Connect with us

छत्तीसगढ़

पुलिस ने 50 लाख से ज्यादा के मादक पदार्थ जलाए:जांजगीर-चांपा में 1 क्विंटल 921 किलो गांजा, 22 सिरप और 8,900 टैबलेट नष्ट

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने 50 लाख रुपए से अधिक कीमत के जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। इनमें 1 क्विंटल 921 किलो गांजा, नशीली सिरप की 22 बोतलें और 8,900 नशीली टैबलेट शामिल हैं। सभी मादक पदार्थों को चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) के औद्योगिक प्लांट की भट्ठी में जलाया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 27 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में की गई। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज मामलों के दौरान जब्त किए गए मादक पदार्थों को तय प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसमें मादक पदार्थों की जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी और जब्त सामग्री को नष्ट करना शामिल है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने आम लोगों से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने कहा है।

Continue Reading

कोरबा

सीईओ जिला पंचायत ने संविधान की उद्देशिका का कराया सामूहिक वाचन

Published

on

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत के सभागार में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

श्री जैन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपने संवैधानिक एवं प्रशासनिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल भाव को आत्मसात करते हुए जनसेवा एवं प्रशासनिक कार्यों में इन मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।

Continue Reading

कोरबा

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा में निकली जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली

Published

on

विद्यार्थी, शिक्षक,पंचायत कर्मी ,युवाओं सहित 500 से अधिक लोगों ने की सहभागिता

बाल विवाह रोकथाम के लिए ली गई सामूहिक शपथ

कलेक्टोरेट परिसर से घंटाघर ऑडिटोरियम तक निकाली गई जागरूकता रैली

कोरबा, 27 नवंबर 2026। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोरबा जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 27 नवंबर को बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन एवं हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों ने बाल विवाह उन्मूलन की आवश्यकता और इसके सामाजिक दुष्परिणामों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव श्रीमती सूरज कुमारी एवं एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री डिम्पल भेड़िया एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट सुश्री नीलू पटेल, एवं नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, सेक्टर पर्यवेक्षक तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण के लिए जागरूकता, सहभागिता और सामूहिक प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

शराब घोटाले मामले में धमतरी में ED की रेड:अपर कलेक्टर के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से पूछताछ, आरोपियों में नाम शामिल

Published

on

धमतरी, एजेंसी। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले को लेकर ED की टीम ने शुक्रवार को धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी के बंगले पर दबिश दी। टीम सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों में प्रशासनिक कॉलोनी पहुंची थी। बंगला नंबर E-3 में पिछले करीब 10 घंटे से जांच और पूछताछ चल रही है।

टीम उनके पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से भी पूछताछ कर रही है। नवीन प्रताप सिंह तोमर पहले डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं। इनपुट के मुताबिक, उनका नाम छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाले के आरोपियों में शामिल है।

ईडी ने अपर कलेक्टर के बंगले पर दी दबिश

जानकारी के मुताबिक, रुद्री थाना क्षेत्र की प्रशासनिक कॉलोनी में कई प्रशासनिक अधिकारी रहते हैं। इसी कॉलोनी में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी का बंगला है।

ईडी की टीम दो गाड़ियों में प्रशासनिक कॉलोनी पहुंची। इसमें वर्दीधारी जवानों समेत 10 सदस्य हैं। बंगले के बाहर सुरक्षा बल तैनात है और दरवाजा बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। टीम सुबह से ही घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को भी टीम ने अपने कब्जे में लिया है। इसके बाद परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। ED की यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है।

हालांकि, कार्रवाई और जांच में मिले सामान को लेकर ED की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल ED की टीम की जांच और पूछताछ जारी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677