Connect with us

कोरबा

शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तभी विकसित भारत का सपना होगा पूरा:- मंत्री लखनलाल देवांगन

Published

on

रामपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन

कोरबा, 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर ही बच्चे देश और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में स्वच्छता, रक्तदान और ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से लोगों तक सेवाएँ और योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखा सकें और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें। उन्होंने नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री की देश सेवा को नाटक के माध्यम से प्रस्तुति पर विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) सहित विभिन्न मदों से सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य भवन और छात्रावासों से जुड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रामपुर विद्यालय में भवन निर्माण के साथ एक अन्य भव्य भवन का निर्माण भी डीएमएफ से प्रस्तावित है। मंत्री ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करनी होगी। उन्होंने बच्चों से मोबाइल का सीमित उपयोग कर अध्ययन पर ध्यान देने की अपील की।

एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम बच्चों के बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। पार्षद श्रीमती ममता यादव ने भी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा और देश के प्रति योगदान को प्रस्तुत कियज्ञं कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा, नरेंद्र पाटनवार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

हसदेव नदी घाट में पानी भरने तथा खराब मौसम के कारण पुन्नी मेला जनवरी माह के लिए टला

Published

on

कोरबा। अकवान तूफान के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला जनवरी तक के लिए टाल दिया गया है। पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज एक आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में रखा गया। चक्रवाती अकवान तूफान के कारण दो दिनों की बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण दर्री बराज का गेट खोला गया।

दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड, इंदिरा नगर के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है , नदी घाट पर कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुन्नी मेला आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए पुन्नी मेला को 24 नवंबर के स्थान पर जनवरी माह में मकर संक्रान्ति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया है। कोरबा में पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के द्वारा भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा था लेकिन चक्रवर्ती तूफान ने आयोजन की तैयारियां पर पानी फेर दिया है। आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित आयोजन समिति के सदस्यों भव्य तैयारी के साथ मकर संक्रान्ति के अवसर पर पुन्नी मेला आयोजित करने की जानकारी दिया है।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी:6 से 18 दिसंबर तक गाड़ियां प्रभावित, चौथी लाइन का काम, 27 ट्रेनों पर असर

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।

अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।

रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।

इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

Continue Reading

कोरबा

घने कोहरे की चादर में लिपटा कोरबा,चिमनियां तक हुईं ओझल:लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम, कुछ मीटर दूर तक देखना हुआ मुश्किल

Published

on

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पूरा शहर सफेद घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। चारों तरफ धुंध छाई रही। स्थिति यह थी कि औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां भी कोहरे में ओझल हो गईं। शहर का नजारा ऐसा लग रहा था, मानो कोरबा नहीं, कश्मीर हो।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को तीसरे दिन भी आसमान में बदली छाई रही। सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह 8 बजे के बाद भी कोहरा छाया रहा। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा।

मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया मौसम का लुत्फ

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बदले मौसम का जमकर आनंद लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कोरबा में लंबे समय बाद इतना घना कोहरा देखने को मिला है।

ठंडी हवाओं और धुंध के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कई लोगों ने कोहरे से ढके शहर के खूबसूरत नजारे को मोबाइल में कैद किया।

मैदान में गेंद तक नहीं दिखी, अभ्यास प्रभावित

घने कोहरे का असर खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण खेल शुरू करने में देरी हुई। कोहरे के चलते गेंद तक दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हुआ।

सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन

रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने भी सुबह कोहरे का नजारा देखा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका हल्का असर नजर आया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

दो दिन ऐसा ही रह सकता है मौसम

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677