Connect with us

कोरबा

​शिक्षा के मंदिर में गूंजी किलकारी, प्राथमिक शाला बिंझवारपारा दीपका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

Published

on

​नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, बांटी गई नि:शुल्क पुस्तकें और यूनिफॉर्म

​एकलव्य विद्यालय के लिए चयनित मेधावी छात्रों का हुआ विशेष सम्मान

​सामुदायिक सहभागिता की मिसाल बना स्कूल में आयोजित न्योता भोजन

कोरबा/​दीपका। शिक्षा के प्रति बच्चों में उत्साह जगाने और उन्हें स्कूल की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आज शासकीय प्राथमिक शाला बिंझवारपारा संकुल दीपका में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

​परंपरागत स्वागत से खिले नौनिहालों के चेहरे

​कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशित बच्चों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई स्कूल की चौखट पर पहली बार कदम रख रहे मासूम बच्चों का भारतीय परंपरा के अनुसार माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया इस आत्मीयता को पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे मुख्य अतिथि कमलेश कुमार जायसवाल ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए शासन की योजना के तहत नि:शुल्क स्कूल यूनिफॉर्म (गणवेश) एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं ।

​प्रतिभाओं का सम्मान और न्योता भोजन की अनूठी पहल

​यह उत्सव न केवल नए बच्चों के स्वागत का माध्यम बना बल्कि स्कूल की सफलताओं को भी रेखांकित कर गया शाला से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए चयनित हुए प्रतिभावान विद्यार्थियों का मंच पर विशेष रूप से सम्मान किया गया ताकि अन्य बच्चे भी इससे प्रेरणा ले सकें इस अवसर पर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत स्कूल में न्योता भोजन का भी विशेष आयोजन किया गया जिसमें बच्चों को सुरुचिपूर्ण भोजन कराया गया इस पहल ने कार्यक्रम में सामुदायिक अपनेपन का एक नया रंग भर दिया ।

​वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहां कि ऐसे गरिमामयी कार्यक्रम बच्चों को न सिर्फ विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं बल्कि उनके मन में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक रुचि भी पैदा करते हैं आज के बच्चे ही कल के सशक्त भारत का निर्माण करेंगे ।

​गरिमामयी उपस्थिति

​इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार और प्रबंधन समिति का सराहनीय योगदान रहा कार्यक्रम के दौरान शाला के प्रधान पाठक सूर्य भूषण प्रताप सिंह सहायक शिक्षक पोखराज सिंह कंवर शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष कौशल्या बिंझवार मधु सोनी महाविद्या सागर बिंझवार सविता कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जागरूक अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

​सभी उपस्थित जनों ने बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य की मंगलकामना की ।

Continue Reading

कोरबा

जिले में “विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन” का शुभारंभ

Published

on

वीबी जी-रामजी गांवों के समग्र विकास को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम-डॉ. पवन कुमार सिंह

ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों का गारंटीशुदा रोजगार

तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ा कोरबा जिला

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुआ जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह

कोरबा। जिले में “विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (जी-रामजी)” के शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुभारंभ किए गए राष्ट्रीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण जिला एवं जनपद पंचायतों में देखा गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा श्री दिनेश कुमार नाग, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान,जनप्रतिनिधि, योजना के हितग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (जी-रामजी) विकसित भारत–2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रत्येक पंजीकृत ग्रामीण परिवार को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का मांग आधारित गारंटीशुदा रोजगार मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी दर ₹262 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि मनरेगा से विकसित भारत जी-रामजी तक की यह यात्रा ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करती है। योजनाएं तभी सफल होती हैं जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। सभी ग्राम पंचायतों में गुणवत्तापूर्ण कार्य कर जिले को आदर्श जिला बनाने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि योजना के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा तथा रोजगार की मांग प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर कार्य उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-रामजी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा गांवों के समग्र एवं सतत विकास को नई गति देने वाला ऐतिहासिक अभियान सिद्ध होगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा कौशल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, ई-केवाईसी एवं बायोमेट्रिक प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री पर हमला:60 हजार रुपये लूटे, लाठी-डंडों से पीटा,कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस चालक पर आरोप

Published

on

कोरबा। जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री एवं पोल्ट्री फार्म व्यापारी कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला कर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ करने के बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घायल नेता को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घर लौटते समय रास्ता रोककर किया हमला

जानकारी के अनुसार, भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज की निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास दुकान है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय गांव के अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की, फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

60 हजार रुपये लूटने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह बेहोश हो गए। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में राहगीरों ने उन्हें देखा और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची।

नशे के कारोबार का विरोध बना वजह

कपिलेश्वर धीरज ने बताया कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बाहर से आए मजदूर काम करते हैं। उनका आरोप है कि कॉलेज परिसर और आसपास के गांवों में गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही है, जिससे स्थानीय बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने अरुण खांडे और संदीप कुमार को समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।

कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस चालक पर आरोप

घायल भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का बेटा है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में सरकारी वाहन चालक है। उनका कहना है कि संदीप अपने पद का रौब दिखाकर उन्हें लगातार धमका रहा था। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें इस हमले का सामना करना पड़ा।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले और लूट के आरोपों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा प्रेस क्लब को ‘आदर्श क्लब’ का रूप देने सुबह पहुंचे निगम आयुक्त, विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए दिए निर्देश

Published

on

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब को एक आदर्श प्रेस क्लब के रूप में विकसित करने की दिशा में बुधवार सुबह नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय ने प्रेस क्लब परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने क्लब की नवनिर्वाचित प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

निगम आयुक्त ने प्रेस क्लब परिसर में आवश्यक विस्तार कार्यों और इसके सौंदर्यीकरण को लेकर मौके पर ही मौजूद मातहत अधिकारियों को पूरे परिसर का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए जल्द ही रूपरेखा तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।
निगम आयुक्त के इस दौरे के दौरान प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, सह सचिव हरीश तिवारी और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन विशेष रूप से उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने आयुक्त को क्लब की प्राथमिकताओं और आवश्यक जरूरतों से अवगत कराया। इस दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, अभियंता सोमनाथ डहरे व विनोद गोंड, सफाई इंस्पेक्टर सचींद्र थवाईत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें आयुक्त ने विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विशेष रूप से वार्ड पार्षद पंकज देवांगन भी मौजूद रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677