कोरबा
वेदांता स्किल स्कूल से 13,000 से अधिक युवाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया आधार
‘युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रहा है बालको’
बालकोनगर। तेजी से बदलते औद्योगिक परिदृश्य में कुशल मानव संसाधन की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ग्रामीण युवाओं, विशेषकर जनजातीय समुदाय के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। कंपनी द्वारा संचालित वेदांता स्किल स्कूल के माध्यम से युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। कोरबा, सरगुजा और कवर्धा में संचालित इन प्रशिक्षण केंद्रों से अब तक 13,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिससे वे आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में अग्रसर हुए हैं।

वेदांता स्किल स्कूलों में युवाओं को पूर्णतः निःशुल्क आवासीय व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किए जाते हैं। इन केंद्रों में वेल्डर, फिटर, हॉस्पिटैलिटी, सिलाई मशीन ऑपरेटर, सोलर पीवी तकनीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग और इलेक्ट्रीशियन सहित सात प्रमुख ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। वित्त वर्ष 2026 में 1,202 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा गया। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को फॉक्सकॉन, वेलस्पन, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, अडानी, वोल्वो आइशर, बारबेक्यू नेशन तथा टाटा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग जैसी अग्रणी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, बेंगलुरु में ऑपरेटर (एफएलएबी) के रूप में कार्यरत लाभार्थी निशा यादव ने कहा, “ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली एक लड़की के लिए तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना आसान नहीं था, लेकिन वेदांता स्किल स्कूल ने मुझे यह विश्वास दिलाया कि प्रतिभा और मेहनत का कोई लिंग नहीं होता। यहां मिले व्यावहारिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और उद्योगों से जुड़ाव ने मुझे आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। आज मैं टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स में कार्यरत हूं, अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभा रही हूं और अपनी मां के उपचार में सहयोग कर पा रही हूं। यह केवल मेरी नौकरी नहीं, बल्कि मेरे परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और नए सपनों की शुरुआत है।”
महाराष्ट्र के धुले स्थित कृष्नाई होटल के फूड एंड बेवरेज विभाग में कैप्टन के रूप में कार्यरत लाभार्थी वंदना निराला ने कहा, “वेदांता स्किल स्कूल ने मेरे जीवन को नई दिशा और नई पहचान दी। मैंने एक स्टुअर्ड के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन यहां मिले प्रशिक्षण, संचार कौशल, पेशेवर व्यवहार और नेतृत्व क्षमता के विकास ने मुझे आज कैप्टन के पद तक पहुंचाया है। सबसे अधिक संतोष इस बात का है कि मैं अपने माता-पिता का सहारा बन सकी, अपने भाइयों की शिक्षा में सहयोग कर सकी और परिवार के नए घर के निर्माण में योगदान दे पाई। मेरी सफलता यह साबित करती है कि सही अवसर और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण किसी भी युवा के सपनों को नई उड़ान दे सकता है।”
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के विनोद कुम्हार ने वेदांता स्किल स्कूल से मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपना स्वयं का ‘विनोद मोबाइल रिपेयरिंग’ व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने कहा, “मैं रोजगार की तलाश में था, लेकिन वेदांता स्किल स्कूल ने मुझे रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का आत्मविश्वास दिया। यहां प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण, व्यावसायिक समझ और ग्राहक सेवा से जुड़ी सीख ने मुझे अपना मोबाइल रिपेयरिंग व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया। आज मैं अपना स्वयं का व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित कर रहा हूं और सम्मानजनक आय अर्जित कर अपने परिवार का सहारा बना हूं। मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैंने आत्मनिर्भर बनने के साथ यह विश्वास भी हासिल किया कि कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है और यही बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।”
तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वैल्यू-एडेड मॉड्यूल, औद्योगिक भ्रमण, उद्योग विशेषज्ञों से संवाद, सुरक्षा प्रशिक्षण, कर्मचारी स्वयंसेवकों द्वारा मेंटरशिप तथा एलुमनाई इंटरैक्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षता का विकास करते हैं।
वेदांता स्किल स्कूल गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और उद्योगों से मजबूत जुड़ाव के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बना रहा है। बालको का विश्वास है कि कौशल विकास सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन की आधारशिला है। कंपनी भविष्य में भी युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर समावेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
कोरबा
जिले में “विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन” का शुभारंभ
वीबी जी-रामजी गांवों के समग्र विकास को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम-डॉ. पवन कुमार सिंह
ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों का गारंटीशुदा रोजगार
तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ा कोरबा जिला
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुआ जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह
कोरबा। जिले में “विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (जी-रामजी)” के शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुभारंभ किए गए राष्ट्रीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण जिला एवं जनपद पंचायतों में देखा गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा श्री दिनेश कुमार नाग, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान,जनप्रतिनिधि, योजना के हितग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (जी-रामजी) विकसित भारत–2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रत्येक पंजीकृत ग्रामीण परिवार को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का मांग आधारित गारंटीशुदा रोजगार मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी दर ₹262 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि मनरेगा से विकसित भारत जी-रामजी तक की यह यात्रा ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करती है। योजनाएं तभी सफल होती हैं जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। सभी ग्राम पंचायतों में गुणवत्तापूर्ण कार्य कर जिले को आदर्श जिला बनाने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि योजना के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा तथा रोजगार की मांग प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर कार्य उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-रामजी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा गांवों के समग्र एवं सतत विकास को नई गति देने वाला ऐतिहासिक अभियान सिद्ध होगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा कौशल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, ई-केवाईसी एवं बायोमेट्रिक प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।


कोरबा
कोरबा में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री पर हमला:60 हजार रुपये लूटे, लाठी-डंडों से पीटा,कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस चालक पर आरोप
कोरबा। जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री एवं पोल्ट्री फार्म व्यापारी कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला कर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ करने के बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घायल नेता को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घर लौटते समय रास्ता रोककर किया हमला
जानकारी के अनुसार, भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज की निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास दुकान है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय गांव के अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की, फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
60 हजार रुपये लूटने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह बेहोश हो गए। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में राहगीरों ने उन्हें देखा और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची।

नशे के कारोबार का विरोध बना वजह
कपिलेश्वर धीरज ने बताया कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बाहर से आए मजदूर काम करते हैं। उनका आरोप है कि कॉलेज परिसर और आसपास के गांवों में गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही है, जिससे स्थानीय बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने अरुण खांडे और संदीप कुमार को समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।

कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस चालक पर आरोप
घायल भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का बेटा है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में सरकारी वाहन चालक है। उनका कहना है कि संदीप अपने पद का रौब दिखाकर उन्हें लगातार धमका रहा था। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें इस हमले का सामना करना पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले और लूट के आरोपों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा
कोरबा प्रेस क्लब को ‘आदर्श क्लब’ का रूप देने सुबह पहुंचे निगम आयुक्त, विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए दिए निर्देश
कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब को एक आदर्श प्रेस क्लब के रूप में विकसित करने की दिशा में बुधवार सुबह नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय ने प्रेस क्लब परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने क्लब की नवनिर्वाचित प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

निगम आयुक्त ने प्रेस क्लब परिसर में आवश्यक विस्तार कार्यों और इसके सौंदर्यीकरण को लेकर मौके पर ही मौजूद मातहत अधिकारियों को पूरे परिसर का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए जल्द ही रूपरेखा तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।
निगम आयुक्त के इस दौरे के दौरान प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, सह सचिव हरीश तिवारी और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन विशेष रूप से उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने आयुक्त को क्लब की प्राथमिकताओं और आवश्यक जरूरतों से अवगत कराया। इस दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, अभियंता सोमनाथ डहरे व विनोद गोंड, सफाई इंस्पेक्टर सचींद्र थवाईत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें आयुक्त ने विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विशेष रूप से वार्ड पार्षद पंकज देवांगन भी मौजूद रहे।

-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़3 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
