प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में पत्रकारिता की एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रायगढ़ जिला मीडिया प्रभारी सुरेश पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवीन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों को बधाई देते हुए इसे पत्रकारों के हित में एक सराहनीय कदम बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि यह कार्यालय पत्रकारों के बीच संवाद, समन्वय, सहयोग एवं संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और शासन-प्रशासन तक आमजन की समस्याओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जब पत्रकार संगठित होंगे, तभी उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाई जा सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को एक मंच पर आकर आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। पत्रकार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए पत्रकारों के बीच एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती बेहद आवश्यक है।
प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा ने भी नवीन कार्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए। पत्रकार समाज की आवाज को बुलंद करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस नई शुरुआत के लिए सभी पत्रकार साथियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दैनिक भास्कर बिलासपुर के रीजनल हेड राम हृदय दुबे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर देवांगन, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता संघ आशीष भट्ट, विधायक प्रतिनिधि शेखर भट्ट, पूर्व नगर अध्यक्ष रामनारायण देवांगन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त महिला नेत्री राधा राकेश, यश वाई देवांगन, मंडल अध्यक्ष अविनेश मनहर, भूपेंद्र यादव, विनोद साहू, यशवंत साहू, मुरलीधर मिश्रा, सुकलाल निषाद एवं ओम शार्या सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की एकता, संगठन की मजबूती, पत्रकार सुरक्षा, सम्मान एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए गए। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को निर्भीकता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से संगठन निरंतर आगे बढ़ेगा। उन्होंने पत्रकार परिवार की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया इतिहास लिखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
नवीन कार्यालय का शुभारंभ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पत्रकारों के संगठनात्मक विस्तार और आपसी एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।
कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी। गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।
कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।