नई दिल्ली, एजेंसी। देश में कहीं सर्दी है, तो कहीं बारिश-बादलों ने ठंड को रोक रखा है। राजस्थान के माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान 3°C और सीकर, उदयपुर समेत 4 शहरों में 10°C से नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति के ताबो में रसबसे कम -4.6°C तापमान दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश और बिहार घने कोहरे की चपेट में हैं। यूपी में रविवार को प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ समेत 24 जिलों में कोहरा रहा। बिहार के समस्तीपुर और बेगूसराय में सोमवार सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रही।
चक्रवात के असर से दिन में तापमान गिरा, रात में बढ़ा
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के असर से दिन का तापमान गिर रहा है, जबकि रात में बढ़ोतरी हो रही है। भोपाल में रविवार रात का पारा 4.1°C बढ़कर 14.6°C रहा। छत्तीसगढ़ के रायपुर में न्यूनतम तापमान 19.2°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.3°C ज्यादा है।
कश्मीर घाटी में रविवार को न्यूनतम तापमान 0 से माइनस 3 डिग्री तक दर्ज हुआ।
माउंट आबू में गाड़ियों पर बर्फ की परत जम रही है। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
वाराणसी में चक्रवात अकवान के असर से काले बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं।
दिल्ली में सोमवार सुबह धुंध छाई रही। AQI 297 के साथ हवा खराब है।
कोलकाता में सोमवार सुबह इस साल का पहला घना कोहरा देखने को मिला।
सर्दी के साथ बढ़ा प्रदूषण, दिल्ली-NCR में हवा खराब
दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी पहले से कुछ सुधार हुआ है, लेकिन यहां की हवा खराब कैटेगरी में बनी हुई है। दिल्ली में 23 नवंबर 2026 को औसत AQI 246 दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में इसके 300 के पार पहुंचने की रिपोर्ट है।
मैप में देखें प्रदूषण का हाल…
सोर्स- IMD
अलग-अलग रंगों का मतलब: ये हवा में CO (कार्बन मोनोऑक्साइड) गैस की मात्रा दिखाते हैं। यह एक जहरीली गैस है, जो पेट्रोल-डीजल और लकड़ी जैसे ईंधन जलने से निकलती है। नीला रंग इसकी कम, हरा उससे ज्यादा और पीला, नारंगी और लाल रंग बढ़ती मात्रा बताते हैं।
राज्यों में मौसम का हाल…
1. राजस्थान: माउंट आबू में पारा 3°C; सीकर-फतेहपुर में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे
राजस्थान में सर्दी का असर तेज होने लगा है। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। रात में ओस की बूंदें जमने लगी हैं। सुबह और शाम गलन वाली सर्दी पड़ रही है। शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर और नागौर में भी पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
2. मध्य प्रदेश: आधे राज्य में छाए बादल, पूर्वी हिस्से में बारिश, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। पूर्वी हिस्से में लो प्रेशर एरिया और ट्रफ एक्टिव होने से रविवार को प्रदेश के आधे हिस्से में बादल छाए रहे। कुछ जिलों में बारिश भी हुई। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
3. बिहार: घना कोहरा, पटना-दरभंगा की हवा खराब, 24 घंटे में 4 डिग्री तक गिरा पारा
बिहार में साइक्लोन अकवान के असर से मौसम बदल गया है। समस्तीपुर और बेगूसराय में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज 11 जिलों में घने कोहरे का अनुमान जताया है। वहीं, पटना और दरभंगा की हवा में प्रदूषण बढ़ा है। बादलों के कारण धूप नहीं निकलने से 24 घंटे में दिन का तापमान 4 डिग्री तक गिर गया।
4. हरियाणा: रात के तापमान में गिरावट, ठंड बढ़ी, नारनौल सबसे ठंडा, 9 डिग्री पहुंचा पारा
हरियाणा में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश में नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में रात का पारा 11 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच पहुंच गया है।
5. छत्तीसगढ़: बादलों ने रोकी रात की ठंड, सुबह धुंध, जगदलपुर सबसे ठंडा, दो दिन बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अकवान गुजर चुका है, लेकिन बादलों के कारण रात की ठंड थमी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान साफ होने और उत्तर-पूर्वी हवाओं के असर से रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। सोमवार को जगदलपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
6. उत्तराखंड: एक हफ्ते मौसम शुष्क, सुबह-शाम ठंड, दिन में तेज धूप, रुड़की का AQI 270
उत्तराखंड में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप निकलेगी। पहाड़ी इलाकों और देहरादून में हल्के बादल और धुंध छा सकती है। इस बीच रुड़की में वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है। यहां AQI 270 दर्ज किया गया।
7. पंजाब-चंडीगढ़: अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री गिरेगा रात का पारा, ठंड बढ़ेगी, फरीदकोट में 8 डिग्री पारा
पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड बढ़ने लगी है। राज्य के न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट आई है। फरीदकोट में सबसे कम 8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों में रात का पारा 2 से 3 डिग्री और गिरेगा। 28 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
यूपी: 20 जिलों में घना कोहरा, हरदोई में पारा 11°C, पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट
पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह मऊ, देवरिया, संभल, बिजनौर, मिर्जापुर और चंदौली समेत 20 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटे में हरदोई और मुजफ्फरनगर सबसे ठंडे जिले रहे। यहां पारा 11°C तक पहुंच गया। खराब मौसम के चलते पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
नई दिल्ली, एजेंसी। भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू हो गई। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया।
ट्रेन करीब साढ़े तीन घंटे का सफर करके शाम करीब 4.50 पर गोरखपुर पहुंची। ट्रेन को शाम 5.10 बजे पहुंचना था, जो करीब 20 मिनट पहले ही पहुंच गई।
यह ट्रेन यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। पहले दिन 1158 यात्री इसमें सवार हुए। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ राम बारात लेकर जब मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे, तब उन्हें 4 दिन लगे थे। अब यही सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा।
ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू नदी अयोध्या में बहती है, जबकि कमला नदी नेपाल और बिहार के मिथिला क्षेत्र में बहती है। इसलिए ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस रखा गया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। सरकार ने वॉट्सएप के वेबसाइट पर इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। गृहमंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने कहा है कि अगर आप कंप्यूटर पर वॉट्सएप खुला छोड़ देते हैं, तो उससे डेटा लीक हो सकता है।
साइबर क्राइम यूनिट ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि वेब पर वॉट्सएप को साइबर ठग हैक कर पूरे अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं।
सरकार ने लोगों से कहा कि वे वॉट्सएप के वेब वर्जन पर ऑफिस, सरकारी, संवेदनशील सूचनाओं और पैसों से जुड़े जरूरी काम न करें।
हर बार काम खत्म होने के बाद अकाउंट को लॉग-आउट जरूर करें और साइबर कैफे जैसी जगहों पर इसके इस्तेमाल से बचें।
सरकार की एडवाइजरी
क्या-क्या खतरे हैं?
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की एडवाइजरी के मुताबिक, WhatsApp Web के लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल हो सकता है।
चैट पढ़ सकते हैं: साइबर अपराधी निजी बातचीत और ऑफिस की गोपनीय जानकारी देख सकते हैं।
आपकी पहचान से मैसेज भेज सकते हैं: आपके अकाउंट से अधिकारियों या सहकर्मियों को मैसेज भेज सकते हैं।
फर्जीवाड़ा कर सकते हैं: किसी अधिकारी के नाम पर पैसे मांगने या गलत निर्देश देने जैसे फ्रॉड कर सकते हैं।
ग्रुप और कॉन्टैक्ट तक पहुंच सकते हैं: ग्रुप की बातचीत और संपर्कों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
फिशिंग कर सकते हैं: आपके भरोसेमंद अकाउंट का इस्तेमाल कर दूसरों को फर्जी लिंक या मैसेज भेज सकते हैं।
ऐसा कैसे हो सकता है?
मान लीजिए आपने ऑफिस के कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब लॉगिन किया और काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद कर दिया। आपने लॉगआउट नहीं किया।
ऐसे में कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपके एक्टिव लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल कर सकता है।
इसी तरह, अगर कंप्यूटर में मालवेयर है या कोई दूसरा व्यक्ति उस पर नियंत्रण हासिल कर लेता है, तो आपका अकाउंट भी खतरे में पड़ सकता है।
गृह मंत्रालय ने क्या सावधानी बताई है?
संवेदनशील सरकारी या वित्तीय जानकारी वॉट्सएप वेब पर साझा न करें।
हर बार इस्तेमाल के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें।
ब्राउजर की Incognito या Private विंडो का इस्तेमाल करें।
साइबर कैफे, होटल या सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन न करें।
ब्राउजर और कंप्यूटर का सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।