबा शहर के सौदंर्यीकरण को मूर्तरूप देने की दिशा में नगर पालिक निगम कोरबा व आर्टिस्ट गु्रप आफ कोरबा की संयुक्त पहल पर दिसम्बर 2025 में क्रिएटिव कार्नर अभियान का शुभारंभ किया गया था, सुभाष चौक से कोसाबाड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग की दीवाल पर महापौर श्रीमती राजपूत व आयुक्त श्री पाण्डेय ने ब्रश उठाकर पेंटिंग की थी तथा ’’ क्रिएटिव कार्नर ’’ की शुरूआत हुई थी। निगम के सहयोग से आर्टिस्ट गु्रप आफ कोरबा के कलाकारों, आर्टिस्टों ने अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए थीम आधारित चित्रकारी व पेंटिंग कर स्थल को सजाया, संवारा था। निगम व आर्टिस्ट गु्रप के संयुक्त सहयोग से क्रिएटिव कार्नर अभियान के तहत आगे भी शहर सौदंर्यीकरण पर कार्य करते हुए शहर के मुख्य मार्गो, सपर्क सड़कों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं उपेक्षित पडे़ स्थानों पर थीम आधारित पेंटिंग, चित्रकारी किए जाने का यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा। आज नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व सभापति नूतन सिंह ठाकुर की विशेष उपस्थिति में आर्टिस्टों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, मुुकुंद सिंह कंवर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, पीआईयू पंकज गभेल व धनमोहन रात्रे आदि के साथ अन्य लोग  उपस्थित थे। 

प्रतिभा सम्पन्न है हमारे कोरबा के आर्टिस्ट, कलाकार

इस मौके पर महापौर श्रीमती राजपूत ने आर्टिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि निश्चित रूप से आप सब प्रतिभा सम्पन्न आर्टिस्ट हैं, आपको निगम से एक प्लेटफार्म मिला और आपने अपनी कला प्रतिभा के दम पर स्थल को सुंदरता प्रदान की, शहर सौदंर्यीकरण में अपना योगदान दिया जिसके लिए मैं आप सबको बधाई देती हूॅं तथा कामना करती हूॅं कि निगम ही नहीं राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर भी आपकी कला को सम्मान मिले। उन्होने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हमारा शहर कोरबा देश में 08वें स्थान पर है, किन्तु आप सबके सहयोग से हमें अभी और आगे तक जाना है, उन्होने कहा कि आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय अत्यंत ऊर्जावान व्यक्ति हैं तथा कोरबा के विकास एवं नित नई उपलब्धियों के लिए सम्पूर्ण समर्पण भावना से कार्य कर रहे हैं, मैं उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करती हॅॅू, उन्हें भी बधाई व शुभकामनाएं देती ह

आर्टिस्टों का प्लेटफार्म है ’’ क्रिएटिव कार्नर ’’

इस मौके पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्रिएटिव कार्नर आर्टिस्टों का प्लेटफार्म है, जो उन्हे अपनी प्रतिभा प्रदर्शन हेतु मंच प्रदान करता है, क्रिएटिव कार्नर भी हमारी एक उपलब्धि है, किन्तु यहॉं यह कहना उचित होगा कि उपलब्धि का कोई पैमाना नहीं होता, छोटे से छोटे प्रयासों से हम कुछ बड़ा करने का कार्य करें, हमारे छोटे-छोटे प्रयासों से शहर सुंदर बनें, कोरबा को स्वच्छ सुंदर शहर बनाने के लिए सबका सहयोग प्राप्त करें, यह भी एक उपलब्धि है। उन्होने कहा कि क्रिएटिव कार्नर मिशन के तहत आगे भी निरंतर गतिविधियॉं जारी रहेंगी तथा इसे और अधिक सुनियोजित ढंग से संचालित किया जाएगा, प्रत्येक आर्टिस्ट के लिए पृथक-पृथक गैलरी होंगी, उनमें आर्टिस्टों के कलाकृतियों के साथ आर्टिस्टों का जीवन परिचय व उपलब्धियॉं भी अंकित होगी, नगर निगम ने केारबा के आर्टिस्टों को एक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया है, ताकि आर्टिस्ट इस मंच के माध्यम से एक ओर जहॉं अपनी प्रतिभा दिखा सकें, वहीं दूसरी ओर शहर के सौदंर्यीकरण में भी उनकी सहभागिता सुनिश्चित हों।

आर्टिस्टों का कार्य सराहनीय

इस मौके पर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि आप आर्टिस्टों ने जो कार्य किया है, उसका अवलोकन मेरे द्वारा भी किया गया है, निश्चित रूप से आपका यह कार्य अत्यंत सराहनीय है, महापौर श्रीमती राजपूत एवं आयुक्त श्री पाण्डेय ने आपकी प्रतिभा व कला को पहचाना, आपको एक मंच प्रदान किया तथा आपने ब्रश व रंगों के माध्यम से वहॉं पर अपनी कला को बिखेरा, स्थल को सुंदर लुक दिया, इसके लिए आप सबको बहुत-बहुत बधाई देता हूॅं। उन्होने कहा कि महापौर श्रीमती राजपूत व आयुक्त श्री पाण्डेय की युगलबंदी ऊर्जानगरी कोरबा के विकास व सुंदरता को नई दिशा दे रही है, शहर की व्यवस्थाएं सुधर रही है, इसमें कोई संशय नहीं है।

शहर को सुंदर बनाने के दायित्व को पूरा कर रहा निगम

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्रिएटिव कार्नर निगम की अनूठी पहल है तथा इसके माध्यम से शहर को अच्छा स्वरूप देने, शहर को सुंदर बनाने का दायित्व निगम पूरा कर रहा है। उन्होने कहा कि निगम अपने मूलभूत कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ ही लीग से हटकर कुछ अच्छा करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिसके लिए मैं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को बधाई व शुभकामनाएं देता हूॅ तथा कोरबा के आर्टिस्टों, कलाकारों को उनके द्वारा प्रदत्त किए जा रहे सहयोग के लिए साधुवाद देता हूॅं।

कोरबा के हम आर्टिस्ट भी कायम करें गोल्डन वर्ल्ड रिकार्ड

इस अवसर पर आर्टिस्ट मनीषा अग्रवाल व अंकिता सोनी ने कहा कि क्रिएटिव कार्नर के तहत निगम ने हम कलाकारों को एक मंच प्रदान किया, हमनें उस पर कार्य किया, बेहद अच्छा लगा, जिसके लिए हम निगम को धन्यवाद देते हैं, उन्होने कहा कि अभी हाल ही में निगम के मार्गदर्शन में स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कर कोरबा ने जिस तरह से गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है, उसी तर्ज पर हम कोरबा के आर्टिस्ट भी अपनी कला के माध्यम से कुछ ऐसा ही रिकार्ड बनाने की इच्छा रखते हैं, उन्होने बताया कि अहमदाबाद में सब्जियों की रंगोली का वर्ल्ड रिकार्ड बनाया गया था, हम कोरबा के आर्टिस्ट उसी थीम पर उस रिकार्ड को तोड़कर नया रिकार्ड कोरबा के नाम करना चाहते हैं, जिसके लिए शासन प्रशासन व कोरबा के समस्त नागरिकबंधुओं का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।

इन आर्टिस्टों को किया गया सम्मानित

इस मौके पर आर्टिस्ट ग्रुप आफ कोरबा के प्रतिभावान सदस्यगण कुमकुम गुलहरे, अंकिता सोनी, अनिंदर कौर, सुमन कुमारी, जयकुमार साहू, मनीषाा अग्रवाल, प्रशांत कौशिक, गौरी शंकर, कैलाश कुमार, संदीप कुमार आदि आर्टिस्ट कलाकारों को महापौर श्रीमती राजपूत, आयुक्त श्री पाण्डेय व सभापति श्री ठाकुर के द्वारा सम्मानित किया गया, उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान किए गए।

Continue Reading

कोरबा

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की शुभकामनाएँ देते हुए की जनकल्याण एवं समृद्धि की कामना

Published

on

कोरबा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की शुभकामनाएँ देते हुए की जनकल्याण एवं समृद्धि की कामना। लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता एवं सूर्य उपासना के महापर्व सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ।
भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की असीम कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और खुशहाली लेकर आए।
छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, त्याग, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक एकता का संदेश देता है। मेरी कामना है कि आस्था और विश्वास का यह महापर्व हम सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और नई खुशियों का उजाला लेकर आए।
आप सभी को सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

Continue Reading

कोरबा

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को कोरबा में मिला व्यापक जनसमर्थन

Published

on

नवज्योत पटनायक ने कहा—लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी
जयसिंह अग्रवाल ने कहा—मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कायम होना चाहिए, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की आवश्यकता
कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत कोरबा में ब्लॉक स्तरीय जन चौपालों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 22, कांशीनगर स्थित सामुदायिक पंडाल के समीप कोरबा शहरी क्षेत्र की जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में इस अभियान के लिए AICC द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में कोरबा शहरी क्षेत्र के चारों ब्लॉकों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संगठनों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान के उद्देश्यों एवं पार्टी के दिशा-निर्देशों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी पूर्व एवं मधुबनी पश्चिम जिलों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित बैठकों एवं अपने सांगठनिक अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इन जिलों के दौरे और कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान मतदान व्यवस्था को लेकर आम लोगों में असंतोष एवं अनेक सवाल सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा चुनावों में अनुचित तौर-तरीके अपनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र की मजबूती और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बहाल करने के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित सभी जिम्मेदार कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से विशेष आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वास्तविक एवं पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले एवं बूथ स्तर पर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सजगता के साथ मतदाता सूची का सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए कांग्रेसजनों को बूथ स्तर तक संगठित होकर जनता के बीच जागरूकता पैदा करनी होगी और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
AICC के केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उसकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें, ताकि उसका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

श्री पटनायक ने जोर देते हुए कहा कि मतदान केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के निर्माण, संरक्षण और उसकी निरंतर मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सतर्क रहना होगा और मतदाता सूची की जांच से लेकर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सजगता, संगठनात्मक सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने से संभव है।
जन चौपाल में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं के विचारों एवं दिशा-निर्देशों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, बूथ स्तर तक पहुंचने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के नाम की पुष्टि करने का संकल्प व्यक्त किया।
जन चौपाल ने यह संदेश दिया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए जन-जागरूकता का एक व्यापक प्रयास है।
जन चौपाल कार्यक्रम में कोरबा जिला प्रभारी विजय केशरवानी, कोरबा शहर जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण मनोज चौहान सहित सभी वार्डों के कांग्रेस कार्यकर्त्ता, कांग्रेस पार्षदगण, ब्लाक एवं मंडल अध्यक्षगण, महिला,युवा, सेवादल आदि प्रकोष्ठों. के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे.

Continue Reading

कोरबा

कोयला मजदूर पंचायत का साधारण सभा सम्मेलन संपन्न, रेशमलाल यादव केंद्रीय अध्यक्ष और विनय सिंह केंद्रीय महासचिव निर्वाचित

Published

on

SECL के विभिन्न क्षेत्रों से जुटे 230 प्रतिनिधियों ने श्रमिक समस्याओं पर किया मंथन

मांगों का निराकरण न होने पर बिलासपुर स्थित SECL मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

छत्तीसगढ़//सोहागपुर//कोरबा। हिन्द मजदूर सभा (HMS) से संबद्ध प्रमुख श्रम संगठन कोयला मजदूर पंचायत’ का साधारण सभा सम्मेलन बीते 11 नवंबर 2026 को सोहागपुर क्षेत्र स्थित स्टाफ जिम क्लब में अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 230 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में श्रमिक हितों वर्तमान औद्योगिक परिस्थितियों संगठन की भावी रणनीति और आगामी आंदोलनात्मक लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई ।

रेशमलाल यादव और विनय सिंह को मिली कमान

सम्मेलन के सबसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय के तहत रेशमलाल यादव को कोयला मजदूर पंचायत का केंद्रीय अध्यक्ष तथा विनय सिंह को केंद्रीय महासचिव सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। सदन ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आगामी दिनों में केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन के लिए पूर्ण रूप से अधिकृत किया है ।

प्रमुख मुद्दे जिन पर सम्मेलन में जताई गई नाराजगी

  1. केंद्रीय बोर्डों में प्रतिनिधित्व की मांग:- वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा नए लेबर कोड के तहत गठित राष्ट्रीय बोर्डों में इंटक (INTUC) एटक (AITUC) और सीटू (CITU) को प्रतिनिधित्व न दिए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की, इसे श्रमिक एकता को कमजोर करने वाला कदम बताते हुए सभी केंद्रीय श्रम संगठनों को समानुपातिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई ।
  2. स्थायी श्रमिकों के अधिकारों का हनन:- SECL की खदानों में कार्यरत स्थायी श्रमिकों से काम लेने के बावजूद पूरा ओवरटाइम भुगतान न किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा, साथ ही महिला श्रमिकों को संडे ड्यूटी न दिए जाने को लैंगिक भेदभाव और लिपिक संवर्ग (Clerical Cadre) के कर्मचारियों को इससे बाहर रखने को नियम विरुद्ध बताया गया ।
  3. पदोन्नति और वेतन विसंगति:– आरोप लगाया गया कि चयन प्रक्रिया के नाम पर हजारों श्रमिकों को हालपैक ऑपरेटर सिक्योरिटी गार्ड ईएंडएम (E&M) हेल्पर ऑक्जिलरी कैडर के फोरमैन और लिपिक संवर्ग में पदोन्नति तथा एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त वर्षों से कार्यरत डिप्लोमा एवं डिग्रीधारी माइनिंग सरदारों के जूनियर ओवरमैन की सीधी भर्ती के कारण कनिष्ठ जूनियर हो जाने की विसंगति को दूर न किए जाने पर भी आक्रोश जताया गया ।
  4. ठेका मजदूरों का शोषण और संगठन की बड़ी जीत:- ठेका श्रमिकों से 12 से 24 घंटे तक काम लेने और ओवरटाइम व बोनस न देने की कड़ी निंदा की गई। इस दौरान बताया गया कि कोयला मजदूर पंचायत की शिकायत और दबाव के बाद मिनसोल कंपनी को एक चोटिल ठेका श्रमिक के पक्ष में 31 अक्टूबर 2026 को 3,74,364 रुपये का मुआवजा भुगतान करने के लिए बाध्य होना पड़ा ।
  5. अमानवीय स्थानांतरण और बदहाल सुविधाएं:- कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की नीतियों के विपरीत श्रमिकों विशेषकर कैंसर पीड़ितों गंभीर रूप से बीमार कर्मियों और सेवानिवृत्ति का नोटिस पा चुके कर्मचारियों के गेवरा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में किए जा रहे स्थानांतरण का कड़ा विरोध किया गया। खदानों में भीषण गर्मी कोयले की धूल शुद्ध पेयजल की कमी और सिविल कार्यों में कथित भ्रष्टाचार पर भी चिंता व्यक्त की गई ।

प्रमुख पारित प्रस्ताव और आंदोलन की चेतावनी

सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने बोनस के पात्र ठेका मजदूरों की सूची सार्वजनिक करने खान दुर्घटनाओं की नियमानुसार पारदर्शी रिपोर्टिंग करने तथा नियम विरुद्ध किए गए सभी स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग की गई ।

संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन सभी ज्वलंत समस्याओं को लेकर जल्द ही SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा जाएगा। यदि प्रबंधन द्वारा समय रहते मांगों का ठोस निराकरण नहीं किया गया तो कोयला मजदूर पंचायत बिलासपुर स्थित SECL मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी ।

सम्मेलन को नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेशमलाल यादव, महासचिव विनय सिंह, कमलेश सिंह, अमलेंदु विश्वास, सुनील पाण्डेय, हंसराज तंवर, गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, एससी मंसूरी, शिवनारायण मिश्रा और अख्तर जावेद उस्मानी ने संबोधित किया। पूरे आयोजन के दौरान हिन्द मजदूर सभा जिंदाबाद और हरभजन सिंह सिद्धू जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से सभागार गूंजता रहा ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677