देश
मानसून 26 मई को केरलम पहुंचेगा:तय समय से 5 दिन पहले, महाराष्ट्र के 4 शहरों में पारा 45°C पार, राजस्थान का फलोदी सबसे गर्म
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ, एजेंसी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि मानसून केरलम में 26 मई को दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, फिर देश के दूसरे हिस्सों को कवर करने के लिए उत्तर की ओर बढ़ता है। पिछले साल मानसून 24 मई को आया था।

2025 में सामान्य से 8% ज्यादा बारिश हुई थी। 30 सितंबर 2025 को मौसम विभाग (IMD) ने बताया था कि पूरे देश में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश (937.2 मिमी) दर्ज की गई। IMD चीफ मृत्युंजय महापात्रा ने इसे बहुत सफल सीजन बताया था।

यूपी में बारिश-आंधी से तबाही, 111 लोगों की मौत
हालांकि देश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश जारी है। यूपी में बुधवार को आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। राज्य में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया।
आधे से ज्यादा देश हीटवेव की चपेट में
उधर का देश का आधे से ज्यादा हिस्सा हीटवेव की चपेट में है। महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 40°C के पार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45°C के ऊपर दर्ज हुआ।
राजस्थान के फलोदी में तापमान 45.2°C, जैसलमेर और बाड़मेर में 45.1°C रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में 44.8°C और जोधपुर में 44°C पारा रहा। जयपुर, बीकानेर और नागौर में दिनभर हीटवेव जैसे हालात रहने के बाद शाम को बारिश हुई। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
इस साल मानसून में 6% कम बारिश का अनुमान
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, इस साल मानसून की बारिश सामान्य से 6% कम रह सकती है। जून से सितंबर तक मानसून के 4 महीनों में देश में बारिश का सामान्य औसत 868.6 मिलीमीटर है। सामान्य से कम मानसून का मतलब है कि बारिश 90% से 95% के बीच रहेगी। एजेंसी ने 94% बारिश का अनुमान दिया है।

जयपुर के रामबाग सर्किल पर गुजरते वाहनों को गर्मी से राहत देने के लिए शेड नेट लगाए गए।

हावड़ा में तेज धूप से बचने के लिए लोगों को खुद को ढंकने के बावजूद छाता लेना पड़ रहा है।

MP के मंदसौर में ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए 24 घंटे कूलर चलाए जा रहे हैं।

जयपुर में गुरुवार को दिनभर गर्मी के बाद रात को झमाझम बारिश हुई।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
16 मई:
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में बारिश, तेज हवाएं चल सकती हैं।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।
17 मई:
- राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।
- आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ खराब मौसम की चेतावनी है।
- असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।
राज्यों से मौसम की खबरें…
1. राजस्थान: प्रदेश का औसत तापमान 45°C के करीब, लू का अलर्ट; 10 जिलों में आज भी आंधी-बारिश

प्रदेश में हीटवेव और तेज गर्मी के कहर जारी है। औसत तापमान 45°C बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश सुबह से दोपहर तक तेज गर्मी और लू से तपा, लेकिन दोपहर बाद जयपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजस्थान के 10 जिलों में आंधी बारिश का यलो अलर्ट है।
2. मध्य प्रदेश: 9 शहरों में पारा 44°C के पार, दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर में रहने की सलाह

पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों को छोड़कर पूरा प्रदेश हीटवेव की चपेट में है। प्रदेश के 9 शहरों शाजापुर, नौगांव, खरगोन, खंडवा, रतलाम, खजुराहो, रायसेन, दमोह में 44°C से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। दोपहर 12 से 3 बजे तक ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
3. उत्तर प्रदेश: 37 जिलों में 40-60km की रफ्तार से चलेगी हवा; आंधी-तूफान में 111 की हुई मौत

प्रदेश में आंधी-तूफान और तेज बारिश की वजह से पिछले 2 दिन में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के आगरा-नोएडा समेत 37 जिलों में 40 से 60kmph की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। गुरुवार को बांदा सबसे गर्म रहा। यहां 45.2°C तापमान रहा।
4. बिहार: 19 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 50kmph की रफ्तार से चलेगी हवा, 24 घंटे में 41°C के साथ कैमूर सबसे गर्म

प्रदेश में गर्मी और उमस के बीच बारिश-आंधी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। दोपहर बाद 50kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। 41°C तापमान के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा।
5. उत्तराखंड: 8 जिलों में बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में 4°C तक बढ़ेगा पारा

पहाड़ी इलाकों में आज बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग समेत राज्य के आठ जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 4°C तक बढ़ सकता है।
6. छत्तीसगढ़: रायपुर में तेज बारिश, 4 दिन अंधड़ का अलर्ट, प्रदेश में 17 मई से चलेगी हीटवेव

रायपुर में आज सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिन तक अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश हो सकती है। 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिन में तापमान 2 से 3 °C तक बढ़ सकता है।
7. हरियाणा: 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, प्रदेश में कल से लू चलेगी; 12 शहरों में पारा 40 °C पार

हरियाणा में गर्मी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को 13 शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 40 °C सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दक्षिण हरियाणा के 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया है।
8. झारखंड: 20 मई तक बारिश की आशंका, 17 और 18 मई को बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है।
9. पंजाब: 6 जिलों में बारिश-तूफान का अलर्ट, कल से पांच दिन लू का असर

प्रदेश के छह जिलों व चंडीगढ़ में आज (15 मई) आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 16 से लेकर 20 मई तक पांच दिन कई स्थानों पर हीट वेव चलने का यलो अलर्ट है। 14 मई 2026 को पंजाब में 5 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 42.7 डिग्री रहा।
देश
विजय ने नीति आयोग बैठक में NEET का विरोध किया:MBBS-BDS में 12वीं के अंकों पर एडमिशन की मांग, PM समेत सभी राज्यों के CM शामिल हुए
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक हुई। इसमें सभी 28 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। तमिलनाडु CM विजय ने PM के सामने NEET परीक्षा का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि NEET शुरू होने के बाद ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों पर असर पड़ा है। विजय ने केंद्र से तमिलनाडु में MBBS-BDS सीटों पर 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर एडमिशन देने की इजाजत मांगी।
विजय ने केंद्र से तमिलनाडु का रुका हुआ ₹3,284 करोड़ का शिक्षा फंड बिना नई शिक्षा नीति और तीन-भाषा नीति की शर्त के जारी करने की मांग की। हालांकि पेपर लीक के मुद्दे पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

PM ने नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों के साथ फोटो खिंचवाई।

बैठक में शामिल हुए कर्नाटक CM डीके शिवकुनार, झारखंड CM हेमंत सोरेन और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री।

नीति आयोग की बैठक के बाद यूपी CM योगी आदित्यनाथ PM मोदी से मिले।

बैठक के बाद विजय ने PM मोदी से मुलाकात की। CM बनने के बाद यह उनकी दूसरी मुलाकात थी।

कर्नाटक CM शिवकुमार ने PM मोदी को एक प्रतिमा गिफ्ट में दी।
बैठक में समान अवसर और डिजिटल गवर्नेंस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग की बैठक में कहा कि सभी राज्यों के विकसित हुए बिना भारत विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। उन्होंने निवेशकों का ध्यान राज्यों की तरफ खींचने के लिए कारोबार करने में आसानी (Ease of Doing Business) पर जोर दिया।
चर्चा का मुख्य विषय ‘समावेशी मानव विकास’ रहा। प्रधानमंत्री ने राज्यों से जिला स्तर पर GDP का आकलन करने को भी कहा, ताकि स्थानीय स्तर पर विकास और प्रगति को बेहतर तरीके से मापा जा सके। बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, रूफटॉप सोलर और नियोजित शहरीकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इस बार नीति आयोग की थीम: समावेशी मानव विकास
इस साल नीति आयोग की बैठक की थीम ‘विकसित भारत @2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ है। इसका मतलब 2047 तक हर उम्र, क्षेत्र, लिंग और सामाजिक-आर्थिक बैकग्राउंड से परे हर भारतीय तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
भारत 2047 में आजादी के 100 साल पूरे करेगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य तब तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए GDP बढ़ाने के साथ मानव पूंजी को मजबूत करना, युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना, रोजगार बढ़ाना, महिलाओं और वंचित वर्गों को अवसर देना क्षेत्रीय असमानताओं को कम करना भी जरूरी है।
इसी वजह से नीति आयोग की बैठक में शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, पोषण, उद्यमिता, रोजगार और सामाजिक समानता जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई, ताकि विकास का लाभ हर भारतीय तक पहुंच सके।
सिद्धारमैया के अलावा 4 CM पिछली बैठक में नहीं पहुंचे थे
नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में कर्नाटक के तत्कालीन CM सिद्धारमैया, पश्चिम बंगाल की तत्कालीन CM ममता बनर्जी, केरल के तत्कालीन CM पिनराई विजयन, बिहार के तत्कालीन CM नीतीश कुमार और पुडुचेरी CM एन. रंगासामी शामिल नहीं हुए थे।
नीति आयोग के CEO बीवीआर सुब्रह्मण्यम के अनुसार, 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 31 ने बैठक में भाग लिया था। उन्होंने इसे गवर्निंग काउंसिल की सबसे अधिक भागीदारी वाली बैठकों में से एक बताया था।
वहीं, तमिलनाडु के तत्कालीन CM एम.के. स्टालिन, तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश CM सुखविंदर सिंह सुक्खू, झारखंड CM हेमंत सोरेन और पंजाब के भगवंत मान जैसे विपक्ष शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बैठक में मौजूद रहे थे।
देश
SBI, ICICI-HDFC समेत कई बैंकों ने FCNR जमा पर ब्याज दरें बढ़ाईं
मुंबई, एजेंसी। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक सहित कई बैंकों ने गुरुवार को प्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए ऊंची ब्याज दरों वाली एक नई विदेशी मुद्रा प्रवासी (FCNR-B) जमा योजना शुरू की। एनआरआई फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में यह बढ़ोतरी, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा बैंकों के लिए 30 सितंबर तक विदेशी मुद्रा अदला-बदली खिड़की की घोषणा के कुछ ही दिन बाद आई है।

60-70 अरब डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की संभावना
रिजर्व बैंक के इस कदम से बैंकों को इन जमाओं पर वहन की जाने वाली मुद्रा की ‘हेजिंग’ लागत से प्रभावी रूप से राहत मिली है और उनके पास जमा दरों में वृद्धि करने की गुंजाइश बनी है। इस कदम का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों से विदेशी मुद्रा जमा आकर्षित करना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस जमा योजना के तहत करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की संभावना है।
कौन-सा बैंक कितना देगा रिटर्न
- आरबीआई के इस कदम के बाद, ICICI बैंक ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि वह 11 जून से एनआरआई एफडी पर 6.50 प्रतिशत ब्याज की पेशकश कर रहा है।
- SBI ने अमेरिकी डॉलर में 3 से 5 वर्ष की अवधि वाली नई ‘एसबीआई एडवांटेज एफसीएनआर (बी)’ जमा योजना शुरू की है। इस योजना में एक वर्ष की लॉक-इन अवधि होगी। एसबीआई के अनुसार, 10 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की तीन से चार वर्ष की जमा पर 5.50 प्रतिशत, 4 से 5 वर्ष की जमा पर 5.75 प्रतिशत और 5 वर्ष की जमा पर 6 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
- बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda)ने भी अपनी नई एफसीएनआर (बी) योजना के तहत अमेरिकी डॉलर, ब्रिटिश पाउंड, यूरो, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और कनाडाई डॉलर में 3 से 5 वर्ष की अवधि वाली जमाओं पर ब्याज दरें बढ़ाई हैं। नई दरों के तहत अमेरिकी डॉलर जमा पर अधिकतम 6 प्रतिशत, ब्रिटिश पाउंड और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जमा पर 4.75 प्रतिशत, कनाडाई डॉलर जमा पर 5.15 प्रतिशत तथा यूरो जमा पर 3.75 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
- कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) ने कहा कि 11 जून से 3 से 5 वर्ष की एफसीएनआर (बी) जमा पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर से कम की जमा के लिए 6 प्रतिशत और इससे अधिक की जमा के लिए 6.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
- एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने भी 10 जून से 3 से 5 वर्ष की एफसीएनआर (बी) जमा पर ब्याज दर बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर दी है। यह दर 10 जून से 30 सितंबर, 2026 के बीच खोली गई जमाओं पर लागू होगी।
- एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) ने अमेरिकी डॉलर में एफसीएनआर (बी) जमा पर अधिकतम ब्याज दर 5.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.10 प्रतिशत सालाना कर दी है। नई दरें 10 जून, 2026 से प्रभावी हैं।
एफसीएनआर (बी) खाते एनआरआई को विदेशी मुद्रा में भारत में धन जमा करने की सुविधा देते हैं। इन खातों पर मिलने वाला ब्याज और मूलधन विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से सुरक्षित रहता है, इसलिए ये एनआरआई निवेशकों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं।
देश
एलजी का भारत समेत तीन प्रमुख ‘ग्लोबल साउथ’ बाजारों से 2030 तक राजस्व दोगुना करने का लक्ष्य
नई दिल्ली, एजेंसी। दक्षिण कोरिया की इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एलजी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ल्यू जे-चोल ने कहा कि कंपनी भारत सहित तीन उच्च संभावनाओं वाले ‘ग्लोबल साउथ’ बाजारों से अपना कुल राजस्व साल 2030 तक दोगुना करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि भारत में मजबूत वृहद आर्थिक वृद्धि, ब्रांड के प्रति उपभोक्ताओं की पसंद तथा रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एयर कंडीशनर जैसी प्रमुख श्रेणियों में घरेलू उपकरणों की अपेक्षाकृत कम पहुंच के कारण बड़े अवसर मौजूद हैं।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के सीईओ ने कहा कि भारत, सऊदी अरब और ब्राजील कंपनी की दीर्घकालिक वृद्धि की रणनीति के केंद्र में हैं। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक इन तीनों बाजारों से संयुक्त राजस्व को दोगुना करना है और इसके लिए वह इन उच्च संभावनाओं वाले बाजारों में अपने कारोबार का तेजी से विस्तार कर रही है। जे-चोल ने कहा, ”2025 में इन क्षेत्रों से हमारा संयुक्त राजस्व 6.2 लाख करोड़ कोरियाई वॉन रहा, जो 2023 की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। यह कंपनी की वैश्विक वृद्धि से दोगुना से भी अधिक है।”
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स का 2025 में एकीकृत राजस्व 89.2 लाख करोड़ कोरियाई वॉन रहा। उन्होंने कहा कि भारत जैसे प्रमुख उभरते बाजारों में तेज वृद्धि केवल कारोबार का विस्तार नहीं, बल्कि दक्षिण कोरिया, उत्तरी अमेरिका और यूरोप में कंपनी की मजबूत उपस्थिति के पूरक के रूप में संतुलित और मजबूत क्षेत्रीय पोर्टफोलियो तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी की ‘ग्लोबल साउथ’ रणनीति के तहत अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के जरिये उत्पाद नेतृत्व को मजबूत करने तथा सह-विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला के अनुकूलन के माध्यम से लागत प्रतिस्पर्धा बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
कंपनी की मध्यम से दीर्घावधि की रणनीति के बारे में विस्तार से बताते हुए, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स की निवेशक संबंध (आईआर) संचार टीम के प्रमुख एयरोन किम ने कहा कि कंपनी अपने मुख्य कारोबार को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है, जिसमें घरेलू उपकरण, वाहन तथा मीडिया एवं मनोरंजन समाधान शामिल हैं। भारत में योजनाओं के बारे में किम ने कहा कि कंपनी यहां अपनी उत्पादन क्षमता दोगुनी करेगी और अतिरिक्त क्षमता का उपयोग निर्यात बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
वर्तमान में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के कुल राजस्व में निर्यात की हिस्सेदारी छह से सात प्रतिशत है और कंपनी एशिया तथा अफ्रीका के बाजारों को सेवाएं दे रही है। कंपनी दोहरे बाजार और दोहरे खंड वाले निर्यात मॉडल पर काम कर रही है, जिसके तहत विकसित देशों को प्रीमियम उत्पाद तथा उभरते बाजारों को भारत में डिजाइन किए गए ‘एसेंशियल सीरीज’ उत्पाद भेजे जाएंगे।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
